विज्ञापन

वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारतीय एक्सपोर्ट ने दिखाया दम, $720 अरब के पार पहुंचा कुल निर्यात

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बयान में बताया कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय उत्पादों की मांग लगातार बनी हुई है.

वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारतीय एक्सपोर्ट ने दिखाया दम, $720 अरब के पार पहुंचा कुल निर्यात

वैश्विक चुनौतियों और आर्थिक माहौल में अनिश्चितता के बीच भारत ने कुल निर्यात (मर्चेंडाइज और सर्विसेज) के मामले में शानदार बढ़त दर्ज की है. वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष 2025-26 के पहले दस महीनों (अप्रैल-जनवरी) के दौरान कुल निर्यात 720.76 अरब अमेरिकी डॉलर रहने का अनुमान है, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 679.02 बिलियन डॉलर के मुकाबले 6.15 फीसदी अधिक है. 

मर्चेंडाइज निर्यात में उछाल

मंत्रालय ने बयान में बताया कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय उत्पादों की मांग लगातार बनी हुई है. मर्चेंडाइज यानी वस्तुओं के निर्यात को देखों तो अप्रैल-जनवरी 2025-26 के दौरान यह 366.63 अरब डॉलर रहा, जो पिछले साल की इसी अवधि के 358.75 अरब डॉलर से 2.20 प्रतिशत अधिक है.

नॉन पेट्रोलियम निर्यात में 4.89% इजाफा

इस दौरान खास तौर से नॉन पेट्रोलियम निर्यात में 4.89 प्रतिशत की बढ़त देखी गई है, जो 2024-25 के अप्रैल जनवरी के 305.98 अरब डॉलर से बढ़कर अब 320.94 अरब डॉलर तक पहुंच गया है. आंकड़े दिखाते हैं कि भारत पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी अपनी पकड़ मजबूत बना रहा है.

ये भी देखें- 1400 लाख करोड़ की संपत्ति, 3 हजार की औसत SIP! Expert ने बताया बेशुमार दौलत बनाने का तरीका

इंजीनियरिंग गुड्स निर्यात 10.37% बढ़ा

वस्तुओं के जनवरी 2026 में निर्यात में आई उछाल की एक प्रमुख वजह इंजीनियरिंग सामान, पेट्रोलियम उत्पाद, मीट, डेयरी और पोल्ट्री उत्पाद, समुद्री उत्पाद और लौह अयस्क रहे. इंजीनियरिंग गुड्स का निर्यात 10.37 प्रतिशत बढ़कर 10.40 अरब डॉलर पर पहुंच गया. वहीं पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात 8.55 प्रतिशत की दर से बढ़ा है. जनवरी 2025 में यह 3.48 अरब डॉलर था, जो इस साल जनवरी में 3.77 अरब डॉलर हो गया. 

डेयरी, पोल्ट्री एक्सपोर्ट 17.92% बढ़ा

कृषि एवं समुद्री उत्पादों के निर्यात में भी भारत का प्रदर्शन सराहनीय रहा है. मीट, डेयरी और पोल्ट्री उत्पादों के एक्सपोर्ट में 17.92 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि समुद्री उत्पादों (Marine Products) का निर्यात 13.29 प्रतिशत बढ़कर 0.61 अरब डॉलर हो गया. 

लौह अयस्क के निर्यात में भारी उछाल

लौह अयस्क के निर्यात में सबसे जबरदस्त 31.54 फीसदी की उछाल देखी गई है, जो पिछले साल के 0.16 अरब डॉलर से बढ़कर 0.21 अरब डॉलर हो गया. ये सरकारी आंकड़े मेक इन इंडिया अभियान के तहत मैन्यूफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर की मजबूती को दिखाते हैं.

ये भी देखें- 2.41 लाख के नीचे आ गई चांदी, सोना भी लुढ़का! भारी गिरावट के बाद कितनी रह गई कीमतें? जानें ताजा भाव

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com