चीनी कंपनियों के शेयरों में शुक्रवार की जोरदार गिरावट के बाद आज जबरदस्त रिकवरी देखने को मिल रही है. 24 अगस्त , सोमवार को बजाज हिंदुस्तान से लेकर द्वारिकेश शुगर तक कई शुगर स्टॉक सरसरा कर भागे जबकि कुछ कंपनियों के शेयरों ने कारोबार के दौरान अपना 52 वीक हाई लेवल भी छू लिया.
इस दौरान सबसे ज्यादा तेजी बजाज हिंदुस्तान शुगर में दिखी. कंपनी का शेयर 12% से ज्यादा चढ़ गया. वहीं द्वारिकेश शुगर में भी 10% से ज्यादा की तेजी आई. श्री रेणुका शुगर्स,त्रिवेणी इंजीनियरिंग और बलरामपुर चीनी मिल जैसे दूसरे शुगर शेयर भी मजबूती के साथ कारोबार करते नजर आए.
Bajaj Hindusthan में 12% से ज्यादा की छलांग
Bajaj Hindusthan Sugar के शेयर सोमवार को 12.4% तक चढ़कर 26 रुपये के स्तर पर पहुंच गए. यह कंपनी का 52 हफ्ते का नया हाई रहा. हालांकि, इसके बाद शेयर में थोड़ी प्रॉफिट बुकिंग नजर आई. 24 अगस्त को करीब 11 बजे शेयर 25.69 रुपये पर कारोबार कर रहा था. इस दौरान इसमें 11.07% यानी 2.56 रुपये की तेजी थी.
द्वारिकेश शुगर भी दौड़ा, 10% से ज्यादा उछला शेयर
द्वारिकेश शुगर इंडस्ट्रीज (Dwarikesh Sugar Industries) के शेयरों में भी आज जोरदार खरीदारी दिखी. 24 अगस्त को करीब 11:18 बजे तक शेयर 10.24% चढ़कर 59.12 रुपये पर पहुंच गया. यानी एक ही कारोबारी दिन में इसमें 5.49 रुपये की बढ़त दर्ज की गई.
डालमिया भारत शुगर एंड इंडस्ट्रीज (Dalmia Bharat Sugar and Industries)का शेयर भी हरे निशान में रहा. करीब 11 बजे कंपनी का शेयर 2.28% बढ़कर 509.30 रुपये पर कारोबार कर रहा था.
कई शुगर कंपनियों के शेयर नए हाई लेवल पर पहुंचे
आज की तेजी में कई शुगर कंपनियों के शेयर 52 हफ्ते के नए हाई तक पहुंच गए. इनमें अवध शुगर एंड एनर्जी,डालमिया भारत शुगर एंड इंडस्ट्रीज , धामपुर शुगर मिल, द्वारिकेश शुगर इंडस्ट्रीज,मगध शुगर एंड एनर्जी, मवाना शुगर्स, पोन्नी शुगर्स, उगार शुगर वर्क्स और उत्तम शुगर मिल शामिल रहे. इसके अलावा श्री रेणुका शुगर्स, ईआईडी पैरी इंडिया, त्रिवेणी इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रीज और बलरामपुर चीनी मिल के शेयर भी तेजी के साथ कारोबार करते दिखे. इन शेयरों में करीब 3% से 8% तक की बढ़त रही.
बीते दिन को क्यों धड़ाम हुए शुगर स्टॉक?
शुक्रवार को शुगर सेक्टर में माहौल बिल्कुल अलग था. सरकार ने 10 लाख टन कच्ची चीनी के ड्यूटी-फ्री आयात की मंजूरी दी थी. इस खबर के बाद शुगर शेयरों में बिकवाली शुरू हो गई.बलरामपुर चीनी मिल, बजाज हिंदुस्थान और डालमिया भारत शुगर जैसे बड़े शेयर 6.5% तक टूट गए थे. निवेशकों को डर था कि विदेश से चीनी आने पर घरेलू शुगर मिलों के मार्जिन और मुनाफे पर असर पड़ सकता है. हालांकि आज चीनी कंपनियों के शेयर फिर से तेजी के साथ ट्रैक पर लौट आए हैं..
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं