- EPFO अप्रैल 2026 में नया मोबाइल ऐप लॉन्च करेगा जिसमें UPI से सीधे बैंक खाते में पीएफ पैसा ले पाएंगे
- इस ऐप के जरिए उपयोगकर्ता अपने एलिजिबल बैलेंस को देख सकेंगे और UPI पिन से तुरंत पैसे ट्रांसफर कर सकेंगे
- EPFO ने इस नए फीचर का ट्रायल शुरू कर दिया है, जिसमें 100 डमी अकाउंट्स पर परीक्षण किया जा रहा है
EPFO सब्सक्राइबर्स के लिए बड़ी खबर है. अब आपको अपने ही पीएफ (EPF) के पैसे निकालने के लिए हफ्तों का इंतजार या लंबी कागजी कार्रवाई नहीं करनी होगी. दरअसल आप UPI के जरिए सीधे अपने बैंक अकाउंट में पीएफ का पैसा ट्रांसफर कर सकेंगे. EPFO अप्रैल 2026 में एक नया डेडिकेटेड मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च करने की तैयारी में है. इस ऐप की सबसे बड़ी खासियत इसका UPI पेमेंट गेटवे होगा.
कैसे काम करेगा?
जैसे आप गूगल पे या PhonePe पर पिन डालकर ट्रांजैक्शन करते हैं, वैसे ही इस ऐप में आप अपना एलिजिबल बैलेंस देख पाएंगे और UPI पिन के जरिए उसे सीधे बैंक खाते में ले सकेंगे.
EPFO ने शुरू किया ट्रायल
इसके लिए ईपीएफओ ने ट्रायल शुरू कर दिया है. फिलहाल 100 डमी अकाउंट्स पर इसका इस्तेमाल कर देखा जा रहा है कि कहां अभी सुधार की गुंजाइश है, ताकि तकनीकी खामियों को दूर किया जा सके.

'फ्रीज' होगा कुछ हिस्सा, बाकी रहेगा हाथ में
प्लान के अनुसार, आपके पीएफ फंड का एक निश्चित हिस्सा फ्रीज रखा जाएगा, जिससे रिटायरमेंट के समय आपके पास बड़ी पूंजी बची रहे. बाकी का हिस्सा आपके ऐप में विड्रॉल बैलेंस के रूप में दिखेगा, जिसे आप जरूरत पड़ने पर कभी भी निकाल सकेंगे.
क्या पुराने तरीके बंद हो जाएंगे?
नहीं. सरकार ने साफ कहा है कि UAN पोर्टल और UMANG ऐप की सेवाएं पहले की तरह चलती रहेंगी. यह नया ऐप केवल उन लोगों के लिए एक फास्ट-ट्रैक ऑप्शन होगा अभी के समय में 6 से 7 दिन का इंतजार पीएफ का पैसा निकालने में करते हैं.
ऑटो-सेटलमेंट की बढ़ाई लिमिट
अभी के समय में 1 लाख रुपये तक के क्लेम जो ऑटो-सेटल होते थे, उनकी लिमिट बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है. यानी अब बड़े अमाउंट के लिए लंबा इंतजार नहीं करना होगा.
आपको क्या करना होगा?
इस ऐप का फायदा उठाने के लिए आपके पास आपका यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) एक्टिव होना चाहिए. इसके अलावा आधार, पैन और सबसे जरूरी आपका सही बैंक अकाउंट और IFSC कोड लिंक होना चाहिए. वहीं मोबाइल नंबर आधार से लिंक हो जिससे ओटीपी वेरिफिकेशन जल्द हो सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं