Stock Market Updates: ग्लोबली मार्केट में लगातार उठा-पटक का दौर जारी है. कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें दुनियाभर के बाजार में प्रेशर बना रही है. इसका असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई दे रहा है. हालांकि विदेशी निवेशकों (FII) की बिकवाली के बावजूद भारतीय शेयर बाजार ज्यादा नहीं गिरा. इसकी बड़ी वजह घरेलू निवेशकों (DII) का सपोर्ट रहा. दरअसल पिछले हफ्ते विदेशी निवेशकों ने करीब 13,580 करोड़ रुपये के शेयर बेच दिए, यानी उन्होंने बाजार से पैसा निकाल लिया. लेकिन वहीं दूसरी तरफ, भारतीय निवेशकों ने मौका देखकर खरीदारी की. उन्होने करीब 18,520 करोड़ रुपये का पैसा बाजार में लगाया. इसका फायदा ये हुआ कि जब बाजार गिरने लगा, तब घरेलू निवेशकों की खरीदारी ने उसे संभाल लिया.
मई महीने का रिपोर्ट कार्ड
अगर पूरे मई महीने की बात करें, तो विदेशी और घरेलू निवेशकों के बीच की ये अंतर साफ दिख जाता है. विदेशी निवेशकों ने जहां 24,660 करोड़ रुपये की कुल बिकवाली की. उसके उलट घरेलू निवेशकों ने 39,920 करोड़ रुपये के शेयर खरीद कर बाजार को संभाला. आंकड़े गवाह दे रहे हैं विदेशी निवेशकों से ज्यादा घरेलू निवेशक बाजार में पैसा लगा रहे हैं. यही वजह है कि बड़ी बिकवाली के बाद भी बाजार का हौसला पूरी तरह नहीं टूटा है.

Stock Market Updates
हफ्ते के दो दिन विदेशी निवेशकों ने की खरीदारी
बीते कारोबारी हफ्ते की शुरुआत उतार-चढ़ाव भरी रही. हफ्ते के पहले तीन दिनों में विदेशी निवेशकों की निकासी ने बाजार पर दबाव बनाया और करीब 15,100 करोड़ के शेयर बेचे. हालांकि, आखिरी दो सेशन, गुरुवार और शुक्रवार में कहानी कुछ पलटी और विदेशी निवेशकों ने 1,520 करोड़ रुपये की खरीदारी के साथ बाजार में वापसी के कुछ संकेत दिए. वहीं दूसरी तरफ घरेलू निवेशकों ने 5 सेशन में से 4 में जमकर खरीदारी की. सिर्फ एक दिन शुक्रवार को 1,960 करोड़ रुपये उन्होंने बाजार से निकाले.
विदेशी निवेशक क्यों निकाल रहे पैसा?
विदेशी निवेशक का पैसा निकालना काफी चिंताजनक है. देश से विदेशी मुद्रा बाहर चली जाती है, जिससे रुपये पर प्रेशर बनता है. मार्केट एक्सपर्ट की माने तो इस समय सेंसेक्स और निफ्टी पर घरेलू और वैश्विक कई मौर्चों पर दबाव बन रहा है. जैसे कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिसकी वजह से देश में महंगाई बढ़ने की आशंका है. इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार कमजोर हो रहा है. वहीं मिडिल ईस्ट में बढ़ते टेंशन को देखते हुए निवेशक अलर्ट मोड पर हैं.
सेंसेक्स-निफ्टी पर दिखा असर
घरेलू निवेशकों की दमदार खरीदारी के चलते देश का बाजार पहले से अच्छा प्रदर्शन कर रहा है. हालांकि रिकवरी के दिन कम रहे, लेकिन जब बाजार चढ़ा तो हर सेक्टर में ग्रोथ देखी गई. वहीं, जब बाजार लाल निशान में बंद हुआ तो एक या दो सेक्टर में बिकवाली उसकी वजह रही. हफ्ते के आखिर में निफ्टी करीब 2.2% टूटकर 23,643.5 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं, सेंसेक्स (Sensex) में 2.7% की भारी गिरावट देखी गई और ये 75,238 के स्तर पर सिमट गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं