PF Interest Rate: अगर आप नौकरी करते हैं और आपका पीएफ (PF) कटता है, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है. केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कर्मचारियों के भविष्य निधि (EPF) डिपॉजिट पर8.25 फीसदी ब्याज दर को मंजूरी दे दी है. बता दें कि यह लगातार तीसरा साल है जब EPF पर 8.25 फीसदी ब्याज दर बरकरार रखी गई है. यानी कर्मचारियों को अपनी बचत पर पहले जितना ही रिटर्न मिलता रहेगा.देश के 7 करोड़ से ज्यादा EPF खाताधारकों के खाते में ब्याज का पैसा आने वाला है . लेकिन सवाल ये है कि आखिर कब आपके खाते में ये पैसा क्रेडिट किया जाएगा . आइए जानते हैं....
वित्त मंत्रालय से मिली हरी झंडी,
नियमों के मुताबिक, एम्प्लॉइज प्रोविडेंट फंड ऑर्गेनाइजेशन (EPFO) ब्याज दर तभी देता है जब उसे वित्त मंत्रालय की मंजूरी मिल जाती है.EPFO की ओर से तय की गई ब्याज दर को लागू करने से पहले वित्त मंत्रालय की मंजूरी जरूरी होती है. सूत्रों के मुताबिक, वित्त मंत्रालय ने 8.25 फीसदी ब्याज दर के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.इसके बाद अब EPFO जल्द ही सभी पात्र सदस्यों के खातों में ब्याज की रकम जमा करने की प्रक्रिया शुरू करेगा.
मार्च में लिया गया था फैसला
2 मार्च 2026 को केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया की अध्यक्षता में हुई EPFO की सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की बैठक में 2025-26 के लिए 8.25 फीसदी ब्याज दर तय की गई थी.इसके बाद यह प्रस्ताव मंजूरी के लिए वित्त मंत्रालय को भेजा गया था, जिसे अब हरी झंडी मिल चुकी है.अब श्रम मंत्रालय के निर्देश पर ईपीएफओ इसी महीने कर्मचारियों के खातों में ब्याज का पैसा डालना शुरू कर देगा.

अब ब्याज क्रेडिट होने में नहीं होगी देरी, कब आएगा PF खाते में ब्याज?
सूत्रों के अनुसार, EPFO इसी महीने यानी जून में ही खातों में ब्याज का पैसा क्रेडिट कर सकता है. यानी 7 करोड़ से ज्यादा EPF कर्मचारियों के PF बैलेंस में जल्द बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.
EPFO ने हाल ही में नया डिजिटल सिस्टम तैयार किया है. इस नए सिस्टम की मदद से ब्याज की रकम पहले के मुकाबले ज्यादा तेजी से खातों में जमा की जा सकेगी.अधिकारियों का कहना है कि अब ब्याज क्रेडिट की प्रक्रिया और आसान और तेज हो जाएगी. अब पीएफ का ब्याज सब्सक्राइबर्स के खातों में बिना किसी देरी के तुरंत क्रेडिट हो जाएगा. इसके लिए अब लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं