अमेरिकी सेंट्रल बैंक फेड के एक फैसले ने दुनिया भर के शेयर बाजारों के साथ-साथ सोने और चांदी की चमक भी थोड़ी फीकी कर दी है. गुरुवार को भारतीय बाजार (MCX) में सोना और चांदी दोनों थोड़े सस्ते हुए. हालांकि, सोने के दाम भले ही इतने हाई चल रहे हों, लेकिन भारत में इस पर होने वाला खर्च रिकॉर्ड तोड़ चुका है. वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की ताजा रिपोर्ट बताती है कि इस साल भारतीयों ने सोने पर करीब ₹2 लाख करोड़ खर्च कर दिए हैं. आइए आसान भाषा में समझते हैं कि अमेरिकी फैसले का आपके शहर में सोने-चांदी के भाव पर क्या असर पड़ा है और आगे क्या उम्मीद है...
देशभर में आज सोने और चांदी की कीमतों में हलचल देखने को मिली.24 कैरेट और 22 कैरेट सोने के रेट अलग-अलग शहरों में थोड़ा अलग रहे. वहीं मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी सोना और चांदी दोनों में हल्की गिरावट दर्ज की गई.
आज भारत में 24K और 22K सोने का भाव
देश में आज 24 कैरेट सोने की औसत कीमत 1,42,790 रुपये प्रति 10 ग्राम रही. वहीं 22 कैरेट सोने का औसत रेट 1,30,891 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया. पिछले एक महीने में सोने की कीमतों में नरमी देखने को मिली है. हालांकि, बीते एक साल में सोने ने करीब 44.6 फीसदी का शानदार रिटर्न दिया है.
Gold Rate Today: बड़े शहरों में 24 कैरेट सोने का ताजा रेट
- मुंबई में 24 कैरेट सोना 1,42,530 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा.
- दिल्ली में इसकी कीमत 1,42,280 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई.
- चेन्नई में सबसे ज्यादा 1,42,940 रुपये प्रति 10 ग्राम का भाव रहा.
- कोलकाता में 24 कैरेट सोना 1,42,340 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा.
- बेंगलुरु में कीमत 1,42,640 रुपये प्रति 10 ग्राम रही.
- हैदराबाद में सोना 1,42,760 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा.
22 कैरेट गोल्ड रेट: किस शहर में कितना भाव?
मुंबई में 22 कैरेट सोने का रेट 1,30,653 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा.
- दिल्ली में यह 1,30,423 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया.
- चेन्नई में 1,31,028 रुपये प्रति 10 ग्राम का भाव रहा.
- कोलकाता में कीमत 1,30,478 रुपये प्रति 10 ग्राम रही.
- बेंगलुरु में 1,30,753 रुपये प्रति 10 ग्राम और हैदराबाद में 1,30,863 रुपये प्रति 10 ग्राम का रेट दर्ज किया गया.
Silver Price Today: चांदी का ताजा रेट क्या है?
आज देश में 999 फाइन चांदी की औसत कीमत 2,18,160 रुपये प्रति किलोग्राम रही. वहीं 925 स्टर्लिंग सिल्वर का रेट 2,01,798 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया. पिछले एक महीने में चांदी की कीमत करीब 5 फीसदी घटी है. हालांकि, बीते एक साल में चांदी ने करीब 93 फीसदी की तेजी दिखाई है.
आज बड़े शहरों में चांदी का रेट
- मुंबई में चांदी 2,17,760 रुपये प्रति किलो रही.
- दिल्ली में कीमत 2,17,390 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई.
- चेन्नई में सबसे ज्यादा 2,18,390 रुपये प्रति किलो का भाव रहा.
- कोलकाता में चांदी 2,17,470 रुपये प्रति किलो रही.
- बेंगलुरु में इसका रेट 2,17,930 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया.
- हैदराबाद में चांदी 2,18,110 रुपये प्रति किलो पर रही.
MCX पर फिसले सोना और चांदी के दाम
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी गुरुवार को सोने और चांदी में हल्की कमजोरी देखने को मिली. अगस्त डिलीवरी वाला गोल्ड फ्यूचर्स 181 रुपये यानी 0.13 फीसदी गिरकर 1,41,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा. पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,41,781 रुपये पर बंद हुआ था.
वहीं अक्टूबर गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट 252 रुपये यानी 0.18 फीसदी टूटकर 1,43,031 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. दूसरी ओर, सितंबर सिल्वर फ्यूचर्स भी 0.51 फीसदी की गिरावट के साथ 2,16,376 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करता दिखा.
कीमतों में तेजी, फिर भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा खर्च,गोल्ड ETF का जलवा
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) की रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल से जून 2026 के दौरान भारत में कुल गोल्ड डिमांड सालाना आधार पर 6 फीसदी घटकर 131.4 टन रही. हालांकि, ऊंची कीमतों की वजह से सोने की खरीद का कुल मूल्य 50 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड 1,98,100 करोड़ रुपये पहुंच गया.
रिपोर्ट के मुताबिक ज्वेलरी डिमांड 15 फीसदी घटकर 75.1 टन रही, जबकि गोल्ड बार और कॉइन की मांग 9 फीसदी बढ़कर 50.3 टन हो गई. गोल्ड ETF में निवेश भी सालाना आधार पर 49 फीसदी बढ़कर 4.2 टन पहुंच गया.
त्योहारी और शादी के सीजन में बढ़ेगी डिमांड
WGC के अनुसार महंगी कीमतों के कारण ग्राहकों ने हल्के वजन के गहनों, कम कैरेट वाले ज्वेलरी और पुराने गहनों के एक्सचेंज का ऑप्शन ज्यादा चुना. वहीं निवेशकों के बीच सोना सुरक्षित निवेश के तौर पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है.
रिपोर्ट में अनुमान जताया गया है कि त्योहारी और शादी के सीजन में सोने की मांग को सहारा मिल सकता है. हालांकि, ऊंची कीमतें और कमजोर मानसून चुनौती बने रह सकते हैं. पूरे साल 2026 में भारत की गोल्ड डिमांड 650 से 750 टन के बीच रहने का अनुमान है.
दुनिया में क्या है गोल्ड का हाल?
ग्लोबल मार्केट में दूसरी तिमाही में कुल गोल्ड डिमांड लगभग 1,269 टन रही और साल की पहली छमाही में यह 2 फीसदी बढ़कर 2,522 टन पहुंच गई. इसकी कुल वैल्यू रिकॉर्ड 380 अरब डॉलर रही.इस दौरान गोल्ड ETF, बार और कॉइन में निवेश कुछ नरम पड़ा, जबकि दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों ने अपने गोल्ड रिजर्व में शुद्ध 289 टन सोना जोड़ा, जो पिछले साल के मुकाबले 62 फीसदी ज्यादा है. दूसरी ओर, ऊंची कीमतों की वजह से ज्वेलरी की मांग 17 फीसदी घटी, लेकिन वैल्यू के लिहाज से खर्च मजबूत बना रहा.
Fed के फैसले का असर और आगे क्या?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को 3.5 से 3.75 फीसदी के बीच स्थिर रखने के बाद सोने को सपोर्ट मिला. हालांकि, मजबूत अमेरिकी डॉलर की वजह से कॉमेक्स गोल्ड फ्यूचर्स अगस्त डिलीवरी के लिए न्यूयॉर्क में 4,031.70 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करता दिखा.
WGC की सीनियर मार्केट्स एनालिस्ट लुईस स्ट्रीट का कहना है कि 2026 की दूसरी छमाही में गोल्ड की मांग को सबसे ज्यादा सहारा निवेश से मिलने की उम्मीद है. वहीं केंद्रीय बैंक भी सोने की खरीद जारी रख सकते हैं, हालांकि पिछले चार साल की तुलना में इसकी रफ्तार कुछ धीमी रह सकती है. ऊंची कीमतों का दबाव ज्वेलरी की मांग पर बना रहने की संभावना है.
ये भी पढ़ें- ITR Filing 2026: आखिरी मौका! 31 जुलाई तक ITR नहीं भरा तो लगेगा भारी जुर्माना, क्या बढ़ सकती है डेडलाइन?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं