Stock Market 26 May 2026: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को दमदार शुरुआत के बाद आज शेयर मार्केट में आज मंगलवार को मामूली गिरावट देखी जा रही है. ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार के बेंचमार्क इंडेक्स सपाट खुले. निफ्टी करीब 50 अंक फिसलकर 24,000 के लेवल से नीचे आ गया. बाद में हल्के सुधार के बावजूद सोमवार के स्तर से इसमें गिरावट देखी गई. वहीं सेंसेक्स सुबह 9:28 बजे 37 अंकों की गिरावट के साथ 76,451 पर कारोबार करता दिखा.
हालांकि सपाट शुरुआत के बाद मार्केट संभलता दिखा. सुबह करीब 9:42 बजे सेंसेक्स 104 अंक के उछाल के साथ 76,593 के करीब ट्रेड करता दिखा. वहीं निफ्टी 25 अंकों या 0.11 फीसदी की तेजी के साथ 24,056 पर ट्रेड करता दिखा.
प्री ओपन में BSE सेंसेक्स 75.55 अंक या 0.10 प्रतिशत गिरकर 76,413.41 पर ट्रेड करता दिखा, जबकि NSE निफ्टी 59.10 अंक या 0.25 प्रतिशत गिरकर 23,972.60 पर ट्रेड करता दिखा.

इससे पहले ग्लोबल मार्केट से हल्की गिरावट के संकेत मिले थे. सुबह करीब 8:30 बजे गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) 0.33% या 77 अंकों की गिरावट के साथ 24,050 के करीब ट्रेड करता दिखा था. एक्सपर्ट्स कच्चे तेल की कीमतें नरम बनी रहने और रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर से उबरने की उम्मीद के बीच मार्केट में बढ़त की संभावना देख रहे हैं.
कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार सपाट खुला. सेंसेक्स 264.82 अंक या 0.35 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,224.14 और निफ्टी 27.60 अंक या 0.11 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,004.10 पर था.
कौन-से सेक्टर्स लाल निशान में, हरे में कौन?
शुरुआती कारोबार में बाजार पर दबाव बनाने का काम ऑयल एंड गैस सेक्टर कर रहे थे. सूचकांकों में निफ्टी ऑयल एंड गैस टॉप लूजर था. इसके बाद निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, निफ्टी इन्फ्रा, निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी ऑटो, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी कंज्प्शन, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी मेटल, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज और निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग लाल निशान में थे.
इसके अलावा निफ्टी मीडिया, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी आईटी हरे निशान में थे. लार्जकैप के उलट मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी देखी गई. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 81.35 अंक या 0.13 प्रतिशत की मजबूती के साथ 62,047.95 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 101 अंक या 0.56 प्रतिशत की बढ़त के साथ 18,303 पर था.
अदाणी पोर्ट्स समेत इन शेयरों में उछाल
सेंसेक्स पैक में टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, टीसीएस, बीईएल, एसबीआई, एचसीएल टेक, अदाणी पोर्ट्स, एचडीएफसी बैंक, एचयूएल, मारुति सुजुकी और टाटा स्टील गेनर्स थे. इंडिगो, भारती एयरटेल, सन फार्मा, टाइटन, ट्रेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, इटरनल, एमएंडएम, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, एलएंडटी और आईटीसी लूजर्स थे.
वैश्विक बाजार का हाल और गिरावट की वजह
ज्यादातर एशियाई बाजारों में कमजोरी के साथ कारोबार हो रहा है. टोक्यो, शंघाई, जकार्ता और मनीला के बाजारों में गिरावट थी. वहीं, हांगकांग और सोल हरे निशान में थे. अमेरिकी शेयर बाजार राष्ट्रीय छुट्टी के कारण बंद रहे थे.
बाजारों में गिरावट की वजह अमेरिका द्वारा ईरान में पर हॉर्मुज स्ट्रेट के पास हमले करने को माना जा रहा है. अमेरिका ने कहा है कि उसने हॉर्मुज स्ट्रेट के पास माइन्स बिछा रही छोटी बोट्स को निशाना बनाया. हालांकि, दोनों देशों के बीच शांति के लिए वार्ता लगातार चल रही है.
इससे कच्चे तेल में तेजी देखने को मिली है. ब्रेंट क्रूड 1.74 प्रतिशत की मजबूती के साथ 95.05 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.48 प्रतिशत की तेजी के साथ 91.65 डॉलर प्रति बैरल पर था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं