विज्ञापन
21 days ago
नई दिल्ली:

Stock Market Live March 23: आज यानी, 23 मार्च की सुबह भारतीय शेयर बाजार के लिए ब्लैक मंडे साबित हुआ है. ग्लोबल मार्केट में भूचाल और मिडिल ईस्ट में हॉर्मुज संकट को लेकर बढ़ती अनिश्चितता के बीच शेयर बाजार में हाहाकार मच गया है. बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी ताश के पत्तों की तरह ढह गए.  BSE सेंसेक्स 1,773 अंक (2.38%) की भारी गिरावट के साथ 72,759 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 भी 562 अंक (2.44%) टूटकर 22,551 के लेवल पर आ गया है. इस सुनामी में घंटे भर में निवेशकों के 13 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए हैं.

ट्रंप के अल्टीमेटम और युद्ध के बढ़ते खतरों ने कच्चे तेल में उबाल ला दिया है, जिससे भारतीय रुपया भी अपने नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर फिसल गया है. क्या बाजार इस गिरावट से उबर पाएगा या बिकवाली और गहरी होगी? बाजार से जुड़ी पल-पल की हर बड़ी अपडेट के लिए जुड़े रहिए हमारे Stock Market Live ब्लॉग के साथ....

Stock Market Today March 23 Live Updates:
 

सेंसेक्स 1900 अंक टूटा, निफ्टी 22500 के करीब बंद

मिडिल ईस्‍ट वॉर के बीच हफ्ते के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुए. सेंसेक्‍स करीब 1900 अंक टूटा, जबकि निफ्टी 22,500 के नीचे बंद हुआ. 30 शेयरों वाला BSE सेंसेक्स 2.56% या 1,908 अंक गिरकर 72,624  पर बंद हुआ. वहीं एनएसई निफ्टी50 आज 2.60 प्रतिशत या 601.85 अंक गिरकर 22512.65 पर बंद हुआ.

Stock Market Live: PM मोदी के संबोधन के दौरान 150 अंक चढ़ा सेंसेक्‍स

पश्चिम एशिया संकट पर लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के दौरान शेयर मार्केट में आंशिक रिकवरी देखी गई. दोपहर 2 बजे जब पीएम मोदी की स्‍पीच शुरू हुई, तब सेंसेक्‍स 72,290 पर ट्रेड कर रहा था, वहीं दोपहर 2:25 बजे, जब उनका संबोधन समाप्‍त हुआ, तब सेंसेक्‍स 73,139 पर पहुंच गया. यानी 25 मिनट के दौरान सेंसेक्‍स करीब 150 अंक चढ़ गया. पीएम मोदी ने ये भी बताया कि मौजूदा एनर्जी संकट से उबरने के लिए हमारे पास कौन-से रास्‍ते हैं. (क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर) ऐसे में मार्केट में और रिकवरी होने की उम्‍मीद जताई जा रही है. 

Stock Market News Today Live: ईरान युद्ध के बीच कच्चे तेल की कीमतों में विस्फोट! ₹70 से ₹112 पहुंचा ब्रेंट क्रूड, MCX पर भी ₹9,300 के पार

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ईरान युद्ध की आहट ने ग्लोबल एनर्जी मार्केट  में खलबली मचा दी है. सोमवार को कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर जोरदार तेजी देखी गई, जिससे भारत जैसी अर्थव्यवस्थाओं के लिए चिंता बढ़ गई है.जब से मिडिल ईस्ट में संघर्ष शुरू हुआ है, ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) की कीमतों में 60% से ज्यादा की तेजी आ चुकी है. जो तेल करीब $70 प्रति बैरल पर मिल रहा था, उसकी कीमत सोमवार को उछलकर $112 प्रति बैरल के करीब पहुंच गई है. पिछले केवल 30 दिनों के भीतर ही कच्चे तेल के दाम लगभग 56% बढ़ गए हैं.

MCX पर भी इसका असर साफ दिख रहा है. मई वायदा के लिए कच्चे तेल की कीमत 3% से ज्यादा बढ़कर ₹9,310 प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गई है. वहीं, अमेरिका का WTI क्रूड भी पिछले सत्र में 2% की बढ़त के साथ $98.75 प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर युद्ध और लंबा खिंचता है, तो कच्चे तेल की ये बढ़ती कीमतें पूरी दुनिया में महंगाई का नया रिकॉर्ड बना सकती हैं.

Stock Market Crash Live :मार्च महीने में हुई सबसे बड़ी तबाही,10% टूटा निफ्टी,ऑल-टाइम हाई से 3700 पॉइंट नीचे

Stock Market News Today Live Updates:हैरान करने वाली बात यह है कि सिर्फ इस मार्च महीने में ही निफ्टी 10% से ज्यादा गिर चुका है. अगर हम इसके ऑल-टाइम हाई से तुलना करें, तो बाजार अब तक 14% (यानी 3,700 पॉइंट) से ज्यादा का गोता लगा चुका है. ग्लोबल मार्केट में 'रिस्क-ऑफ' मोड के चलते निवेशक तेजी से अपना पैसा सेफ हेवन की ओर ले जा रहे हैं, जिससे घरेलू मार्केट का करेक्शन और गहरा होता जा रहा है.

Stock Market News Today Live:शेयर बाजार में कोरोना काल जैसी गिरावट

भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को आई गिरावट ने निवेशकों को मार्च 2020 ,कोरोना काल की याद दिला दी है. मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच दोपहर 12:45 बजे तक बाजार में 'पैनिक सेलिंग' का ऐसा दौर चला कि निफ्टी 600 पॉइंट (2.6%) से ज्यादा टूटकर 22,500 के नीचे चला गया. वहीं, सेंसेक्स भी 1,800 अंकों (2.44%) की भारी गिरावट के साथ 72,718 के स्तर पर आ गया. यह निफ्टी का 9 अप्रैल 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर है.

Stock Market Crash Live: विदेशी निवेशकों ने 16 दिनों में निकाले ₹1 लाख करोड़, ईरान युद्ध ने बढ़ाई बाजार की मुसीबत

भारतीय शेयर बाजार में मचे हाहाकार के पीछे एक बड़ी वजह विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) की  तेज हो रही बिकवाली है. पिछले 16 सत्रों से विदेशी निवेशक लगातार बाजार से पैसा निकाल रहे हैं और 25 फरवरी से 20 मार्च के बीच उन्होंने करीब ₹1 लाख करोड़ के शेयर बेच दिए हैं. इस जबरदस्त बिकवाली के कारण निफ्टी 50 और सेंसेक्स में 9% से 9.5% तक की भारी गिरावट आ चुकी है. हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने पिछले 18 दिनों से लगातार खरीदारी कर बाजार को सहारा देने की कोशिश की है, लेकिन ईरान युद्ध के चलते विदेशी निवेशकों का भरोसा डगमगा गया है. 28 फरवरी से शुरू हुए अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष ने पूरी दुनिया को हिला कर रख दिया है.

Stock Market Live: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने का असर! कच्‍चे तेल की कीमतों में 10% की तेजी का अनुमान: गोल्‍डमैन सैश

दुनिया के बड़े इन्वेस्टमेंट बैंक गोल्डमैन सैश ने 2026 के लिए कच्चे तेल की कीमतों के अनुमान में 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की है. इसकी वजह ईरान के पास मौजूद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने से कच्चे तेल की आपूर्ति बाधित होना है.गोल्डमैन सैश में एनालिस्ट डैन स्ट्रुवेन ने कहा कि 2026 में ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स का दाम औसत 85 डॉलर प्रति बैरल रहने की उम्मीद है, जो कि पहले के अनुमान 77 डॉलर प्रति बैरल से 10.38 प्रतिशत अधिक है.

डब्ल्यूटीआई क्रूड का दाम औसत 79 डॉलर प्रति बैरल रहने का अनुमान है, जो कि पिछले अनुमान 72 डॉलर प्रति बैरल से 9.72 प्रतिशत अधिक है.

Stock Market Live March 23: बाजार में गिरावट के बीच निफ्टी 22,500 पर आया

Stock Market Crash Live: होर्मुज संकट और मिडिल ईस्ट युद्ध के बीच सेंसेक्स 1800 अंक से ज्यादा टूटा

Stock Market Crash Today Live: आखिर क्यों धड़ाम हुआ शेयर बाजार? ये हैं गिरावट की 5 बड़ी वजहें

शेयर बाजार में आज मचे कोहराम ने निवेशकों को हिलाकर रख दिया है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, यह गिरावट किसी एक कारण से नहीं बल्कि ग्लोबल लेवल पर कई संकटों का नतीजा है. 

शेयर बाजार गिरने के 5 प्रमुख कारण


मिडिल ईस्ट में बढ़ता तनाव: पश्चिम एशिया में चल रहा युद्ध अब चौथे हफ्ते में प्रवेश कर गया है और शांति के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं. अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ती तल्खी ने निवेशकों को डरा दिया है, जिससे वे अपना पैसा निकाल रहे हैं.

ट्रंप का 48 घंटे का अल्टीमेटम: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' खोलने के लिए दिए गए 48 घंटे के अल्टीमेटम ने आग में घी का काम किया है. इस चेतावनी से युद्ध के और बड़े स्तर पर फैलने की आशंका बढ़ गई है.

कच्चे तेल की कीमतों में 'आग': इस महीने कच्चे तेल की कीमतें 50% से ज्यादा बढ़ चुकी हैं. ब्रेंट क्रूड $112.94 के पार है. आईईए (IEA) के मुताबिक, यह संकट 1970 के दशक के ऑयल शॉक से भी ज्यादा खतरनाक हो सकता है.


रुपये की एतिहासिक गिरावट: डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 93.84 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है. कमजोर रुपया भारत के लिए आयात  को महंगा बना देता है, जिससे देश में महंगाई बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है.

सोना-चांदी क्रैश: यह गिरावट सिर्फ शेयरों तक सीमित नहीं है. सुरक्षित माने जाने वाले सोने और चांदी में भी शेयरों से ज्यादा बड़ी गिरावट देखी जा रही है. निवेशक हर जगह से पैसा निकालकर कैश जुटाने की कोशिश कर रहे हैं.

Silver Price Crash: ईरान युद्ध के बीच चांदी अचानक ₹24000 सस्ती

Stock Market Live : HDFC बैंक में मची तबाही, चेयरमैन के इस्तीफे और 'बॉन्ड घोटाले' के आरोपों से 18% टूटा शेयर

शेयर बाजार की इस सुनामी में बैंकिंग दिग्गज HDFC बैंक के शेयरों में जबरदस्त गिरावट देखी जा रही है. सोमवार सुबह के कारोबार में बैंक का शेयर 3.39% टूटकर ₹754 के स्तर पर आ गया, जो इसके 52-हफ्ते का नया निचला स्तर (₹752.85) है. पिछले एक महीने में यह शेयर 18% से ज्यादा साफ हो चुका है. इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह बैंक के भीतर चल रहा 'गवर्नेंस संकट' है. चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने  इस्तीफा दे दिया है, जिसके बाद केकी मिस्त्री को अंतरिम चेयरमैन बनाया गया है.

गिरावट की दूसरी बड़ी वजह बैंक के विदेशी ऑपरेशन्स में सामने आई गड़बड़ियां हैं. बैंक ने Credit Suisse AT-1 बॉन्ड्स की मिस-सेलिंग के मामले में तीन सीनियर अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है. इस मामले में दुबई फाइनेंशियल सर्विसेज अथॉरिटी ने बैंक पर नए ग्राहक जोड़ने पर पाबंदी लगा दी है और बैंक को कानूनी मुकदमों का भी सामना करना पड़ रहा है. हालांकि, एक्सिस सिक्योरिटीज जैसे ब्रोकरेज हाउस ने अब भी ₹1,020 के टारगेट के साथ 'Buy' रेटिंग बरकरार रखी है, लेकिन बाजार के जानकारों का कहना है कि जब तक लीडरशिप और रेगुलेटरी मुद्दों पर स्थिति साफ नहीं होती, शेयर पर दबाव बना रहेगा.

Stock Market Live March 23: सेंसेक्स 2 साल पीछे, शेयर बाजार में कोहराम

दलाल स्ट्रीट पर आज हाहाकार मचा है. BSE सेंसेक्स 1,773 अंक (2.38%) से ज्यादा टूटकर 72,700 के स्तर पर आ गया है.  यह गिरावट बाजार को लगभग 2 साल पीछे ले गई है. बैंकिंग, ऑटो और मेटल सेक्टर्स में निवेशकों के अरबों रुपये पल भर में साफ हो गए हैं. निफ्टी भी 22,600 के  स्तर से नीचे ट्रेड कर रहा है.

Share Market Live :ट्रंप की 'वॉर्निंग' का असर: शेयर, सोना और रुपया... सब एक साथ धराशायी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को दिए गए 48 घंटे के अल्टीमेटम ने आज भारतीय फाइनेंशियल मार्केट की कमर तोड़ दी है. ट्रंप की इस एक धमकी ने निवेशकों के मन में तीसरे विश्व युद्ध और ग्लोबल एनर्जी क्राइसिस का ऐसा डर बैठाया है कि शेयर बाजार से लेकर कमोडिटी मार्केट तक, हर जगह चीख-पुकार मची हुई है.

Silver Price Crash:चांदी में आई ₹14,495 की बड़ी गिरावट

चांदी की चमक तो आज पूरी तरह फीकी पड़ गई है. MCX पर चांदी के 5 मई 2026 के कॉन्ट्रैक्ट का दाम ₹14,495 (6.39%) कम होकर 2,12,277 रुपये प्रति किलो पर आ गया है. आज के निचले स्तरों पर चांदी ₹2,11,086 तक लुढ़क गई थी. ग्लोबल मार्केट में मंदी के डर और इंडस्ट्रियल डिमांड में कमी की आशंका ने चांदी की कीमतों को अर्श से फर्श पर ला दिया है.

Gold Price Crash: सोना हुआ ₹7,600 से ज्यादा सस्ता

MCX पर सोने के 2 अप्रैल 2026 के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत ₹7,619 (5.27%) की भारी गिरावट के साथ 1,36,873 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गई है. आज के कारोबार के दौरान सोने ने ₹1,36,403 का निचला स्तर भी छुआ. बाजार के जानकारों का मानना है कि निवेशक सोने में जमकर बिकवाली कर रहे हैं.

Stock Market Live Update: शेयर बाजार क्रैश, सोने-चांदी भी लुढ़का

शेयर बाजार में मचे कोहराम के बीच कमोडिटी मार्केट (MCX) पर सोने और चांदी की कीमतों में आज सोमवार को भयंकर गिरावट दर्ज की गई है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी के दाम बुरी तरह टूट गए हैं, जिससे निवेशकों में हड़कंप मच गया है.

Stock Market Crash Live: एशियाई बाजारों में कोहराम: दक्षिण कोरिया में ट्रेडिंग रुकी, जापान-चीन के बाजार भी लुढ़के

ग्लोबल मार्केट में डर का माहौल इस कदर हावी है कि पूरे एशिया के शेयर बाजारों में सुनामी आई हुई है. दक्षिण कोरिया में हालात इतने खराब हो गए कि 'कोस्पी 200 फ्यूचर्स' में 5% से ज्यादा की गिरावट के बाद वहां ट्रेडिंग को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा. दक्षिण कोरिया का मुख्य इंडेक्स 'कोस्पी' 5.8% और 'कोस्डाक' करीब 5% तक गिर चुका है.

सिर्फ कोरिया ही नहीं, बल्कि जापान का Nikkei 225 भी 3.5% और हांगकांग का Hang Seng 3.4% नीचे ट्रेड कर रहा है. चीन के शंघाई कंपोजिट में 2.5% और ऑस्ट्रेलिया के बाजार में 0.8% की कमजोरी देखी जा रही है. 

Stock Market Live Updates: गिरते बाजार में भी इन शेयरों ने दिखाई तेजी

इतनी बड़ी गिरावट के बावजूद कुछ चुनिंदा शेयर बाजार को सहारा देने की कोशिश कर रहे हैं. HCLTech 0.91% की बढ़त के साथ हरे निशान में है, वहीं Sun TV (0.85%), ONGC (0.79%), GMDC (0.39%) और Blue Jet Healthcare (0.2%) में मामूली तेजी देखी जा रही है. हालांकि, बाजार के ओवरऑल सेंटीमेंट को देखते हुए यह बढ़त फिलहाल ऊंट के मुंह में जीरे के समान है.

Stock Market Live Updates: इन शेयरों में मची सबसे ज्यादा तबाही

बिकवाली की इस आंधी में JP Power के शेयर सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं, जो 7.64% तक लुढ़क गए हैं. इसके अलावा Petronet LNG में 6.35%, Hindustan Copper में 6.07% और Brainbees में 5.86% की भारी गिरावट दर्ज की गई है. इन शेयरों में आई इस बड़ी गिरावट ने छोटे निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है.

Stock Market Live Updates: निफ्टी 500 में चौतरफा बिकवाली; JP Power और Petronet LNG के शेयर 7% तक टूटे

शेयर बाजार में गिरावट का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसका असर अब NSE Nifty 500 इंडेक्स पर साफ दिख रहा है. दिग्गज शेयरों के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप सेगमेंट की कंपनियों में भी निवेशकों ने आज हाथ खींच लिए हैं. पूरे बाजार में बिकवाली का दबाव इतना ज्यादा है कि निफ्टी 500 के ज्यादातर शेयर लाल निशान में ट्रेड कर रहे हैं.

Stock Market Crash Live: मिडिल ईस्ट का तनाव से कच्चा तेल $112 के पार

कच्चे तेल (Brent Crude) की कीमतों में हल्की नरमी देखी गई है और यह $108.02 प्रति बैरल पर आ गया है. हालांकि, यह राहत बहुत मामूली है क्योंकि आज सुबह ही यह $112 के ऊंचे स्तर तक जा चुका था. वहीं, अमेरिकी तेल (WTI Crude) भी $98.17 पर बना हुआ है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि जब तक मिडिल ईस्ट का तनाव कम नहीं होता, तेल की कीमतें भारतीय अर्थव्यवस्था और रुपये पर दबाव बनाए रखेंगी.

Stock Market Crash Live: रुपया अब तक के सबसे निचले स्तर पर! डॉलर के मुकाबले 93.94 के पार पहुंचा भाव

Rupee hits Record low: शेयर बाजार में मची तबाही के बीच भारतीय रुपये की हालत भी पस्त हो गई है. आज डॉलर के मुकाबले रुपया 12 पैसे की कमजोरी के साथ 93.83 पर खुला था, लेकिन बाजार में बढ़ते तनाव के कारण यह 23 पैसे तक टूटकर 93.94 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है.

Stock Market Crash Live:मिडकैप और स्मॉलकैप भी धराशायी

सिर्फ लार्जकैप ही नहीं, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप सेगमेंट में भी निवेशकों को भारी चपत लगी है...

निफ्टी मिडकैप 100: यह इंडेक्स 1,248 अंक (2.28%) की बड़ी कमजोरी के साथ 53,607 के स्तर पर आ गया है.

निफ्टी स्मॉलकैप 100: इसमें भी 387 अंक (2.48%) की भारी गिरावट देखी जा रही है और यह 15,331 के स्तर पर ट्रेड कर रहा है.

Stock Market Live Update: बाजार में चौतरफा हाहाकार! मेटल और PSU बैंक शेयर सबसे ज्यादा टूटे

Stock Market Crash Today शेयर बाजार में आज बिकवाली की ऐसी आंधी चली है कि कोई भी सेक्टर इससे बच नहीं पाया है. शुरुआती कारोबार में ही बाजार में चौतरफा गिरावट देखी जा रही है. निवेशकों के मन में डर ऐसा है कि दिग्गज शेयरों के साथ-साथ छोटे और मझोले शेयरों में भी भारी बिकवाली हो रही है.बाजार के लगभग सभी इंडेक्स आज लहूलुहान हैं. मेटल, पीएसयू बैंक और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स आज के 'टॉप लूजर्स'बनकर उभरे हैं. इसके अलावा रियल्टी, डिफेंस, आईटी, हेल्थकेयर, एनर्जी, इन्फ्रा, मीडिया और सर्विसेज जैसे सेक्टर्स भी गहरे लाल निशान में ट्रेड कर रहे हैं.

Stock Market Live Update: ट्रंप का वो 'खतरनाक' अल्टीमेटम जिसने मचाई तबाही

शेयर बाजार में आई इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह ट्रंप का सोशल मीडिया पोस्ट है. ट्रंप ने ईरान को हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) खोलने के लिए महज 48 घंटे का समय दिया है. उन्होंने दो टूक चेतावनी दी है कि अगर ईरान ने बात नहीं मानी, तो उसके एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को मिटा दिया जाएगा. ट्रंप की इस धमकी ने पूरी दुनिया में युद्ध और तेल संकट की दहशत फैला दी है.

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com