विज्ञापन
50 minutes ago
नई दिल्‍ली:

मिडिल ईस्‍ट में संघर्ष के कारण आयातित गैस आपूर्ति बाधित होने के बीच पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है. आम लोगों को कोई तकलीफ ने हो इसके लिए केंद्र सरकार ने घरेलू स्तर पर उत्पादित प्राकृतिक गैस के आवंटन की प्राथमिकता सूची संशोधित कर दी है. नई व्यवस्था में एलपीजी उत्पादन को सीएनजी और पाइप से मिलने वाली रसोई गैस के साथ शीर्ष प्राथमिकता दी गई है. सरकार की तरफ से जारी गजट अधिसूचना के मुताबिक, इन क्षेत्रों की जरूरतें पहले पूरी की जाएंगी और उसके बाद ही अन्य क्षेत्रों को गैस उपलब्ध कराई जाएगी. इस बीच गुजरात सरकार ने घरेलू रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उद्योगों को होने वाली गैस आपूर्ति में 50 प्रतिशत तक कटौती कर दी है. 
ईरान पर अमेरिका एवं इजराइल के संयुक्त हमले और फिर ईरान के जवाबी कार्रवाई से पूरे इलाके में तनाव बढ़ गया है. इसके कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले समुद्री यातायात में कमी आई है और ऊर्जा बाजारों में अस्थिरता बढ़ी है. वैश्विक समुद्री तेल व्यापार का लगभग पांचवां हिस्सा और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की लगभग एक-तिहाई आपूर्ति इसी रास्ते से होती है. ऐसे में दुनियाभर के देशों के सामने कच्‍चे तेल और गैस को लेकर संकट खड़ा हो गया है. बेंगलुरु के होटल और रेस्तरां भी इसकी मार झेल सकते हैं, क्योंकि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अचानक पूरी तरह बंद हो गई है. बैंगलोर होटल एसोसिएशन ने सोमवार को यह जानकारी दी. महाराष्‍ट्र और दिल्‍ली होटल एसोसिएशन भी ऐसी ही स्थिति से गुजर रहे हैं. हालांकि, केंद्र सरकार का कहना है कि स्थिति अभी नियंत्रण में है. 

LPG Shortage News Live Updates: 

ईपीएस ने केंद्र से वैश्विक लड़ाई के बीच एलपीजी सप्लाई बिना रुकावट पक्का करने की अपील की

एआईएडीएमके के महासचिव और विपक्ष के नेता एडप्पादी के. पलानीस्वामी (ईपीएस) ने मंगलवार को केंद्र सरकार से देश भर में एलपीजी सिलेंडर की बिना रुकावट सप्लाई पक्का करने के लिए तुरंत कदम उठाने की अपील की. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी रुकावट तमिलनाडु में रेस्टोरेंट मालिकों, छोटे खाने के बिजनेस और आम घरों पर बुरा असर डाल सकती है.

एलपीजी का घरेलू उत्पादन 10 फीसदी बढ़ा : सूत्र

सरकारी सूत्रों के अनुसार पिछले दो दिनों में एलपीजी का घरेलू उत्पादन 10 फीसदी बढ़ा है. एलपीजी सिलिंडरों में 60 रुपए की बढ़ोत्तरी का वर्तमान संकट से कुछ लेना देना नहीं है. ये पहले से ही तय था. पहले की तरह अभी भी एलपीजी की बुकिंग और डिलीवरी में 2.5 दिनों का ही अंतर है. लेकिन नई बुकिंग 25 दिनों के बाद ही हो सकेगी. इस संकट से पहले रोजाना 60 लाख एलपीजी सिलेंडर का वितरण किया जाता था. अभी भी उतना ही हो रहा है. एलपीजी को लेकर कुछ जगहों पर हुई दिक्कत और लग रही लाइनें इसलिए हैं, क्योंकि घबराहट में कुछ लोग जल्दी जल्दी एलपीजी लेने आ रहे हैं. 

ओडिशा होटल व रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने केंद्र सरकार से एलपीजी आपूर्ति बहाल करने का किया आग्रह

ओडिशा होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन (एचआरएओ) ने होटलों व रेस्टोरेंटों को व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति बहाल करने के लिए केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है. केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को संबोधित पत्र में एचआरएओ ने कहा है कि एलपीजी आपूर्ति में हालिया रुकावट और प्रतिबंधों के कारण आतिथ्य उद्योग के संचालन में गंभीर बाधाएं आई हैं. होटल और रेस्टोरेंट अपने दैनिक रसोई कार्यों के लिए व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति पर अत्यधिक निर्भर हैं. अचानक एलपीजी गैस की आपूर्ति कम होने से कई रेस्टोरेंट और होटल में भोजन तैयार करने में दिक्कत आ रही है.

एसेंशियल कमोडिटीज़ एक्ट, 1955 लागू

भारत सरकार पेट्रोलियम और पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स और नैचुरल गैस की उपलब्धता, सप्लाई और बराबर डिस्ट्रीब्यूशन को रेगुलेट करने के लिए एसेंशियल कमोडिटीज़ एक्ट, 1955 लागू करती है. 

बस यह अफवाह फैली है कि गैस नहीं आ रही है : इंडेन गैस गोदाम के प्रभारी रवि कांत

रांची के इंडेन गैस गोदाम के प्रभारी रवि कांत ने कहा कि ऐसी कोई कमी नहीं है. सभी को धैर्य रखना होगा. होली के दौरान दो दिन तक प्लांट बंद रहता है. ड्राइवर चार-पांच दिन बाद वापस आते हैं. अब एक-दो दिन में सब कुछ सामान्य हो जाएगा. हमारे पास पर्याप्त मात्रा में गैस है. ड्राइवरों की वजह से गाड़ियां नहीं आ रही थीं. बस यह अफवाह फैली है कि गैस नहीं आ रही है. गैस पर्याप्त मात्रा में है.

कोल्हापुर में भी सिलेंडर के लिए लगीं लंबी कतारें

कोल्हापुर में गैस सिलेंडर खरीदने के लिए नागरिकों की लंबी कतारें दिख रही हैं. गैस की कीमतों में हुई बढ़ोतरी और भविष्य में सप्लाई ठप्प होने की आशंका के कारण कोल्हापुर के राजारामपुरी इलाके में गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं. नागरिकों में डर है कि यदि युद्ध की स्थिति और बिगड़ती है, तो घरेलू गैस की किल्लत और अधिक बढ़ सकती है, ऐसे में लोग सिलेंडर का स्टॉक सुरक्षित करने की कोशिश कर रहे हैं.

LPG उत्पादन, CNG, पाइप वाली रसोई गैस को आवंटन में मिली शीर्ष प्राथमिकता

पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण आयातित गैस आपूर्ति बाधित होने के बीच केंद्र सरकार ने घरेलू स्तर पर उत्पादित प्राकृतिक गैस के आवंटन की प्राथमिकता सूची संशोधित कर दी है. नई व्यवस्था में एलपीजी उत्पादन को सीएनजी और पाइप से मिलने वाली रसोई गैस के साथ शीर्ष प्राथमिकता दी गई है. सरकार की तरफ से जारी गजट अधिसूचना के मुताबिक, इन क्षेत्रों की जरूरतें पहले पूरी की जाएंगी और उसके बाद ही अन्य क्षेत्रों को गैस उपलब्ध कराई जाएगी. संशोधित व्यवस्था के तहत पाइप के जरिये घरेलू रसोई गैस (पीएनजी), वाहनों के लिए संपीडित प्राकृतिक गैस (सीएनजी) और एलपीजी उत्पादन को प्राथमिकता श्रेणी में सबसे ऊपर रखा गया है. इन क्षेत्रों को पिछले छह महीने की औसत खपत के आधार पर 100 प्रतिशत गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी. उर्वरक क्षेत्र को दूसरी प्राथमिकता दी गई है और उसकी पिछले छह महीने की औसत मांग का कम-से-कम 70 प्रतिशत पूरा किया जाएगा. इस सूची में तीसरे स्थान पर चाय उद्योग, विनिर्माण और अन्य औद्योगिक उपभोक्ताओं को रखा गया है. इन्हें परिचालन उपलब्धता के आधार पर पिछले छह महीने की औसत गैस खपत का लगभग 80 प्रतिशत उपलब्ध कराया जाएगा.

LPG Oil Gas Supply LIVE: गुजरात सरकार ने उद्योगों को गैस आपूर्ति में 50% तक कटौती की

पश्चिम एशिया संकट से गैस आपूर्ति को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच गुजरात सरकार ने घरेलू रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उद्योगों को होने वाली गैस आपूर्ति में 50 प्रतिशत तक कटौती कर दी है. गुजरात के ऊर्जा मंत्री ऋषिकेश पटेल ने मंगलवार को विधानसभा सत्र से पहले यहां संवाददाताओं से कहा कि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि किसी भी घर में रसोई गैस सिलेंडर की कमी न हो. उन्होंने कहा कि गैस की घरेलू खपत को प्राथमिकता देने के लिए कुछ औद्योगिक उपयोगों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं. उन्होंने कहा, 'उद्योगों को मिलने वाली गैस आपूर्ति में 50 प्रतिशत की कटौती की गई है. उर्वरक और दूध प्रसंस्करण क्षेत्रों के लिए गैस आपूर्ति में लगभग 40 प्रतिशत कटौती की गई है.'

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com