Crude Oil Price Today: ईरान और अमेरिका के बीच गहराते संकट का सीधा प्रभाव अंतरराष्ट्रीय बाजार और ऊर्जा क्षेत्र पर दिखाई देने लगा है. मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण कच्चे तेल की वैश्विक आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है, जिससे क्रूड ऑयल की कीमतों में एक बार फिर से जोरदार तेजी दर्ज की जा रही है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मंगलवार को कच्चा तेल $1.81 प्रति बैरल की बढ़त के साथ $91.12 प्रति बैरल के स्तर पर बंद हुआ. हालांकि, राहत की बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी के बावजूद भारतीय सरकारी तेल कंपनियों ने आज यानी बुधवार की सुबह देश भर में पेट्रोल और डीजल के दामों में कोई बढ़ोतरी नहीं की है और दरें स्थिर रखी गई हैं.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों का हाल
वैश्विक बाजार में भू राजनीतिक अस्थिरता के चलते कच्चे तेल में आई इस तेजी से बाजार विशेषज्ञ चिंतित नजर आ रहे हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर ईरान और अमेरिका के बीच तनाव ऐसे ही बना रहता है या सैन्य संघर्ष और बढ़ता है, तो आने वाले दिनों में कच्चा तेल और भी महंगा हो सकता है, जिससे घरेलू स्तर पर भी दबाव बन सकता है.
नई दिल्ली में पेट्रोल और डीजल का ताजा भाव
तेल कंपनियों की ओर से बुधवार की सुबह जारी नई रेट लिस्ट के अनुसार राजधानी दिल्ली में ईंधन की दरें मंगलवार के समान ही बनी हुई हैं. नई दिल्ली में आज पेट्रोल की कीमत ₹102.12 प्रति लीटर बनी हुई है. इसमें कल के मुकाबले कोई बदलाव नहीं दर्ज किया गया है. पिछले 2 महीनों के आंकड़ों को देखें तो दिल्ली में पेट्रोल की दरें ₹99.51 से ₹102.12 प्रति लीटर के बीच बनी हुई है. वहीं, दिल्ली में डीजल ₹95.20 प्रति लीटर के हिसाब से बिक रहा है. पिछले 2 महीनों के दौरान राजधानी में डीजल का भाव ₹92.49 से ₹95.20 प्रति लीटर के दायरे में बना हुआ है.
SMS के जरिए ऐसे चेक करें अपने शहर की दरें
देश के अलग-अलग राज्यों में वैट (VAT) और लोकल फ्रेट चार्जेस के कारण पेट्रोल-डीजल के भाव में थोड़ा अंतर होता है. आप अपने फोन से एक साधारण मैसेज भेजकर अपने शहर के ताजा रेट्स जान सकते हैं.
- IOCL ग्राहक: अपने फोन के मैसेज बॉक्स में RSP <डीलर कोड> टाइप करें और इसे 9224992249 पर भेजें.
- BPCL ग्राहक: RSP <डीलर कोड> लिखकर 9223112222 पर भेजें.
- HPCL ग्राहक: HP PRICE <डीलर कोड> टाइप करके 9222201122 पर SMS भेजें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं