विज्ञापन
This Article is From Nov 14, 2025

दिल्‍ली बम धमाका: कूंचा महाजनी में सोने-चांदी का कारोबार 70% तक घटा, अगले हफ्ते सामान्‍य होने की उम्मीद

ऑल बुलियन एंड ज्‍वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश सिंघल ने एनडीटीवी से बातचीत में कहा कि पिछले तीन दिनों में हमारा बिजनेस 60% से 70% फीसदी तक घट गया है. पहले के मुकाबले अब सिर्फ 30 फीसदी से 40 फीसदी तक ही खरीदार सोना-चांदी खरीदने आ रहे हैं.

दिल्‍ली बम धमाका: कूंचा महाजनी में सोने-चांदी का कारोबार 70% तक घटा, अगले हफ्ते सामान्‍य होने की उम्मीद
  • दिल्ली के लाल किले से चांदनी चौक तक के रास्ते बम धमाके की जांच के कारण बंद हैं, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई है.
  • चांदनी चौक के कूंचा महाजनी में बम धमाके के बाद सोना-चांदी के व्यापार में 60 से 70 प्रतिशत की कमी आई है.
  • जांच एजेंसियां घटनास्थल से सबूत जुटा रही हैं, जिससे इलाके में निजी वाहन और मेट्रो सेवा पर प्रतिबंध है.
नई दिल्‍ली :

दिल्ली में सोमवार को हुए आतंकी बम धमाके के बाद से ही दिल्ली पुलिस ने लाल किले से सीधे चांदनी चौक जाने वाले रास्तों को घटनास्थल की जांच की वजह से बंद कर रखा है. जिस जगह पर बम धमाका हुआ है, वहां नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी और जांच से जुड़ी दूसरी सुरक्षा एजेंसियों के बड़े अधिकारी घटनास्थल से सबूत इकट्ठा कर रहे हैं. इसकी वजह से इस पूरे इलाके में निजी गाड़ियों और बस की आवाजाही पर रोक लगी हुई है और मेट्रो स्टेशन भी सोमवार शाम से ही बंद है. इसकी वजह से एशिया के सबसे बड़े सोना-चांदी बाजार, "कूंचा महाजनी" में आभूषण खरीददारों की संख्या काफी ज्यादा घट गई है.

एनडीटीवी से बातचीत में ऑल बुलियन एंड ज्‍वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश सिंघल ने गुरुवार को कहा, "पिछले तीन दिनों में हमारा बिजनेस 60% से 70% फीसदी तक घट गया है. पहले के मुकाबले अब सिर्फ 30 फीसदी से 40 फीसदी तक ही खरीदार सोना-चांदी खरीदने आ रहे हैं. कूंचा महाजनी में हजारों करोड़ का व्यापार होता है, लेकिन ट्रैफिक रेस्ट्रिक्शन और बम धमाके की वजह से बढ़ी असुरक्षा की वजह से खरीददार बाजार आने से बच रहे हैं".

Latest and Breaking News on NDTV

योगेश सिंघल ने कहा कि अगले हफ्ते से ही सोना-चांदी का व्यापार "कूंचा महाजनी" मार्किट यहां सामान्य हो पाएगा.

धीरे-धीरे सामान्‍य हो रहे हैं हालात

सोमवार को दिल्ली में हुए बम धमाके के तीन दिन बाद एनडीटीवी की टीम ने जब चांदनी चौक बाजार का दौरा किया तो आम खरीददारों की संख्या में कुछ सुधार दिखा. आम उपभोक्ता धीरे-धीरे बाजार में लौटने लगे हैं. हालांकि एशिया के सबसे बड़े सोना-चांदी के बाजार "कूंचा महाजनी" में सोना-चांदी का कारोबार औसत से 60 फीसदी से 70 फीसदी तक कम हो पा रहा है.

रोजाना 500 करोड़ तक का व्‍यापार: खंडेलवाल 

एनडीटीवी से बातचीत में बुधवार को कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के महासचिव और चांदनी चौक से बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा था, "चांदनी चौक इलाके में करीब 450 करोड़ से 500 करोड़ रुपए तक का व्यापार हर दिन होता है. चांदनी चौक देश की सबसे बड़ी होलसेल मंडी है, 100 से 150 आइटमों की. हमारा अनुमान है कि 300 से 400 करोड़ तक का व्यापार टेंपरेरी तौर पर चांदनी चौक में बम धमाके की वजह से प्रभावित हुआ होगा".

व्यापारी संगठनों को उम्मीद है कि जैसे ही स्थिति सामान्य होगी, आवागमन शुरू होगा और कस्टमर जरूर वापस लौट कर आएंगे. पिछले तीन दिनों से पूरा चांदनी चौक बाजार खुला है, सिर्फ दो बाजारों को बम धमाके की जांच के कारण प्रशासन ने बंद कराया है.

बाजार में जरूर लौटेंगे उपभोक्‍ता: खंडेलवाल

प्रवीण खंडेलवाल के मुताबिक, "जो B2C व्यापार है, जो कस्टमर बाजार में आता है उसका आना चांदनी चौक बाजारों में कम है क्योंकि चांदनी चौक की जो एंट्री लाल किले के सामने से होती है, वहां पर पुलिस ने प्रतिबंध लगाए हैं. ट्रांसपोर्टेशन का कोई साधन खुला नहीं है. मेट्रो स्टेशन बंद है, बसें नहीं जा रही हैं. निजी गाड़ियां नहीं जा सकती हैं. इसकी वजह से B2C कस्टमर बाजार में नहीं आ रहे हैं. यह शादी का सीजन है और बहुत से लोगों ने अपने ऑर्डर्स दे रखे हैं, उपभोक्ता वापस बाजार में जरूर लौटेंगे. यह सिर्फ टेंपरेरी इंपैक्ट है".

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Bomb Blast, Delhi Bomb Blast Impacted Trade, Gold And Silver Trade Declining
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com