विज्ञापन
This Article is From Mar 20, 2025

शेयर मार्केट में लगातार चौथे दिन तेजी, सेंसेक्स 899 अंक उछला, निफ्टी 23,000 के पार

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी 283.05 अंक यानी 1.24 प्रतिशत बढ़कर एक बार फिर 23,000 के स्तर के ऊपर 23,190.65 अंक पर बंद हुआ.

शेयर मार्केट में लगातार चौथे दिन तेजी, सेंसेक्स 899 अंक उछला, निफ्टी 23,000 के पार

Stock Market: वैश्विक बाजारों के मिले-जुले संकेतों के बीच घरेलू स्तर पर दिग्गज कंपनियों में खरीदारी आने से गुरुवार को स्थानीय शेयर बाजार में लगातार चौथे सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए. सेंसेक्स में 899 अंकों की तेजी रही जबकि निफ्टी ने 283 अंकों की छलांग लगाई. विश्लेषकों ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में कटौती का अनुमान बरकरार रखने और दिग्गज शेयरों रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल और आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी से निवेशकों की धारणा को मजबूती मिली.

बीएसई के 30 शेयर पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 899.01 अंक यानी 1.19 प्रतिशत उछलकर 76,348.06 अंक पर बंद हुआ और फिर 76,000 के स्तर पर पहुंच गया. कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 1,007.2 अंक बढ़कर 76,456.25 पर पहुंच गया था.

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी 283.05 अंक यानी 1.24 प्रतिशत बढ़कर एक बार फिर 23,000 के स्तर के ऊपर 23,190.65 अंक पर बंद हुआ.

सेंसेक्स में सूचीबद्ध कंपनियों में से भारती एयरटेल, टाइटन, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंफोसिस, नेस्ले, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक और टाटा मोटर्स के शेयरों में खासी तेजी रही.

दूसरी तरफ इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए. इस बीच, अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने बुधवार को कहा कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था अब भी ब्याज दरों को अपरिवर्तित रखने के लिए पर्याप्त स्वस्थ दिखती है.

रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (खुदरा शोध) रवि सिंह ने कहा, ‘‘ फेडरल रिजर्व ने नीतिगत दर को 4.25-4.50 प्रतिशत के दायरे में रखने की घोषणा की. नीति निर्माताओं को इस साल दो बार दरों में कटौती की उम्मीद है. इस निर्णय का भारत में मुद्रा की चाल, पूंजी प्रवाह और बाजार की धारणा पर मिश्रित प्रभाव पड़ेगा. ''

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सकारात्मक दायरे में बंद हुआ, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में रहा. जापान का निक्की अवकाश के कारण बंद रहा. यूरोपीय शेयर बाजार दोपहर के सत्र में गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे. अमेरिकी बाजारों में बुधवार को उल्लेखनीय तेजी रही थी.

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, 'अमेरिकी डॉलर सूचकांक में लगातार गिरावट ने विदेशी निवेशकों की बिकवाली की तीव्रता कम की है जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी मजबूत बनी हुई है, जिससे हालिया तेजी को बढ़ावा मिला है.'

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) एक दिन की राहत के बाद बुधवार को एक बार फिर बिकवाल बन गए और उन्होंने 1,096.50 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,140.76 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.32 प्रतिशत बढ़कर 71.01 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. सेंसेक्स बुधवार को 147.79 अंक चढ़कर 75,449.05 अंक और निफ्टी 73.30 अंक बढ़कर 22,907.60 अंक पर पहुंच गया था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Stock Market, Stock Market Highlights, Stock Market Analysis, Stock Market Boom, Share Marekt
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com