EPFO की वेबसाइट कब से शुरू होगी, इस सवाल का जवाब करोड़ों नौकरीपेशा लोग जानना चाहते हैं. वेबसाइट अपग्रेडेशन के चलते EPFO का पोर्टल पिछले 7 दिन से अस्थाई रूप से बंद था. आज शुक्रवार, 3 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे EPFO की वेबसाइट खुल गई है. हालांकि UAN पोर्टल पर अब भी दिक्कतें आ रही हैं. NDTV ने EPFO का मेन वेबसाइट खोला तो ये खुल गया. हालांकि जब अपना PF बैलेंस वगैरह जानने के लिए यहां से UAN पोर्टल पर जाने की कोशिश की गई तो ये नहीं खुल रहा था. सुबह 10:33 बजे खबर लिखे जाने तक ये दिक्कत बनी हुई है. बता दें कि 7 करोड़ EPF सब्सक्राइबर्स EPFO के UAN पोर्टल पर ही लॉगिन कर के अपना PF बैलेंस चेक करने, ऑनलाइन क्लेम स्टेटस चेक करने और ऐसे ही अन्य जरूरी काम कर पाते हैं.
पॉप-अप नोटिस गायब, लेकिन...
जैसा कि EPFO ने गुरुवार को होमपेज पर एक बड़ा-सा पॉप-अप नोटिस लगा रखा था, जिस पर साफ लिखा था कि वेबसाइट 3 जुलाई को खुलेगी और PF से जुड़ी सर्विसेस रेज्यूम यानी फिर से चालू हो जाएगी. लेकिन गुरुवार की सुबह 9 बजे तक वेबसाइट नहीं खुली और होमपेज पर यही नोटिस चिपका दिख रहा था. हालाकि सुबह करीब 10 बजे NDTV ने फिर से चेक करने के लिए जब वेबसाइट खोला तो ये ओपन हो गया. हमने प्रमाण के तौर पर तुरंत एक स्क्रीनशॉट ले लिया.

जिसका डर था, वही हुआ!
वेबसाइट एक बार खुल तो गई, लेकिन जैसे ही यहां से UAN के जरिये लॉगिन करने के लिए मेंबर्स पेज पर जाना चाहा तो UAN पोर्टल जाम हो गया. यहां तक कि मेन वेबसाइट पर भी अब अंडर मेंटेनेंस का नोटिफिकेशन आ रहा है.
अधिकारिक सूत्रों ने NDTV को बताया कि सर्विस को बेहतर बनाने, प्रोसेसिंग कैपेसिटी को बढ़ाने और यूजर्स को अच्छा अनुभव देने के लिए, EPFO क्लेम प्रोसेसिंग सिस्टम के लिए डेटाबेस कंसोलिडेशन और सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन का अपग्रेडेशन कर रहा है. इसलिए इसे स्टेबल होने में अभी समय लग सकता है.

आज से आने वाली है PF के ब्याज की रकम, लेकिन..
EPFO ने आज से अपने खाताधारकों को वर्ष 2025-26 का ब्याज देना शुरू किया है. हालांकि 7 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स को ब्याज की राशि ट्रांसफर करने में 15 दिन लग सकते हैं. आज बहुतों के खाते में ये रकम आ सकती है. ऐसे में बड़ी संख्या में लोग ये चेक करना चाहते हैं कि उनके खाते में ब्याज की राशि जुड़ी या नहीं. अगर आप पोर्टल नहीं खुलने से परेशान हैं और अपना बैलेंस चेक नहीं कर पा रहे हैं तो आपके पास और भी विकल्प हैं.
ऐसे मिस्ड कॉल से जान सकते हैं PF का बैलेंस
बैलेंस चेक करने का सबसे आसान तरीका मिस्ड कॉल का है. इसके लिए आपको अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से एक टोल-फ्री नंबर पर कॉल करना होगा. नंबर 9966044425 है. इस नंबर पर कॉल करते ही दो रिंग के बाद फोन अपने आप कट जाएगा. फिर कुछ ही सेकंड बाद आपके फोन पर एक SMS आएगा, जिसमें आपके पीएफ अकाउंट की पूरी डिटेल यानी बैलेंस, लास्ट कॉन्ट्रीब्यूशन और नाम लिखा होगा. एक जरूरी बात ये कि इसके लिए आपका UAN एक्टिव होना चाहिए और मोबाइल नंबर EPFO में रजिस्टर्ड होना चाहिए.
SMS के जरिए जान सकते हैं PF बैलेंस
मिस्ड कॉल के अलावा आप एक सिंपल मैसेज भेजकर भी बैलेंस मंगवा सकते हैं. इसके लिए अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से मैसेज बॉक्स में जाकर टाइप करें, EPFOHO UAN LAN. यहां LAN का मतलब लैंग्वेज है. यहां भाषा का कोड लिखना होगा, जैसे हिंदी के लिए HIN और इंग्लिश के लिए ENG.
जैसे कि अगर आपका UAN 123456789012 है और आप हिंदी में बैलेंस जानना चाहते हैं, तो EPFOHO 123456789012 HIN लिखना होगा. फिर इस मैसेज को 7738299899 पर सेंड कर दें. कुछ ही देर में आपको रिप्लाई मैसेज में जानकारी मिल जाएगी.
विभाग का दावा- काफी कुछ आसान हो जाएगा
EPFO की वेबसाइट को लेकर लोगों को जो शिकायतें रहा करती थीं, उम्मीद की जा रही हैं कि वे अब दूर हो जाएंगी. हाल ही में EPFO ने अपने तमाम सब्सक्राइबर्स को एक मैसेज भेजा. इसमें उसने बताया कि EPFO अपने डेटाबेस को एक साथ लाने और सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन को अपग्रेड कर रहा है. इस बदलाव के चलते 26 जून से सदस्यों के लिए क्लेम सब्मिट करने और पासबुक डाउनलोड करने जैसी सेवाएं कुछ समय के लिए उपलब्ध नहीं हैं. पीएफ खाताधारक और कंपनियां EPFO के पोर्टल पर लॉगिन नहीं कर पा रहे हैं. इसके चलते कई जरूरी काम अटके हुए हैं.
EPFO का दावा है कि जल्द ही ये सेवाएं फिर से बहाल हो जाएंगी.
- PF का बैलेंस चेक करना और पासबुक देखना
- क्लेम सब्मिट (पैसे निकालने के लिए आवेदन) करना
- PF क्लेम का स्टेटस देखना
- अपना नाम, बर्थ डेट और अन्य पर्सनल डिटेल्स अपडेट करना
- PF ट्रांसफर के लिए ऑनलाइन रिक्वेस्ट डालना
- कंपनियों का एडमिनिस्ट्रेटिव और कंप्लायंस से जुड़े रूटीन काम करना
अगर आप भी अपने PF खाते से जुड़ा कोई काम करने के लिए परेशान हो रहे हैं तो आपको थोड़ा और इंतजर करना पड़ सकता है.
ये भी पढ़ें: पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर बड़ी खबर, पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने बता दिया- अभी दाम कम होंगे या नहीं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं