Gold-Silver Price: पिछले 3 हफ्तों से सोने और चांदी की कीमतों को जैसे नजर सी लग गई थी. दाम ऊपर कम नीचे ज्यादा देखे गए. लेकिन पिछले दो से तीन सेशन से एक बार फिर सोने-चांदी की कीमतों ने दम दिखाना शुरू कर दिया है. आज तो निवेशकों की बल्ले-बल्ले ही हो गई. दरअसल सोमवार को गोल्ड और सिल्वर एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स (ETFs) में 11 फीसदी तक की बड़ी बढ़त दर्ज की गई. वैश्विक बाजारों में आई तेजी और निवेशकों के बढ़ते भरोसे को इसके पीछे की वजह बताया जा रहा है.
चांदी 2.6 लाख के पार
इस उछाल में सबसे ज्यादा चौंकाने वाले आंकड़े चांदी के रहे. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी के मार्च फ्यूचर्स में जबरदस्त तेजी देखी गई और इसकी कीमतें 2,60,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर को पार कर गईं. चांदी की इस तेजी ने बाजार के जानकारों को भी हैरान कर दिया है.
क्यों आ रही तेजी?
मार्केट एक्सपर्ट के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षित निवेश के रूप में सोने-चांदी की मांग बढ़ी है. डॉलर इंडेक्स में नरमी आने से बुलियन मार्केट को मजबूती मिली है. साथ ही निवेशक अब सीधे गोल्ड में पैसा लगाने की बजाय ETFs को पसंद कर रहे हैं, जिससे कीमतों को सपोर्ट मिल रहा है. एक बड़ी वजह यह भी है कि पिछले कई दिनों से प्रॉफिट बुकिंग का माहौल बना हुआ था, जो अब काफी हद तक कम हुआ है.
निवेशकों के लिए क्या है सलाह?
पिछले कुछ समय से सुस्त पड़े बुलियन मार्केट में इस अचानक आई तेजी ने निवेशकों के पोर्टफोलियो में जान सी भर दी है. जहां गोल्ड ETFs ने निवेशकों को सेफ रिटर्न का भरोसा दिया, वहीं सिल्वर ETFs ने 11% तक की छलांग लगाकर बाजी मार ली. एक्सपर्ट्स का मानना है कि कीमती धातुओं में यह तेजी अभी जारी रह सकती है, लेकिन निवेशकों को सावधानी बरतने और गिरावट पर खरीदारी की रणनीति अपनाने की सलाह दी गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं