विज्ञापन

होटलों में खाना 10% महंगा, सिलेंडर का बिल भी ग्राहकों के सिर फूटेगा! केवल महंगी LPG ही नहीं, 3 और वजहें भी

Hotel Bills may Rise as LPG Cylinder Prices Hike: कमर्शियल गैस के दाम क्‍या बढ़े, होटल वालों ने खाना महंगा करने का फैसला ले लिया है. देश के कई हिस्‍सों में होटलों में मेन्‍यू के दाम बढ़ाए जाएंगे. यानी सिलेंडर का खर्च, आपकी जेब पर पड़ने वाला है. कुछ और भी वजहें हैं. पूरी डिटेल खबर में.

होटलों में खाना 10% महंगा, सिलेंडर का बिल भी ग्राहकों के सिर फूटेगा! केवल महंगी LPG ही नहीं, 3 और वजहें भी
LPG के दाम बढ़ने के बाद अब होटलों में खाना महंगा होने वाला है.
AI Generated Image by NDTV

Hotel Menu Prices Hike: कमर्शियल LPG की कीमतों में हुई करीब 1,000 रुपये की बढ़ोतरी के बाद अब ग्राहकों के लिए होटलों का बिल बढ़ने वाला है. होटलों में मेन्‍यू के दाम 10 फीसदी तक बढ़ सकते हैं. शुक्रवार को कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने के बाद देश के अलग-अलग हिस्‍सों में होटल एसोसिएशन वालों ने खर्च का बोझ, ग्राहकों की जेब पर भी डालने का फैसला लिया है. बेंगलुरु होटल एसोसिएशन ने हर एक होटल मालिक को एक सीमा तक मेन्‍यू प्राइस बढ़ाने का अधिकार दे दिया है, वहीं दूसरी ओर आंध्र प्रदेश स्टार होटल्स एसोसिएशन ने भी कहा है कि उनके पास मेन्‍यू के दाम 10 फीसदी बढ़ाने के अलावा कोई विकल्‍प नहीं रह गया है.

जम्‍मू में एक होटल संचालक ने NDTV को बताया कि LPG के दाम लगातार बढ़ने से काफी मुश्किल हो रही है. मिठाइयों से लेकर स्‍नैक्‍स तक और तमाम सारे मेन्‍यु तैयार करने की लागत बढ़ गई है. इसके बावजूद दाम नहीं बढ़ाए गए हैं. लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि मिठाई समेत अलग-अलग आइटम्‍स की कीमतें बढ़ानी पड़ सकती है. हालांकि दिल्‍ली-NCR या दूसरी जगहों से ऐसी खबरें फिलहाल सामने नहीं आई हैं. 

10% दाम बढ़ाने के पक्ष में होटल एसोसिएशन  

आंध्र प्रदेश स्टार होटल्स एसोसिएशन ने शुक्रवार को कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी ने हॉस्पिटलिटी इंडस्‍ट्री को करारा झटका दिया है. रेस्तरां और होटलों के पास मेन्यू की कीमतों में 10% की बढ़ोतरी करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है. 

समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, एसोसिएशन के अध्यक्ष RV स्वामी ने कहा, '1 मई से प्रभावी, प्रति सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये का उछाल आया है. इनपुट कॉस्‍ट यानी लागत बढ़ने के कारण होटल मालिकों को भारी नुकसान हो रहा है. हमारे पास मेन्यू के दाम 10% तक बढ़ाने के अलावा कोई विकल्प नहीं है.' 

Latest and Breaking News on NDTV

3 महीने में 1300 बढ़ गए दाम, इसलिए..

बढ़ती लागत का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीनों में कमर्शियल गैस की कीमतों में कुल मिलाकर लगभग 1,303 रुपये की वृद्धि हुई है. उनके अनुसार, न केवल LPG यूजर्स, बल्कि PNG इस्‍तेमाल करने वाले लोग भी ग्‍लोबल एनर्जी मार्केट में उतार-चढ़ाव के कारण अतिरिक्त वित्तीय बोझ का सामना कर रहे हैं. चूंकि गैस हॉस्पिटलिटी क्षेत्र के लिए प्राथमिक ईंधन है, इसलिए आसमान छूती कीमतों के चलते काम-धंध अस्थिर हो रहा है. 

शुक्रवार को, बढ़ती वैश्विक ऊर्जा कीमतों के चलते सरकारी तेल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी की है, जिससे हैदराबाद जैसे शहरों में इसकी कीमत लगभग 3,315 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है.

केवल महंगी LPG ही नहीं, वजहें और भी 

ईंधन की कीमतों के अलावा, स्वामी ने कुछ और कारण गिनाए. उन्‍होंने फूड ऑयल के दाम बढ़ने, दाल-सब्जियां महंगी होने और डिलीवरी सर्विस कॉस्‍ट में बढ़ोतरी का हवाला दिया. उन्‍होंने कहा, 'होटल इंडस्‍ट्री आवश्यक वस्तुओं, विशेष रूप से खाद्य तेल और रसद (provisions) की बढ़ती लागत से जूझ रहा है. सूरजमुखी तेल (सनफ्लावर ऑयल) की कीमत में बढ़ोतरी के अलावा उन्होंने कहा कि दालों और सब्जियों की लागत भी रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई है, जो महंगे पैकेजिंग मटेरियल के कारण और भी विकट हो गई है. स्वामी ने आगे कहा कि टेक-अवे और डिलीवरी सेवाओं में उपयोग की जाने वाली सामग्री की लागत में भी लगातार वृद्धि हुई है.

Latest and Breaking News on NDTV

बेंगलुरु होटल एसोसिएशन का फैसला 

कमर्शियल एलपीजी के दाम बढ़ने के बाद बेंगलुरु होटल एसोसिएशन ने भी फैसला किया है कि वो अब कस्टमर्स से इसके दाम वसूलेंगे. हाल ही में बेंगलुरु के होटल एसोसिएशन अध्यक्ष PC राव ने द हिंदू के साथ बातचीत में बताया कि, 'सभी रेस्टोरेंट्स और होटलों में कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया है. पिछले 2 महीने में हमने कम सप्‍लाइ का सामना किया है, जो अभी भी करीब 60% ही है, लेकिन अब हमने ऑप्शंस के साथ काम चलाना शुरू कर दिया है.'

उन्होंने आगे कहा कि, 'खर्च चलाने के लिए हमें कीमतें बढ़ानी पड़ीं. अब 993 रुपये की बढ़ोतरी इतनी ज्यादा बड़ी है कि इसे ग्राहकों पर डालना जरूरी है. हमने हर एक होटल मालिक को तय मात्रा में दाम बढ़ाने का अधिकार दे दिया है'.

आंध्र प्रदेश के होटल एसोसिएशन ने इस मामले में सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है. प्रेसिडेंट स्‍वामी ने अधिकारियों से हॉस्पिटलिटी क्षेत्र को बचाने के लिए टैक्स में छूट या सब्सिडी देने का आग्रह किया. साथ ही, उन्होंने ग्राहकों से स्थिति को समझने और सहयोग करने का अनुरोध किया क्योंकि इंडस्‍ट्री, वित्तीय तनाव के बावजूद गुणवत्ता मानकों को बनाए रखने का प्रयास कर रही है. 

ये भी पढ़ें: इंदिरापुरम के बाद अब हरनंदीपुरम... गाजियाबाद में और कहां-कहां ले सकते हैं घर, रियल एस्टेट में किधर बनेगा पैसा?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com