अमेरिका के साथ टैरिफ और ट्रेड डील को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच भारत के निर्यात में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले छह महीने यानी अप्रैल से सितंबर के दौरान भारत ने अमेरिका को 50.80 बिलियन डॉलर का सामान निर्यात किया. पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में ये आंकड़ा 45.73 बिलियन डॉलर था. यानी सालाना आधार पर अमेरिका को भारत का निर्यात करीब 11% बढ़ा है.
वाणिज्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका अब भी अमेरिकी महाद्वीप में भारत का सबसे बड़ा निर्यात बाजार बना हुआ है. खास बात ये है कि निर्यात में बढ़ोतरी सिर्फ अमेरिका तक सीमित नहीं रही. ब्राजील, मेक्सिको और कनाडा जैसे बाजारों में भी भारतीय सामान की मांग बढ़ी है.
अमेरिकी महाद्वीप को भारत का निर्यात 13% बढ़ा
अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान पूरे अमेरिकी महाद्वीप को भारत का कुल निर्यात 13% बढ़कर 66.82 बिलियन डॉलर हो गया. पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में ये 59.30 बिलियन डॉलर था. दूसरे प्रमुख बाजारों में भी निर्यात बढ़ा है.
- ब्राजील: निर्यात 14% बढ़कर 4.33 बिलियन डॉलर पहुंचा.
- मेक्सिको: निर्यात 26% बढ़कर 3.45 बिलियन डॉलर हो गया.
- कनाडा: निर्यात 18% बढ़कर 2.67 बिलियन डॉलर पहुंचा.
भारत और कनाडा के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) को लेकर भी बातचीत चल रही है. इससे दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने और बाजार तक पहुंच आसान बनाने की उम्मीद है.
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर क्या है अपडेट?
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) पर बातचीत फरवरी 2025 में शुरू हुई थी. इसका मकसद दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक रिश्तों को मजबूत करना, बाजार तक पहुंच बढ़ाना और व्यापार से जुड़ी बाधाओं को दूर करना है.
2 और 3 नवंबर को अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में वाणिज्य मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बातचीत की थी. इस दौरान कस्टम प्रक्रिया और व्यापार को आसान बनाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई.
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल पहले कह चुके हैं कि प्रस्तावित समझौते को लेकर ज्यादातर बातचीत पूरी हो चुकी है. दोनों पक्ष अब बाकी बचे मुद्दों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. हालांकि, समझौते पर हस्ताक्षर कब होंगे और इसे कब से लागू किया जाएगा, इसकी तारीख अभी तय नहीं हुई है.
यह भी पढ़ें | India-US ट्रेड डील पर बड़ी खबर, दिल्ली में अमेरिकी टीम के साथ हुई बैठक, भारतीय सामानों पर टैरिफ घटाने की मांग
यूरोप को निर्यात 8%, अफ्रीका को 44% बढ़ा
भारत के निर्यात में बढ़ोतरी सिर्फ अमेरिकी बाजार तक सीमित नहीं है. अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान यूरोप को भारत का निर्यात 8% बढ़कर 51.04 बिलियन डॉलर हो गया.
यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी भारतीय सामान की मांग बढ़ी है.
- ब्रिटेन: निर्यात 7% बढ़कर 7.32 बिलियन डॉलर.
- जर्मनी: निर्यात 12% बढ़कर 6.34 बिलियन डॉलर.
भारत और यूरोपीय संघ (EU) ने जनवरी 2026 में मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की बातचीत पूरी कर ली थी. दोनों पक्ष अब समझौते पर हस्ताक्षर और इसे लागू करने की दिशा में काम कर रहे हैं.
वहीं, भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता (CETA) 15 जुलाई 2026 से लागू हो चुका है. इसके तहत भारत के करीब 99% निर्यात को ब्रिटेन में शून्य शुल्क पर बाजार तक पहुंच मिली है.
एशिया को 21% और अफ्रीका को 44% ज्यादा निर्यात
दूसरे क्षेत्रों में भी भारत के निर्यात में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. अप्रैल-सितंबर FY27 के दौरान अफ्रीका को भारत का निर्यात 44% बढ़कर 31.42 बिलियन डॉलर हो गया. वहीं, एशिया को निर्यात 21% बढ़कर 103.84 बिलियन डॉलर पहुंच गया.
भारत के निर्यात बाजारों का दायरा बढ़ रहा है. अमेरिका के साथ ट्रेड डील और टैरिफ को लेकर बातचीत जारी रहने के बावजूद भारतीय निर्यातकों को दूसरे प्रमुख बाजारों में भी मांग का फायदा मिल रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं