घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को सकारात्मक शुरुआत देखने को मिली. शुरुआती कारोबार में प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक हरे निशान पर कारोबार करते नजर आए. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 बेहद मामूली 0.1% की तेजी के साथ 24,357.05 के स्तर पर कारोबार करता दिखा, जबकि बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स (Sensex) 273 अंकों की मजबूती के साथ 77,929.64 के लेवल पर ट्रेड करता दिखा. बाजार में ये बढ़त मुख्य रूप से चुनिंदा शेयरों में खरीदारी और वैश्विक संकेतों के बीच दर्ज की गई है.
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुझान
एशियाई बाजारों में आज मिला-जुला कारोबार देखने को मिल रहा है. दक्षिण कोरिया का कोस्पी (Kospi) 0.24% की बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं. इसके विपरीत, जापान का निक्केई 225 (Nikkei 225) 0.35% नीचे आया, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट (Shanghai Composite) मामूली गिरावट के साथ स्थिर नजर आया. दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी/एएसएक्स 200 (S&P/ASX 200) 0.53% की बढ़त दिखा रहा.
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में लगातार तीसरे सत्र में गिरावट दर्ज की गई है. ईरान और ओमान के बीच हॉर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही को सामान्य बनाने के लिए एक 'अंतरिम फ्रेमवर्क' पर चर्चा के बाद तेल के दाम नरम पड़े हैं. ब्रेंट क्रूड लुढ़ककर 87 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गया है, जिससे इस हफ्ते इसके कुल नुकसान में करीब 8% की कमी आई है. वहीं, डब्ल्यूटीआई क्रूड (WTI) 81 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो निवेशक शुक्रवार को वायोमिंग में होने वाले फेडरल रिजर्व के वार्षिक जैक्सन होल संगोष्ठी में फेड चेयरमैन के भाषण का भी इंतजार कर रहे हैं. सितंबर में आने वाले अमेरिकी केंद्रीय बैंक के नीतिगत फैसले से पहले इस भाषण को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं