शेयर बाजार में रिस्क तो है, लेकिन इस बीच कुछ शेयर हैं जिन्होंने रातों-रात निवेशकों की किस्मत बदल दी है.ऐसा ही एक कमाल कर दिखाया है मिडवेस्ट एनर्जी (Midwest Energy Ltd) के शेयर ने, जिसने अपने निवेशकों को छप्परफाड़ रिटर्न दिया है. आंकड़े देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे. इस मल्टीबैगर शेयर ने सिर्फ 2 साल में करीब 5,233% का तूफानी रिटर्न दिया है, जबकि 3 सालों में यह रिटर्न 10,608% को पार कर चुका है. अब यह कंपनी अपने शेयरों को 10 हिस्सों में बांटने जा रही है.
18 सितंबर 2024 को जो शेयर महज 67 रुपये का था, वह 18 सितंबर 2026 को 3,531.70 रुपये पर बंद हुआ. अगर आपने दो साल पहले इसमें 10,000 रुपये लगाए होते, तो आज उसकी कीमत 5.33 लाख रुपये से ज्यादा होती.
1 शेयर के बदले मिलेंगे 10 शेयर
कंपनी के बोर्ड ने 30 जून 2026 को स्टॉक स्प्लिट का फैसला लिया था. अब इसके लिए 25 सितंबर 2026 की रिकॉर्ड डेट तय की गई है. वर्तमान में कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है, जो स्प्लिट के बाद घटकर 1 रुपये रह जाएगी. आसान शब्दों में कहें तो रिकॉर्ड डेट तक जिन निवेशकों के डिमैट अकाउंट में 1 शेयर होगा, स्प्लिट के बाद उनकी संख्या बढ़कर 10 हो जाएगी.
क्या आपका पोर्टफोलियो 10 गुना बढ़ जाएगा?
अक्सर निवेशकों को लगता है कि शेयरों की संख्या 10 गुना होने से उनका निवेश भी 10 गुना बढ़ जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं होता. स्टॉक स्प्लिट होने पर शेयरों की संख्या तो बढ़ती है, पर उसी रेशियो में शेयर का भाव भी कम हो जाता है. इसलिए आपके पोर्टफोलियो की कुल मार्केट वैल्यू तुरंत नहीं बदलती. इसका फायदा यह होता है कि शेयर सस्ता दिखने लगता है और छोटे निवेशकों की खरीदारी बढ़ जाती है.
बता दें कि चालू वित्त वर्ष (2026-27) की पहली तिमाही (Q1) में मिडवेस्ट एनर्जी ने ₹3.15 करोड़ का नेट प्रॉफिट दर्ज किया है.
ये भी पढ़ें- Bank Strike: 28 सितंबर से फिर देशव्यापी बैंक हड़ताल, 5 दिन बंद रह सकते हैं बैंक, अटक जाएंगे ये जरूरी काम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं