विज्ञापन

EPFO ने किए बड़े बदलाव: 5 लाख तक ऑटो सेटलमेंट, PF का पैसा निकालना हुआ आसान, जानें सबकुछ

EPFO ने अपने कामकाज को पूरी तरह डिजिटल और आसान बना दिया है. 5 लाख तक के ऑटो-सेटलमेंट से लेकर ब्याज भुगतान के नए नियमों तक, जानें EPFO की नई सेंट्रलाइज्ड आईटी सिस्टम से आपको क्या फायदे मिलेंगे...

EPFO ने किए बड़े बदलाव: 5 लाख तक ऑटो सेटलमेंट, PF का पैसा निकालना हुआ आसान, जानें सबकुछ
EPFO New Rules: पेंशनर्स भी अब किसी भी पीएफ ऑफिस में जाकर अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं और अपनी पेंशन किसी भी बैंक खाते में ले सकते हैं

अगर आपका PF कटता है या आप EPFO के सदस्य हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत काम की है. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने नए सेंट्रलाइज्ड आईटी इनेबल्ड सर्विसेज (CITES) प्रोजक्ट के तहत कई बड़े बदलाव किए हैं. इन बदलावों का मकसद PF से जुड़ी हर सर्विस को तेज, आसान और पूरी तरह ऑनलाइन बनाना है. अब क्लेम करने से लेकर पैसे मिलने, नौकरी बदलने पर PF ट्रांसफर, ब्याज मिलने और पेंशन तक की कई प्रोसेस पहले के मुकाबले काफी आसान हो जाएंगी. सबसे बड़ी बात यह है कि अब 5 लाख रुपये तक के एडवांस PF क्लेम का ऑटो सेटलमेंट होगा और FY 2025-26 का 8.25 फीसदी ब्याज भी पहले से काफी जल्दी खातों में आएगा.

पहले जहां एक छोटे से काम के लिए आपको अपने रीजनल ऑफिस के चक्कर लगाने पड़ते थे, वहीं अब पूरा सिस्टम एक नेशनल डेटाबेस पर आ गया है, जिससे आप देश के किसी भी कोने से PF अकाउंट से जुड़ी अपनी सर्विस रिक्वेस्ट भेज सकते हैं.

EPFO के CITES यानी सेंट्रलाइज्ड आईटी इनेबल्ड सर्विसेज प्रोजक्ट का मकसद EPFO की सभी सर्विस को ऑटोमेट करना और एक ही सिस्टम पर लाना है. इससे अब कई काम बिना बार बार ऑफिस जाए भी पूरे हो सकेंगे. आइए जानते हैं कि इस बदलाव से आपको क्या-क्या फायदे होने वाले हैं...

15 जुलाई तक मिलेगा EPF का ब्याज

EPFO पहली बार नए सेंट्रलाइज्ड IT सिस्टम के जरिए वित्त वर्ष 2025-26 का 8.25 फीसदी ब्याज ऑटो प्रोसेस कर रहा है. फिलहाल फील्ड लेवल पर जांच की जा रही है ताकि किसी भी खाते में गलत ब्याज न पहुंचे. इसके बाद करीब 34 करोड़ EPF खातों में 1.44 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का ब्याज 15 जुलाई तक जमा कर दिया जाएगा. पहले ब्याज की घोषणा के बाद पैसा खाते में आने के लिए अक्टूबर-नवंबर तक का इंतजार करना पड़ता था लेकिन अब तेजी से  ब्याज का पैसा मिलेगा.

 Member Portal पर एक ही जगह  मिलेगी PF की पूरी जानकारी

अब यूनिफाइड मेंबर पोर्टल के जरिए लॉग इन करते ही एक ही जगह पर PF बैलेंस, क्लेम स्टेटस, मेंबरशिप यूनिफाइड, पेंशन से जुड़ी सर्विस रिकॉर्ड और पहले लिए गए सभी बेनिफिट की जानकारी मिल जाएगी. पहले यह जानकारी अलग अलग सिस्टम में रहती थी, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती थी.

क्लेम ऑटोमैटिक होगा चेक, रिजेक्शन की समस्या खत्म!

अब आपका  EPFO क्लेम ऑफिस में प्रोसेस होने से पहले ही ऑटोमैटिक चेक करेगा.अगर किसी जानकारी में कमी होगी या कोई गलती होगी तो सिस्टम पहले ही आपको बता देगा. जिससे आपका क्लेम रिजेक्ट नहीं होगा और पहली बार में ही पास होने की संभावना बढ़ जाएगी.साथ ही सिस्टम यह भी बताएगा कि अलग अलग कैटेगरी में आप कितना PF निकाल सकते हैं. अगर आपने तय सीमा से ज्यादा रकम डाल दी तो सिस्टम पहले ही अलर्ट कर देगा. इससे क्लेम रिजेक्ट होने की संभावना काफी कम होगी.

5 लाख तक रुपये तक का ऑटो-सेटलमेंट

EPFO ने ऑटो-सेटलमेंट की लिमिट 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी है. अगर आपका एडवांस क्लेम पूरी तरह KYC से जुड़ा और सही पाया जाता है तो उसे बिना ज्यादा इंतजार के ऑटो मोड में प्रोसेस किया जाएगा. इससे क्लेम का पैसा पहले से काफी जल्दी मिलेगा.यानी केवाईसी-लिंक्ड और वैलिडेटेड क्लेम अब अपने आप सेटल हो जाएंगे.

क्लेम पर ऑनलाइन मिलेगा जवाब

अगर क्लेम के दौरान अगर कोई और जानकारी चाहिए होगी तो EPFO ऑनलाइन ही जानकारी मांगेगा और और आप उसका जवाब भी ऑनलाइन दे सकेंगे. इससे ऑफिस जाने की जरूरत कम होगी. 

सीधे बैंक खाते में पैसा क्रेडिट

इसके साथ ही नया सेट्रेलाइज्ड पेमेंट सिस्टम लागू किया गया है. क्लेम का पैसा अब एक सेंट्रलाइज्ड पेमेंट सिस्टम के जरिए सीधा आपके बैंक खाते में सेटलमेंट वाले दिन ही क्रेडिट कर दिया जाएगा, जिससे पैसा मिलने में देरी नहीं होगी.

PF सेटलमेंट ज्यादा ब्याज

अब फाइनल PF सेटलमेंट में ब्याज की गणना पेमेंट मंजूर होने के दिन तक की जाएगी. पहले ब्याज सिर्फ पिछले महीने के आखिरी दिन तक ही मिलता था. यानी आपको अब पहले से ज्यादा ब्याज मिलेगा.

विड्रॉल के नियम हुए आसान 

इसके अलावा पहले मौजूद 13 अलग अलग Partial Withdrawal Rules को आसान बनाकर सिर्फ तीन कैटेगरी में रखा गया है. इनमें Essential Needs, Housing Needs और Special Circumstances शामिल हैं. अब आप अपने पीएफ बैलेंस का 75% तक निकाल सकेंगे.

नौकरी बदलते ही PF अपने आप होगा ट्रांसफर

अगर आपका UAN आधार से लिंक है तो नौकरी बदलने पर PF अकाउंट अपने आप ट्रांसफर हो जाएगा. इसके साथ आपकी सर्विस हिस्ट्री भी अपने आप जुड़ जाएगी, जिससे पेंशन के लिए सर्विस लगातार बनी रहेगी. पहले इसके लिए पुराने नियोक्ता, नए नियोक्ता और EPFO की मंजूरी लेनी पड़ती थी. कई बार अलग से क्लेम भी करना पड़ता था.अब नौकरी बदलते ही आपका पीएफ खाता और सर्विस हिस्ट्री अपने आप नए खाते में ऑटो ट्रांसफर हो जाएगी। आपको इसके लिए अलग से कोई एप्लीकेशन नहीं देनी होगी।

पेशनर्स और मेंबर्स दोनों को मिलेगा बड़ा फायदा

अब EPFO सब्सक्राइबर्स अपनी किसी भी समस्या या जानकारी के लिए देश के किसी भी EPFO ऑफिस में जा सकेंगे. पहले सिर्फ उसी रीजनल पीएफ ऑफिस में जाना पड़ता था जहां अकाउंट जुड़ा होता था. EPS पेंशन लेने वाले लोग भी अब किसी भी PF ऑफिस में जाकर सेवाएं ले सकेंगे और  जीवन प्रमाण पत्र (Life Certificate) जमा कर सकेंगे. इसके अलावा सेट्रेलाइज्ड पेंशन पेमेंट सिस्टम यानी CPPS के तहत पेंशन किसी भी Regional Office से प्रोसेस होने के बाद भारत के किसी भी बैंक खाते में भेजी जा सकेगी. पहले पेंशन सिर्फ उसी ब्रांच ऑफिस से मिलती थी जहां पेंशन पेमेंटस ऑर्डर यानी PPO लिंक होता था.

ये भी पढ़ें-  ITR Filing 2026: इनकम टैक्स विभाग ने बताए 'गोल्डन रूल्स', रिटर्न भरने से पहले भूलकर भी न करें ये गलतियां

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
EPFO, EPFO New Rules, EPF Interest Credit, EPFO Auto Settlement, PF Withdrawal Rules
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com