हेल्थ इंश्योरेंस खरीदते समय लोग अक्सर कम प्रीमियम वाले प्लान की तलाश करते हैं. इंश्योरेंस कंपनियां भी प्रीमियम कम करने के लिए को-पेमेंट (Co-Payment) का ऑप्शन देती हैं. इसके तहत अस्पताल में इलाज का पूरा खर्च बीमा कंपनी नहीं उठाती, बल्कि बिल का एक हिस्सा आपको अपनी जेब से देना पड़ता है. ऐसे में सवाल है कि क्या कम प्रीमियम के लिए को-पेमेंट चुनना फायदेमंद है? अगर हां, तो कितने प्रतिशत का ऑप्शन चुनना चाहिए?
क्या होता है हेल्थ इंश्योरेंस में को-पेमेंट?
को-पेमेंट का मतलब है कि अस्पताल के इलाज का खर्च आपको और इंश्योरेंस कंपनी को मिलकर उठाना होगा. इसमें पहले से तय होता है कि मेडिकल बिल का कितना प्रतिशत हिस्सा आपको देना है और कितना बीमा कंपनी देगी. उदाहरण के लिए, अगर आपके हेल्थ इंश्योरेंस में 20 फीसदी को-पेमेंट है और अस्पताल का बिल 10,000 रुपये आता है तो आपको 2,000 रुपये अपनी जेब से देने होंगे. बाकी 8,000 रुपये इंश्योरेंस कंपनी देगी. आमतौर पर पॉलिसी खरीदते समय 0 से 50 फीसदी या इससे ज्यादा तक को-पेमेंट का ऑप्शन मिल सकता है. को-पेमेंट जितना ज्यादा होगा, प्रीमियम उतना कम हो सकता है.
किन लोगों के लिए सही है को-पेमेंट?
अगर आपके पास 6 महीने से एक साल तक के खर्च के बराबर इमरजेंसी फंड है, तो आप को-पेमेंट पर विचार कर सकते हैं. इससे हर साल प्रीमियम पर बचत होगी और जरूरत पड़ने पर आप अपनी जेब से कुछ खर्च उठा सकेंगे. वहीं, अगर आपकी सैलरी का बड़ा हिस्सा लोन की EMI, बच्चों की फीस और दूसरे जरूरी खर्चों में चला जाता है, तो को-पेमेंट से बचना बेहतर हो सकता है. मेडिकल इमरजेंसी में अचानक अपनी जेब से बड़ी रकम देना मुश्किल हो सकता है. अगर आपको कंपनी की तरफ से हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा मिली हुई है, तो आप को-पेमेंट वाला प्लान चुनने पर विचार कर सकते हैं. हालांकि, कंपनी का कवर पर्याप्त है या नहीं, यह जरूर जांच लें. पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों को भी को-पेमेंट चुनने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए. बार-बार इलाज या अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत पड़ने पर हर बार अपनी जेब से खर्च करना पड़ सकता है.
कितने प्रतिशत का को-पेमेंट चुनना सही?
को-पेमेंट की रकम अपनी आर्थिक स्थिति देखकर तय करनी चाहिए. उदाहरण के लिए, अगर अस्पताल का बिल 1 लाख रुपये है और आपकी पॉलिसी में 25 फीसदी को-पेमेंट है, तो आपको 25 हजार रुपये खुद देने होंगे. इसलिए उतना ही को-पेमेंट चुनें, जितनी रकम आप मेडिकल इमरजेंसी के समय आसानी से चुका सकें. केवल प्रीमियम बचाने के लिए ज्यादा को-पेमेंट लेना समझदारी नहीं है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं