विज्ञापन

सिर्फ प्लांट-फैक्टरी नहीं, हम एमपी के भविष्य में निवेश कर रहे हैं: जीत अदाणी

अदाणी ग्रुप ने मध्य प्रदेश के शिवपुरी में दक्षिण एशिया के सबसे बड़े प्राइवेट-सेक्टर मिसाइल इकोसिस्टम की आधारशिला रखी है. 2,500 करोड़ के इस प्रोजेक्ट से देश रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा और करीब 5,000 लोगों को रोजगार मिलेगा.

सिर्फ प्लांट-फैक्टरी नहीं, हम एमपी के भविष्य में निवेश कर रहे हैं: जीत अदाणी
अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस सेक्टर, डीआरडीओ के साथ मिलकर काम कर रहा है.
NDTV

देश को डिफेंस सेक्टर में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अदाणी ग्रुप ने ऐतिहासिक शुरुआत कर दी है. ग्रुप ने एमपी के शिवपुरी में दक्षिण एशिया के सबसे बड़े प्राइवेट-सेक्टर मिसाइल इकोसिस्टम की आधारशिला रख दी है. ये देश के इतिहास में पहली बार हो रहा है जब पब्लिक सेक्टर से बाहर, एक ही छत के नीचे कच्चे माल से लेकर पूरी तरह से तैयार मिसाइलों को बनाया जाएगा. कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के डायरेक्टर जीत अदाणी, अदाणी पोर्ट्स के एमडी करण अदाणी मौजूद रहे. जीत अदाणी ने इस उपलब्धि को भारत की आत्मनिर्भरता को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया. 

मध्य प्रदेश में 1.10 लाख करोड़ रुपये का निवेश

जीत अदाणी ने कहा, "मध्य प्रदेश में ये खास प्रोजेक्ट लाना हमारे लिए सम्मान की बात है. पिछले साल भोपाल में हुए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में, हमारे चेयरमैन गौतम अदाणी ने प्रदेश में हाइड्रो पंपेड स्टोरेज, सीमेंट, माइनिंग, स्मार्ट मीटर और थर्मल एनर्जी जैसे सेक्टर्स में ₹1,10,000 करोड़ के निवेश का वादा किया था. इससे 2030 तक 1,20,000 नौकरियां पैदा होंगी और हम जो भी नया प्रोजेक्ट शुरू करते हैं, वो उसी वादे को पूरा करने की दिशा में एक कदम है."

'अदाणी ग्रुप एमपी और लोगों के भविष्य में कर रहा निवेश'

जीत अदाणी ने ग्रुप के निवेश के बारे में जानकारी देते हुए कहा, "हमने कटनी जिले में मौजूद अमेथा और कैमोर प्लांट में पहले ही 4,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया है. आज, अदाणी पावर राज्य को 1,200 मेगा वॉट बिजली सप्लाई कर रही है और 5,600 मेगा वॉट की अतिरिक्त सप्लाई की तैयारी चल रही है. हमने लाहोरी, धार, रतलाम और उज्जैन में विंड एनर्जी प्रोजेक्ट भी शुरू किए हैं और जल्द ही उज्जैन में एक सीमेंट प्लांट की नींव रखेंगे. कुछ हफ्ते पहले ही, हमने 1,060 करोड़ रुपये की गुना सीमेंट यूनिट का काम शुरू किया, जो गुना के इतिहास में सबसे बड़ा निवेश है. ये निवेश सिर्फ प्लांट और फैक्टरियों में नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के लोगों और भविष्य में किए जा रहे हैं."

पीएम मोदी की आत्मनिर्भर भारत मुहिम को मिलेगी ताकत

जीत अदाणी ने पीएम मोदी के आत्मनिर्भरता मुहिम का जिक्र करते हुए कहा, "हमारा ये कदम पीएम मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विजन के अनुसार भी है. अदाणी ग्रुप डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर में देश की तकनीक और प्रोडक्शन को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है. इसके लिए DRDO के साथ मिलकर काम किया जा रहा है, जिससे रक्षा उपकरणों के लिए विदेशों पर निर्भरता कम हो और भारत अपनी जरूरतों को खुद पूरा करने में और ज्यादा सक्षम बन सके."

शिवपुरी और ग्वालियर डिफेंस इनोवेशन के दो इंजन

जीत अदाणी ने अपने संबोधन में कहा कि, "ग्वालियर ने मध्य प्रदेश को बड़े पैमाने पर डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग का पहला अनुभव दिया, जहां अभी के समय में लाइट मशीन गन, असॉल्ट राइफल और कार्बाइन को बनाया जा रहा है. साथ ही अदाणी ग्रुप का एलएमजी प्रोग्राम इतना सफल रहा कि सेना को तय समय से 11 महीने पहले ही 2,000 यूनिट्स डिलीवर कर दी गईं. अब, शिवपुरी इस सफर में अगला बड़ा कदम है, क्योंकि हम यहां मीडियम से लेकर लॉन्ग-रेंज मिसाइल सिस्टम बनाने के लिए एक पूरी तरह से इंटीग्रेटेड मिसाइल इकोसिस्टम ला रहे हैं, जिससे विदेशी निर्भरता खत्म होगी और देश की अपनी ताकत बढ़ेगी. यहां हम सिर्फ मिसाइलों की असेंबली ही नहीं कर रहे, बल्कि कम्पोजिट प्रोपेलेंट बनाने के साथ TNT और एक्सप्लोसिव-ग्रेड मटीरियल का प्रोडक्शन भी शुरू कर रहे हैं. अगले तीन सालों में 2,500 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाली ये मॉर्डन फैसिलिटी 5,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा करेगी. साथ ही, 50 से ज़्यादा MSME बहुत ही स्पेशलाइज़्ड सप्लाई चेन का हिस्सा बनेंगे."

(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com