Gold Silver Prices 31 March 2026: इजरायल और अमेरिका के साथ चल रही ईरान की जंग के बीच सोने-चांदी के भाव आज 31 मार्च, मंगलवार की शाम अचानक चढ़ गए. मंगलवार को महावीर जयंती के चलते कमोडिटी मार्केट दिनभर बंद रहा, लेकिन शाम को खुलते ही MCX पर चांदी करीब 8,000 रुपये तक महंगी हो गई. वहीं सोने के भाव में भी करीब 2,000 रुपये का उछाल देखा गया. MCX पर शाम 7:25 बजे तक चांदी 7,956 रुपये चढ़कर 2,36,917 रुपये/किलो के भाव पर ट्रेड करता दिखा. वहीं सोना करीब 1986 रुपये के उछाल के साथ 1,49,650 रुपये के भाव पर ट्रेड करता दिखा. दोनों ही धातुओं में करीब 10,000 रुपये का उछाल दिखा.
दिनभर बंद रहे थे बाजार, शाम में खुला MCX
इससे पहले आज 31 मार्च 2026 को MCX पहले सेशन में बंद रहा. बता दें कि सोमवार को घरेलू कमोडिटी मार्केट में सुबह के शुरुआती घंटों में सोना सस्ता हो गया थ, जबकि शाम में दोनों कीमती धातुओं में तेजी देखने को मिली. घरेलू बाजार की बात करें तो मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MCX) पर सोमवार को सोने का जून वायदा 0.15 प्रतिशत गिरकर 1,47,450 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जबकि चांदी का मई वायदा मामूली बढ़त के साथ 2,29,033 रुपए प्रति किलो पर बंद हुआ था. सोने चांदी के भाव में पिछले कुछ दिनों से लगातार उथल-पुथल जारी है.
आपके शहर में क्या भाव बिक रहा सोना-चांदी?
भारतीय सराफा बाजार में आज यानी 31 मार्च को सोने और चांदी की कीमतों में मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है. जहां एक तरफ भाव में स्थिरता है, वहीं दूसरी ओर कुछ शहरों में हल्की तेजी भी दर्ज की गई है. राजधानी दिल्ली और जयपुर में 24 कैरेट शुद्ध सोने की कीमत ₹1,48,240 प्रति 10 ग्राम पर स्थिर है, जबकि जेवराती सोने (22 कैरेट) का भाव ₹1,36,060 बना हुआ है. वहीं मुंबई, बेंगलुरु, पुणे और कोलकाता जैसे महानगरों में 24 कैरेट सोना ₹1,48,270 और 22 कैरेट सोना ₹1,35,910 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बिक रहा है. अहमदाबाद में आज सोने की चमक सबसे अधिक है, जहाँ 24 कैरेट का भाव ₹1,48,320 तक पहुँच गया है.

चांदी की बात करें तो देश भर के प्रमुख शहरों में आज कीमतों में गजब की एकरूपता दिख रही है. दिल्ली से लेकर चेन्नई और मुंबई से लेकर कोलकाता तक, चांदी ₹2,50,000 प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर मजबूती से टिकी हुई है. विशेषज्ञों का मानना है कि सोने की कीमतों में शहरों के अनुसार जो मामूली अंतर दिख रहा है, वह स्थानीय टैक्स और चुंगी (Octroi) की वजह से है. हालांकि, चांदी की इन रिकॉर्ड कीमतों ने निवेशकों को हैरान कर दिया है, खासकर तब जब शादियों का सीजन सिर पर है और मांग में भारी इजाफा होने की उम्मीद है.
सोने-चांदी की चाल पर क्या कहते हैं दिग्गज एक्सपर्ट्स?
प्रवीण सिंह (कमोडिटी हेड, मिरे एसेट शेयरखान) ने कहा कि बाजार में फिलहाल भारी अस्थिरता का माहौल है. ट्रेडर्स की नजरें डॉलर की मजबूती और कच्चे तेल के बदलते समीकरणों पर टिकी हैं, जिससे कीमतों में पल-पल बदलाव की संभावना बनी रहती है.
दूसरी ओर सौमिल गांधी (सीनियर एनालिस्ट, एचडीएफसी सिक्योरिटीज) ने बताया कि घरेलू बाजार में तेजी की वजह निचले स्तरों पर हो रही खरीदारी और रुपये की कमजोरी है. हालांकि, वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए अभी भी सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है, क्योंकि इस महीने के झटके अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं.'
वहीं, गौरव गर्ग (रिसर्च एनालिस्ट, लेमन मार्केट्स डेस्क) के मुताबिक, मौजूदा बढ़त को देखकर बहुत उत्साहित होने की जरूरत नहीं है. इस महीने हमने सोने में लगभग 16% की ऐतिहासिक गिरावट देखी है, इसलिए निवेशकों को अभी फूंक-फूंक कर कदम रखना चाहिए.
ये भी पढ़ें: ईरान और इजरायल-अमेरिका की जंग को पहला एनर्जी वॉर क्यों कह रहे एक्सपर्ट? जानिए भारत के लिए कहां है अवसर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं