Petrol Diesel Prices On June 24: सरकारी तेल कंपनियों ने हर दिन की तरह आज 24 जून को सुबह-सुबह पेट्रोल-डीजल के नए रेट अपडेट कर दिए हैं. हालांकि राहत की बात ये है कि आज देश के ज्यादातर शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है. दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतों में थोड़ी गिरावट देखने को मिली है, लेकिन इसका बड़ा असर अभी तक घरेलू फ्यूल प्राइस पर नहीं दिखा है. पिछले महीने तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 7.5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी. उसके बाद से पेट्रोल-डीजल के रेट स्थिर हैं.
ऐसे में आम लोगों की नजर अब इस बात पर है कि क्या आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल सस्ता होगा या नहीं. अगर आप गाड़ी की टंकी फुल कराने की सोच रहे हैं तो जान लें कि आज आपके शहर में पेट्रोल-डीजल किस भाव पर मिल रहा है.
देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें
- आज दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
- कोलकाता में पेट्रोल 113.47 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर है.
- मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
- चेन्नई में पेट्रोल 107.76 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर पर बना हुआ है.
- बेंगलुरु में पेट्रोल 75 पैसे घटकर 110.93 रुपये और डीजल 76 पैसे घटकर 98.80 रुपये प्रति लीटर हो गया है.
- हैदराबाद में पेट्रोल 115.69 रुपये और डीजल 103.82 रुपये प्रति लीटर पर बना हुआ है
गुरुग्राम-नोएडा सहित अन्य बड़े शहरों में आज पेट्रोल-डीजल के रेट
- गुरुग्राम में पेट्रोल 102.97 रुपये और डीजल 95.64 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.
- नोएडा में पेट्रोल 102.08 रुपये और डीजल 95.56 रुपये प्रति लीटर है.
- चंडीगढ़ में पेट्रोल 101.54 रुपये और डीजल 89.47 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है
- जयपुर में पेट्रोल 113.35 रुपये और डीजल 98.39 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
- भुवनेश्वर में पेट्रोल 108.97 रुपये और डीजल 100.68 रुपये प्रति लीटर है.
- लखनऊ में पेट्रोल 16 पैसे बढ़कर 102.08 रुपये और डीजल 15 पैसे बढ़कर 95.56 रुपये प्रति लीटर हो गया है.
- पटना में पेट्रोल 17 पैसे घटकर 113.37 रुपये और डीजल 18 पैसे घटकर 99.36 रुपये प्रति लीटर पर आ गया है.
ईरान को मिली 60 दिनों की छूट से कच्चे तेल में गिरावट
दुनिया के तेल बाजार में कुछ राहत देखने को मिल रही है. अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत में शुरुआती प्रोग्रेस के संकेत मिलने के बाद तेल की कीमतों में गिरावट आई. इसके साथ ही होर्मुज से तेल टैंकरों की आवाजाही भी धीरे-धीरे सामान्य होने लगी है. यह दुनिया का बेहद अहम रास्ता है, जहां से ग्लोबल ऑयल सप्लाई का बड़ा हिस्सा गुजरता है.
ब्रेंट क्रूड का अगस्त कॉन्ट्रैक्ट करीब 0.45 प्रतिशत गिरकर 76.73 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जबकि अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड 0.48 प्रतिशत टूटकर 72.86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. बाजार को उम्मीद है कि अगर अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत आगे बढ़ती है तो ग्लोबल मार्केट में तेल की सप्लाई बढ़ सकती है, जिससे कीमतों पर दबाव बनेगा.
अमेरिका ने ईरान को 60 दिनों की राहत भी दी है, जिसके तहत वह 21 अगस्त तक तेल का उत्पादन और निर्यात जारी रख सकेगा. इससे दुनिया के बाजार में अतिरिक्त तेल आने की उम्मीद बढ़ी है.
क्या भारत में पेट्रोल-डीजल सस्ता हो सकता है?
कच्चे तेल की कीमतें कम होना अच्छी खबर जरूर है, लेकिन भारत में पेट्रोल और डीजल के रेट सिर्फ अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों से तय नहीं होते. इसमें टैक्स, रुपये की कीमत, रिफाइनरी की लागत और तेल कंपनियों के फैसले भी अहम भूमिका निभाते हैं. इसलिए कच्चे तेल में गिरावट का फायदा ग्राहकों तक पहुंचने में समय लग सकता है.फिलहाल तेल बाजार में हालात बेहतर होते दिख रहे हैं. अगर आने वाले दिनों में कच्चा तेल इसी तरह नरम बना रहता है और सप्लाई सामान्य रहती है, तो तेल की कीमतों पर दबाव कम हो सकता है.
फिलहाल बाजार की नजर अमेरिका-ईरान बातचीत, होर्मुज स्ट्रेट और कच्चे तेल की कीमतों पर बनी हुई है. अगर ग्लोबल टेंशन कम होता है और तेल की सप्लाई बढ़ती है, तो आने वाले समय में भारत के ग्राहकों को भी राहत मिलने की उम्मीद बढ़ सकती है. आम लोगों को पेट्रोल और डीजल की कीमत में गिरावट का इंतजार है.
ये भी पढ़ें- Petrol-Diesel: कच्चा तेल सस्ता हुआ, पेट्रोल-डीजल के दाम कब तक कम होंगे? नीति आयोग के VC ने NDTV को बता दी पूरी बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं