जर्मनी की बड़ी एयरलाइन कंपनी लुफ्थांसा ने अक्टूबर तक अपनी 20,000 उड़ानों को रद्द करने का फैसला लिया है. इस कड़ी में एक दिन पहले 120 दैनिक उड़ानें रद्द कर दी गईं, जो मई के अंत तक प्रभावी रहेंगी. लुफ्थांसा ग्रुप ने कहा कि प्रभावित यात्रियों को इन कैंसिलेशन (Lufthansa cancel flight) के बारे में सूचित कर दिया गया है. इसके पीछे जेट फ्यूल की बढ़ती कीमतें बड़ी वजह है.
एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध छिड़ने के बाद जेट फ्यूल की कीमतों में आए भारी उछाल के चलते इतनी बड़ी संख्या में फ्लाइट्स के कैंसिलेशन का फैसला लिया गया है. इसके जरिये लुफ्थांसा ग्रुप की समर सीजन की क्षमता में एक फीसदी की कमी आएगी और करीब 40,000 मीट्रिक टन जेट फ्यूल की बचत होगी.
कहां-कहां की फ्लाइट्स कैंसिल की जाएंगी?
लुफ्थांसा ग्रुप ने बताया कि कई छोटी दूरी (short-haul) की उड़ानों को रद्द किया जाएगा, जिन रूट्स में मुनाफा बहुत कम हो रहा था. इसके साथ ही फ्रैंकफर्ट, म्यूनिख, ज्यूरिख, वियना, ब्रुसेल्स और रोम जैसे गंतव्यों सहित अपने पूरे यूरोपीय नेटवर्क के रूटों को आपस में जोड़ा (consolidate) जाएगा.
NDTV Profit ने रिपोर्ट्स के हवाले से बताया है कि लुफ्थांसा का ये कदम केएलएम (KLM), एयर कनाडा, सिंगापुर एयरलाइंस, यूनाइटेड एयरलाइंस और अन्य प्रमुख एयरलाइन की श्रेणी में शामिल हो गया है, जिन्होंने मौजूदा तनाव के बीच जेट फ्यूल की बढ़ती कीमतों के चलते अपने ग्रीष्मकालीन उड़ानों में कटौती की है.

यात्रियों पर क्या पड़ेगा असर और क्या हैं ऑप्शन?
एयरलाइन ने क्लियर किया है कि यात्रियों के पास लंबी दूरी (long-haul) के कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी. हालांकि, जेट फ्यूल की कीमतें बढ़ने के साथ, लुफ्थांसा ग्रुप अपनी हब एयरलाइन्स- लुफ्थांसा एयरलाइंस, स्विस (SWISS), ऑस्ट्रियन एयरलाइंस, ब्रुसेल्स एयरलाइंस और आईटीए एयरवेज (ITA Airways) के भीतर यूरोपीय नेटवर्कों को इंटीग्रेट करने का प्लान बना रहा है.
रिपोर्ट के अनुसार, फ्रैंकफर्ट से पोलैंड के बिडगोशच (Bydgoszcz) और जेजू (Rzeszów) के साथ-साथ नॉर्वे के स्टावेंजर (Stavanger) के रूट रद्द होने से मौजूदा फ्लाइट्स प्रोग्राम से कम से कम तीन गंतव्य अस्थायी रूप से हटा दिए गए हैं. इसके अतिरिक्त, ग्रुप के भीतर अन्य हब के माध्यम से 10 कनेक्शनों को इंटीग्रेट किया जा रहा है.
मध्यम अवधि के रूट्स के लिए, क्षमता में कटौती को ध्यान में रखते हुए आने वाले महीनों के प्रोग्राम को संशोधित किया गया है, जिसे अप्रैल के अंत या मई की शुरुआत में बताया जाएगा. इसमें पूरे गर्मियों के सीजन के लिए छोटी दूरी की उड़ानों के अनुकूलन (optimization) पर जोर दिया जाएगा, ताकि उस अवधि के दौरान स्थिरता सुनिश्चित की जा सके.
लुफ्थांसा ग्रुप ने कहा कि गर्मियों के मौसम में उसे ईंधन की आपूर्ति काफी हद तक स्थिर रहने की उम्मीद है. पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एयरलाइन ने जेट ईंधन की खरीद के साथ-साथ कीमतों की हेजिंग (Price Hedging) जैसे उपाय अपनाए हैं.
यह भी पढ़ें: दूध-दही, बटर-पनीर के दाम क्या बढ़ने वाले हैं? युद्ध के बीच सरकार ने दिया अपडेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं