KM Allowance Hike Good News: भारतीय रेलवे (Indian Railways) के लाखों रनिंग स्टाफ की सैलरी में बंपर इजाफा होने वाला है. लोको पायलट, गार्ड, मोटरमैन समेत लाखों रनिंग स्टाफ को लंबे समय से जिस एक चिट्ठी का इंतजार था, वो चिट्ठी आ गई है. रेल मंत्रालय की स्वीकृति के बाद रेलवे बोर्ड ने रनिंग स्टाफ के लिए किलोमीटर भत्ते (Kilometer Allowance- KMA) में 25% बढ़ोतरी वाला पत्र जारी कर दिया है. गुड न्यूज ये भी है कि रेलवे ने 1 जनवरी 2024 से ही बढ़ा हुआ अलाउंस/भत्ता लागू होने को स्वीकृति दी है. यानी कि सभी रनिंग स्टाफ को 2 साल का एरियर भी मिलेगा. ऐसे में जाहिर है कि इन रेलकर्मियों की सैलरी में बंपर इजाफा होने वाला है.

बढ़ कर कितना हो गया है KM अलाउंस?
KMA यानी किलोमीटर भत्ते में अच्छी खासी बढ़ोतरी की गई है. इसी के साथ इन‑ल्यू ऑफ किलोमीटर भत्ता (ALK) की दरों में भी बढ़ोतरी की गई है. ये भत्ता उन कर्मचारियों को मिलता है जो ट्रेन चलाने के ड्यूटी (Running Duties) पर तैनात होते हैं. चूंकि रनिंग स्टाफ को अपनी ड्यूटी के दौरान लगातार सफर करना पड़ता है, इसलिए उन्हें सामान्य कर्मियों की तरह 'डेली अलाउंस' (DA) नहीं मिलता. इसकी भरपाई के लिए उन्हें प्रति 100 किलोमीटर की दूरी तय करने पर एक निश्चित राशि दी जाती है.

इस भत्ते में न्यूनतम गारंटी (KMA) भी होती है. जैसे कि अगर किसी दिन ड्राइवर ने बहुत कम दूरी तय की है, तो भी उसे एक न्यूनतम तय किलोमीटर (जैसे 120 या 160 किमी) का भुगतान किया जाता है, जिसे 'न्यूनतम गारंटीकृत किलोमीटर' भत्ता कहते हैं.
2 साल का एरियर भी मिलेगा
रेलवे के नियमों के अनुसार, जब DA यानी महंगाई भत्ता एक निश्चित सीमा (50%) को पार करता है, तो भत्तों में संशोधन की मांग उठती है. इस बार भी लंबे समय से मांग को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने पत्र जारी कर दिया है. पत्र के अनुसार, बढ़ा हुआ भत्ता 1 जनवरी 2024 से लागू होगा, यानी रनिंग स्टाफ को 2 साल का एरियर भी मिलेगा. ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन (AIRF) के महासचिव शिव गोपाल मिश्रा ने तीन दिन पहले इसकी सैद्धांतिक मंजूरी की सूचना दी थी.
लोको पायलट को ₹606/100Km, गार्ड को ₹447/100Km
रेलवे बोर्ड ने लोको रनिंग स्टाफ और ट्रैफिक रनिंग स्टाफ के लिए किलोमीटर भत्ता (Kilometrage Allowance) और इन‑ल्यू ऑफ किलोमीटर भत्ता (ALK) की दरों में संशोधन कर बढ़ा दिया है, जो 1 जनवरी 2024 से प्रभावी होगा. आदेश के मुताबिक महंगाई भत्ता 50 फीसदी की सीमा पार होने के बाद लोको पायलट, गार्ड और ब्रेकमैन जैसी श्रेणियों के लिए प्रति 100 किलोमीटर मिलने वाले भत्ते में अच्छी-खासी बढ़ोतरी की गई है.
- लोको पायलट (मेल) और लोको पायलट (पैसेंजर)/सीनियर मोटरमैन को अब 4200/लेवल‑6 पेग्रेड पर 100 किमी के लिए 606 रुपये किलोमीटर भत्ता और 160 किमी के लिए 969 रुपये ALK मिलेंगे, जबकि पहले की दरें इससे कम थीं.
- लोको पायलट (गुड्स) को 594 रुपये, लोको पायलट (शंटिंग) ग्रेड‑I को 461 रुपये और ग्रेड‑II को 447 रुपये प्रति 100 किमी मिलेंगे, जिनका ALK क्रमशः 951, 737 और 715 रुपये तय किया गया है.
- इसी तरह सीनियर मेल/एक्सप्रेस गार्ड, सीनियर पैसेंजर गार्ड और सीनियर गुड्स गार्ड (पेग्रेड 4200/लेवल‑6) को अब 549–543 रुपये प्रति 100 किमी और 878–869 रुपये प्रति 160 किमी ALK मिलेगा, जबकि गुड्स गार्ड (पेग्रेड 2800/लेवल‑5) के लिए यह दर 537 रुपये और 859 रुपये रखी गई है.
- सीनियर असिस्टेंट गार्ड/सीनियर ब्रेकमैन (पेग्रेड 2400/लेवल‑4) को 320 रुपये प्रति 100 किमी व 512 रुपये ALK तथा असिस्टेंट गार्ड/ब्रेकमैन (पेग्रेड 1900/लेवल‑2) को 305 रुपये प्रति 100 किमी और 488 रुपये ALK का भुगतान होगा.
बोर्ड ने साफ किया है कि किलोमीटर भत्ता admissibility से जुड़ी अन्य सभी शर्तें पहले जैसी रहेंगी. यह फैसला मान्यता प्राप्त फेडरेशन (AIRF व NFIR) की लंबे समय से चली आ रही मांग और वित्त निदेशालय की सहमति के बाद लिया गया है, जिससे रनिंग स्टाफ की वास्तविक आय में खासी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है.

ईरान तेल ही नहीं, दूध का भी धुरंधर! ठन जाए तो थम जाएंगे UAE समेत इन 4 देशों के डेयरी-बेकरी बाजार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं