रेलवे के लाखों कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट ने रेलकर्मियों के लिए फेस्टिव बोनस का ऐलान कर दिया है. आज 14 अक्टूबर बुधवार को हुई मीटिंग में कैबिनेट ने 78 दिन की सैलरी के बराबर बोनस को मंजूरी दी है. सरकार ने देश के सभी नॉन-गैजेटेड रेलकर्मियों के लिए प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस का ऐलान किया है.
केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार शाम 4 बजे कैबिनेट मीटिंग में लिए गए फैसलों के बारे में जानकारी दी. इसमें उन्होंने बताया कि दिवाली तोहफे के तौर पर रेलकर्मियों के लिए 78 दिन के बोनस का फैसला लिया गया है.

रेलवे कर्मचारियों कों 78 दिन के वेतन के बराबर बोनस दिया जाता है, जिसका कैलकुलेशन 7,000 रुपये की मिनिमम सैलरी के आधार पर किया जाता है. इस हिसाब से उन्हें 17,951 रुपये दिए जाते रहे हैं. मिनिमम सैलरी की ये लिमिट साल 2014-15 से ही नहीं बदली गई है, जिसके चलते रेलकर्मियों के लिए बोनस की राशि भी 11 साल से नहीं बढ़ी है.
IRTSA समेत रेलकर्मियों के कई संगठनों ने बोनस कैलकुलेशन के लिए न्यूनतम वेतन की सीमा को 7,000 रुपये से बढ़ाकर कम से कम 18 हजार रुपये करने की मांग की है. इस आधार पर उनका बोनस 46,184 रुपये बनते हैं.
रेल मंत्री को लिखा गया था पत्र
रेलवे बोनस के मुद्दे पर रेल यूनियनों की मांग के बाद राज्यसभा सांसद और CPI(M) नेता जॉन ब्रिटास ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने वित्त वर्ष 2025-26 के बोनस के लिए भुगतान वाले दिनों की संख्या बढ़ाने और कैलकुलेशन की सीमा में संशोधन का आग्रह किया है.
पत्र के मुताबिक, रेलवे कर्मचारियों को फिलहाल 78 दिनों के वेतन के बराबर बोनस मिलता है, लेकिन इसके कैलकुलेशन के लिए मासिक वेतन की अधिकतम सीमा 2013-14 से 7,000 रुपये बनी हुई है.
जॉन ब्रिटास ने श्रमिक संगठन सीटू की मांग का हवाला देते हुए बोनस कैलकुलेशन की सीमा कम से कम 28,440 रुपये प्रति महीने करने की अपील की है. ये आंकड़ा न्यूनतम वेतन और महंगाई भत्ते के आकलन पर आधारित बताया गया है.
उन्होंने कहा कि त्योहारों का समय देखते हुए सरकार को जल्द फैसला लेना चाहिए, ताकि कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिल सके.
कोल और सेल में 2 से 3 गुना हो गया बोनस, रेलवे में स्थिर क्यों?
रेलवे कर्मचारियों का कहना है कि कोल इंडिया और स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया में भी प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस मिलता रहा है, लेकिन पिछले 10 साल में ये 2 से 3 गुना हो गया है, जबकि रेलवे का बोनस स्थिर है.
कोल और सेल के कर्मचारियों के बोनस में लगातार साल-दर-साल बढ़ोतरी हो रही है. पिछले साल कोल इंडिया के कर्मचारियों को 1.03 लाख रुपये और सेल कर्मचारियों को करीब 29,500 रुपये बोनस मिला था. इस साल कोल इंडिया कर्मियों को 1.10 लाख और सेल कर्मियों को 40 हजार रुपये बोनस मिलने की चर्चा है. ऐसे में रेलवे कर्मचारियों के बीच इस अंतर को लेकर असंतोष है.
नोट: ये खबर अभी-अभी ब्रेक हुई है. इसे अपडेट किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें | दिवाली बोनस पर रेलवे कर्मचारियों के लिए जरूरी खबर, 41149 रुपये के वायरल दावे पर बोर्ड का क्लेरिफिकेशन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं