Gold Silver Rates Today: सोना-चांदी तो गजब ही खेल दिखा रहा है. सोमवार को तेजी, मंगल और बुधवार को गिरावट और फिर आज 5 जून, गुरुवार को फिर से उतार-चढ़ाव. मार्केट खुला तो सोने-चांदी के भाव में कमजोरी देखने को मिली और कुछ ही देर के भीतर दोनों कीमती धातु के भाव चढ़ने लगे. घरेलू कमोडिटी मार्केट MCX पर गोल्ड-सिल्वर के भाव में करीब आधा फीसदी तेजी देखने को मिली है. पिछले दो सत्रों में गिरावट के बाद सोने-चांदी को आज थोड़ा सपोर्ट मिलता दिख रहा है.
कमजोरी के साथ खुला, फिर चढ़ गया गोल्ड
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का 5 अगस्त 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,41,270 रुपये के मुकाबले 727 रुपये या 0.51 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,40,672 रुपये पर खुला. हालांकि, शुरुआती कारोबार में ही सोने में खरीदारी देखने को मिली है और सुबह 9:45 पर सोना 240 रुपये या 0.17 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,41,510 रुपये पर था. अब तक के कारोबार में सोने 1,40,543 रुपये का न्यूनतम स्तर और 1,41,989 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ है.
चांदी में भी पहले गिरावट, फिर दिखा उछाल
सोने के साथ चांदी की कीमतों में तेजी देखी जा रही है. हालांकि, चांदी की शुरुआत भी कमजोर हुई थी. चांदी का 3 जुलाई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,13,075 रुपये के मुकाबले 2,767 रुपये या 0.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 2,10,308 रुपये पर था.
सुबह 10:14 बजे तक चांदी 989 रुपये या 0.46 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,14,064 रुपये पर ट्रेड कर रहा था. अब तक के कारोबार में चांदी ने 2,10,043 रुपये का न्यूनतम स्तर और 2,13,075 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ है.
इंटरनेशनल मार्केट में गोल्ड-सिल्वर का हाल
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोना और चांदी में मिलाजुला कारोबार हो रहा है. कॉमेक्स पर सोना 0.05 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,011.65 प्रति औंस और चांदी 1.18 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 57.388 डॉलर प्रति औंस पर थी.
बीते कुछ महीनों में सोने और चांदी में बड़ी बिकवाली देखी गई है. डॉलर में सोना बीते छह महीने में 11.39 प्रतिशत फिसला है. वहीं, बीते तीन महीनों में इसमें 12.19 प्रतिशत और बीते एक महीने में इसमें 10 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है.
चांदी का भी प्रदर्शन करीब ऐसा ही रहा है. चांदी में बीते छह महीने में 25.75 प्रतिशत, बीते तीन महीने में 20.82 प्रतिशत और बीते एक महीने में 24 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है. साथ ही, बीते एक हफ्ते में चांदी का दाम 13 प्रतिशत से अधिक घट गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं