पिछले कुछ सालों से लगातार रॉकेट की रफ्तार से भाग रहे पुणे के प्रॉपर्टी बाजार में अब एक बड़ा बदलाव आया है. एनरॉक ने देश के 7 बड़े शहरों की प्रॉपर्टी को लेकर एक रिपोर्ट जारी की है. इसके अनुसार पुणे में रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी की सेल में लगभग 15% की गिरावट आई है. लेकिन कहानी में ट्विस्ट यहीं खत्म नहीं होता. एक तरफ जहां टोटल सेल में कमी आई, वहीं दूसरी तरफ डेवलपर्स के मिड और प्रीमियम सेगमेंट में नए प्रोजेक्ट्स की लॉन्चिंग दमदार हो रही है. ऐसे में अगर आप पुणे में प्रॉपर्टी लेना चाहते हैं, तो इस खबर को पूरी पढ़िएगा.
एनरॉक की रिपोर्ट को लेकर रियल एस्टेट एक्सपर्ट राहुल श्रीवास्तव ने भी हामी भरी. उन्होंने बताया कि कोविड के बाद से देशभर के बड़े शहरों में एक अलग सोच दिख रही है. ग्राहक अब कई साल की आगे की सोचकर फ्लैट्स में पैसा लगा रहे हैं.
सेल में 15% की गिरावट, पैनिक की जरूरत क्यों नहीं?
एनरॉक की रिपोर्ट के अनुसार, पुणे में घरों की सेल में आई 15% की गिरावट असल में बाजार के क्रैश होने की वजह से नहीं है, बल्कि ये एक कंसॉलिडेशन फेज यानी बाजार के स्टेबल होने का प्रोसेस है. कोविड के बाद साल 2021 से 2025 के बीच पुणे में प्रॉपर्टी की कीमतें तेजी से बढ़ी थीं. बढ़ती ब्याज दरों, महंगाई और महंगे होते मकानों की वजह से पहली बार घर खरीदने वाले अब अलर्ट हैं. खरीदार अब जल्दबाजी में फैसला नहीं ले रहे, अब वो बाजार को समझने, रिसर्च करने और शानदार डील का इंतजार कर रहे हैं, जिसकी वजह से सेल्स वॉल्यूम में ये कमी दिख रही है.
मिड और प्रीमियम सेगमेंट में नए लॉन्चेस की बाढ़
इस रिपोर्ट की सबसे बड़ी बात ये है कि सेल घटने के बावजूद बिल्डर्स परेशान नहीं हैं. नए प्रोजेक्ट्स की लॉन्चिंग के मामले में मिड-प्रीमियम यानी 50 लाख से 1 करोड़ रुपये और प्रीमियम, 1 करोड़ से 2.5 करोड़ रुपये या उससे ऊपर के सेगमेंट अब लीड कर रहा है. डेवलपर्स अब छोटे और सस्ते फ्लैट्स को छो़ड़ बड़े और लग्जरी स्पेस वाले फ्लैट्स लॉन्च कर रहे हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि पुणे के खरीदारों की सोच बदल रही है. आज खरीदार सिर्फ चार दीवारें नहीं चाहता, बल्कि उसे बड़े कमरों के साथ मॉडर्न एमिनिटीज, जैसे क्लब हाउस, स्विमिंग पूल, वर्क-फ्रॉम-होम फ्रेंडली स्पेस और ग्रीन सराउंडिंग्स चाहिए.
खरीदारों ने क्यों बदली अपनी सोच?
- पुणे मेट्रो का फैलना, रिंग रोड और नए लॉजिस्टिक्स व आईटी कॉरिडोर्स ने हिंजवड़ी, बानेर, बालेवाड़ी, वाकड़ और खराड़ी जैसे इलाकों में प्रीमियम घरों की डिमांड को बढ़ाया है.
- पुणे के आईटी और ऑटोमोबाइल सेक्टर में काम करने वाले हाई-अर्निंग प्रोफेशनल्स अब अपने लाइफस्टाइल को अपग्रेड करने के लिए बड़े और प्रीमियम घरों में पैसा लगाना चाह रहे हैं.
- कई माइक्रो-मार्केट्स में नई इन्वेंट्री सप्लाई बढ़ने से अब खरीदारों के पास मोल-भाव करने का अच्छा मौका है. इतना ही नहीं डेवलपर्स भी खरीदारों को खुश करने के लिए ऑफर्स और कस्टमाइज्ड पेमेंट प्लान दे रहे हैं.
घर खरीदारों और निवेशकों के लिए सलाह?
खरीदारों के फैसले को लेकर हमने रियल एस्टेट एक्सपर्ट राहुल श्रीवास्तव से बात की. उन्होंने बताया कि, अगर आप पुणे में घर खरीदने का प्लान कर रहे हैं, तो ये सौदा अच्छा साबित हो सकता है. अभी सेल कम है तो प्राइस ज्यादा नहीं है. साथ में नए लॉन्चेस की वजह से आपके पास कई ऑप्शन खुले हैं. ऐसे में रेट बढ़ने से पहले एक अच्छा निवेश यहां बनता हुआ दिख रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं