विज्ञापन

Qualcomm Layoffs: नौकरी जाने का नहीं हुआ दुख, उल्टा खुश हुआ कर्मचारी! जानिए IITian इंजीनियर की कहानी क्यों है खास

Qualcomm Layoffs: क्वालकॉम के एक आईआईटियन इंजीनियर ने रेडिट पर बताया कि खराब वर्क कल्चर के कारण वह खुद नौकरी छोड़ना चाहते थे. कंपनी की छंटनी में उनका नाम शामिल हो गया और सेवरेंस पैकेज, बोनस और दूसरे भुगतान मिलाकर उन्हें करीब 15 महीने की सैलरी के बराबर पैसा मिलने की उम्मीद है. फिलहाल वह नई नौकरी तलाशने के बजाय परिवार के साथ समय बिताना चाहते हैं.

Qualcomm Layoffs: नौकरी जाने का नहीं हुआ दुख, उल्टा खुश हुआ कर्मचारी! जानिए IITian इंजीनियर की कहानी क्यों है खास
नौकरी गई तो इंजीनियर की हुई बल्ले-बल्ले, 15 महीने की सैलरी के बराबर मिलेगा पैसा
NDTV

Qualcomm Layoffs: आमतौर पर नौकरी से निकाले जाने की खबर किसी भी कर्मचारी के लिए झटके से कम नहीं होती, लेकिन दिग्गज चिपमेकर कंपनी क्वालकॉम (Qualcomm) के एक इंजीनियर के लिए कंपनी का यह फैसला किसी राहत से कम नहीं रहा. आईआईटियन से पढ़ाई कर चुके इस इंजीनियर ने बताया कि वह खुद अपनी नौकरी छोड़ने के बारे में सोच रहे थे. ऐसे में कंपनी की छंटनी उनके लिए एक अच्छा मौका बनकर आई. सबसे खास बात यह है कि नौकरी जाने के बाद उन्हें करीब 15 महीने की सैलरी के बराबर पैसा मिलेगा. 

इंजीनियर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर अपनी कहानी शेयर की है. उन्होंने बताया कि कंपनी में काम करने का माहौल उनके लिए काफी मुश्किल हो गया था. वह रोजाना नौकरी छोड़ने के बारे में सोचते थे. ऐसे में जब क्वालकॉम में छंटनी की खबर आई तो उन्हें लगा कि यह कंपनी से बाहर निकलने का सही मौका है.

टीम बदलना पड़ा भारी, काम के माहौल से हुए परेशान

इंजीनियर के मुताबिक, करीब 6 महीने पहले उन्होंने कंपनी के अंदर ही दूसरी टीम में ट्रांसफर लिया था. वह दूसरे शहर में शिफ्ट हुए थे, ताकि घर के नजदीक रहकर काम कर सकें. लेकिन नई टीम में जाने के बाद उनका अनुभव अच्छा नहीं रहा. उन्होंने बताया कि नई टीम में सहयोग की कमी थी और छोटी-छोटी बातों पर उनकी आलोचना की जाती थी. यहां तक कि उनके इंटरव्यू लेने वाले शख्स ने भी उनके स्किल और इंटरव्यू को खराब बताया था. इंजीनियर का कहना है कि वह नई चीजें सीखने के लिए तैयार थे, लेकिन टीम से उन्हें जरूरी सहयोग नहीं मिला. उन्होंने रेडिट पर लिखा कि पिछली टीम में उनका प्रदर्शन अच्छा था, लेकिन नई टीम में आने के बाद उनका आत्मविश्वास कम होने लगा. काम का दबाव और खराब व्यवहार उनके लिए परेशानी का कारण बन गया था.

छंटनी की खबर सुनकर मैनेजर से खुद मांगी नौकरी से छुट्टी

इंजीनियर के मुताबिक, क्वालकॉम के सीईओ क्रिस्टियानो एमोन की ओर से कर्मचारियों को छंटनी की योजना के बारे में जानकारी दी गई. यह खबर मिलते ही उन्होंने इसे कंपनी छोड़ने के मौके के तौर पर देखा. उन्होंने बताया कि उसी दिन उन्होंने अपने डायरेक्टर और मैनेजर से अनुरोध किया कि छंटनी के दौरान उनका नाम भी शामिल किया जाए। उस समय मैनेजर ने उनकी बात नोट करने का आश्वासन दिया. कुछ दिन बाद उन्हें ऑफिशियली नौकरी से निकाले जाने की सूचना मिल गई. 

15 महीने की सैलरी के बराबर मिलेगी आर्थिक सुरक्षा

इंजीनियर के मुताबिक, कंपनी की ओर से मिलने वाले सेवरेंस पैकेज और दूसरी रकम को मिलाकर उन्हें करीब 15 महीने की सैलरी के बराबर आर्थिक सुरक्षा मिलेगी. इसमें 3 महीने की सामान्य सेवरेंस पे, 3 दिन के अंदर जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी करने पर एक महीने की अतिरिक्त सैलरी और कंपनी में काम करने की अवधि के आधार पर 5 महीने की सैलरी शामिल है. इसके अलावा, उन्हें 2 महीने का रिलोकेशन बोनस भी वापस नहीं करना होगा. इंजीनियर को अपनी बची हुई छुट्टियों के बदले भी पैसे मिलेंगे. साथ ही जनवरी के अंत तक रेगुलर सैलरी मिलने की उम्मीद है. इन सभी रकम को जोड़कर उन्होंने अनुमान लगाया है कि उनके पास करीब 15 महीने तक बिना नौकरी के भी आर्थिक रूप से सुरक्षित रहने का इंतजाम होगा.

अब परिवार के साथ बिताएंगे समय, फिर करेंगे नई नौकरी की तैयारी

इंजीनियर ने कहा कि फिलहाल उनकी नई नौकरी तलाशने की कोई जल्दी नहीं है. वह पहले परिवार और करीबी दोस्तों के साथ समय बिताना चाहते हैं। इसके बाद पढ़ाई, इंटरव्यू की तैयारी और नई नौकरी के लिए आवेदन करने पर ध्यान देंगे. उनका कहना है कि छंटनी का समय उनके लिए बिल्कुल सही रहा। अब उन्हें बिना किसी जल्दबाजी के आगे की योजना बनाने का मौका मिल गया है.

Qualcomm में कितने कर्मचारियों की जा सकती है नौकरी?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्वालकॉम करीब 7 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी करने की योजना बना रही है. कंपनी में लगभग 52,000 कर्मचारी काम करते हैं. ऐसे में करीब 3,600 कर्मचारियों की नौकरी प्रभावित हो सकती है. भारत में भी लगभग 1,000 कर्मचारियों पर इस छंटनी का असर पड़ने की आशंका जताई गई है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Layoff
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com