दुनिया की लीडिंग इंडिपेंडेंट ब्रैंड वैल्यूएशन कंसल्टेंसी 'ब्रैंड फाइनेंस' की ओर से जारी 'ब्रैंड फाइनेंस इंडिया 100 रिपोर्ट 2026' में अदाणी ग्रुप ने एक नया इतिहास रच दिया है. इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर लॉजिस्टिक्स और एनर्जी जैसे कोर सेक्टर्स में धाक जमाने वाला यह समूह अब भारत के टॉप-10 सबसे मूल्यवान ब्रैंड्स की प्रतिष्ठित लीग में शामिल हो गया है. अदाणी ग्रुप ने पिछले साल के 13वें स्थान से लंबी छलांग लगाते हुए 8वां स्थान (#8 Rank) हासिल किया है. इसके साथ ही यह पिछले तीन वर्षों में भारत के टॉप-10 में प्रवेश करने वाली देश की सबसे तेज रफ्तार कंपनी बन गई है.
देश का तीसरा सबसे बड़ा समूह
रिपोर्ट के अनुसार, अदाणी ग्रुप की ब्रैंड वैल्यू में अभूतपूर्व वृद्धि देखी गई है. समूह की कुल ब्रैंड वैल्यू अब बढ़कर 8.48 अरब डॉलर ($8.48 Billion) पर पहुंच गई है (इसमें से अदाणी विल्मार और उससे जुड़े कंज्यूमर ब्रैंड्स के लगभग 500 मिलियन डॉलर अलग रखे गए हैं), जो पिछले साल 6.46 अरब डॉलर थी. ब्रैंड वैल्यू में आई 31.3 प्रतिशत की यह सालाना बढ़ोतरी भारत के टॉप-20 ब्रैंड्स में सबसे अधिक है. इस रिकॉर्ड बढ़त ने अदाणी ग्रुप को टाटा और रिलायंस के बाद देश का तीसरा सबसे मूल्यवान बिजनेस ग्रुप (Conglomerate) बना दिया है. पिछले 3 सालों में भारत के टॉप-25 सबसे मूल्यवान ब्रैंड्स में अदाणी ग्रुप की चढ़ाई सबसे तेज रही है, जहां इसने 15 स्थानों की छलांग लगाई है. केवल पिछले एक साल में ही ग्रुप ने अपनी ब्रैंड वैल्यू में 2.02 अरब डॉलर जोड़े हैं, जो कि साल 2022 में इसकी कुल ब्रैंड वैल्यू से भी अधिक है.
एनर्जी सेक्टर में 'अदाणी पावर' का जलवा
एनर्जी और पावर सेक्टर में अदाणी ग्रुप का एकछत्र दबदबा इस रिपोर्ट में साफ नजर आता है. अदाणी पावर (Adani Power) 152 प्रतिशत की भारी उछाल के साथ 1.8 अरब डॉलर के वैल्यूएशन पर पहुंचकर भारत का सबसे मूल्यवान एनर्जी ब्रैंड बनकर उभरा है. ग्रुप की दो अन्य कंपनियां—अदाणी ग्रीन एनर्जी (Adani Green Energy) और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस (Adani Energy Solutions) भी देश के टॉप-5 एनर्जी ब्रैंड्स में शामिल हो गई हैं. इसके अलावा अदाणी टोटल गैस (Adani Total Gas) ने भी इस वैश्विक रैंकिंग में समूह की उपस्थिति को और मजबूत किया है.
ब्रैंड स्ट्रेंथ इंडेक्स (BSI) में भी मारी बाजी
अदाणी ग्रुप न केवल मूल्य के मामले में बल्कि अपनी ब्रैंड की मजबूती (Brand Strength) के मोर्चे पर भी काफी आगे निकला है. समूह का ब्रैंड स्ट्रेंथ इंडेक्स (BSI) स्कोर 3.6 अंक सुधरकर 84 हो गया है, जिससे यह 8 स्थान ऊपर चढ़कर 18वें पायदान (#18 Rank) पर पहुंच गया है. भारत की टॉप-20 कंपनियों में अदाणी ग्रुप ने ब्रैंड स्ट्रेंथ के मामले में सबसे तेज ग्रोथ दर्ज की है. इस स्कोर के साथ यह ग्रुप देश के स्थापित कंज्यूमर और रिटेल ब्रैंड्स के समकक्ष खड़ा हो गया है, जो शेयरधारकों और उपभोक्ताओं के बीच बढ़ते भरोसे और विश्वसनीयता का सीधा प्रमाण है.
'देश की ग्रोथ स्टोरी का अहम हिस्सा है अदाणी ग्रुप'
अदाणी ग्रुप के इस शानदार प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए ब्रैंड फाइनेंस (एशिया पैसिफिक) के मैनेजिंग डायरेक्टर एलेक्स हेग ने कहा, 'भारत के टॉप-10 सबसे मूल्यवान ब्रैंड्स में अदाणी ग्रुप का शामिल होना उस बिजनेस की ताकत को दिखाता है जो भारत की विकास गाथा (Growth Story) में गहराई से समाया हुआ है. इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में अपनी बढ़ती उपस्थिति के माध्यम से, ग्रुप ने ब्रैंड्स का एक ऐसा शक्तिशाली पोर्टफोलियो तैयार किया है जो देश की सबसे महत्वपूर्ण आर्थिक प्राथमिकताओं का समर्थन करता है.'
भारतीय ब्रैंड्स का वैल्यूएशन रिकॉर्ड 252.8 बिलियन डॉलर
'ब्रैंड फाइनेंस इंडिया 100 रिपोर्ट 2026' के मुताबिक, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, मैन्युफैक्चरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर और इनोवेशन में लगातार हो रहे निवेश के दम पर भारत के टॉप-100 अग्रणी ब्रैंड्स की कुल कंबाइंड वैल्यू रिकॉर्ड 252.8 अरब डॉलर पर पहुंच गई है. इस पूरे सिनारियो में, इंफ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स के मोर्चे पर निरंतर विस्तार कर रहा अदाणी ग्रुप इस साल का सबसे बड़ा 'स्टार परफॉर्मर' बनकर उभरा है.
यह भी पढ़ेंः गौतम अदाणी बने रियल एस्टेट के नए किंग, DLF को भी छोड़ा पीछे, देखिए हुरुन इंडिया रियल एस्टेट लिस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं