Adani Agri Fresh Cherry Procurement:: हिमाचल के पहाड़ों में उगने वाली लाल और मीठी चेरी अब किसानों के लिए फायदा लेकर आएगी. अदाणी एग्री फ्रेश अब हिमाचल से सीधे चेरी खरीदेगी. इससे किसानों को अपनी फसल बेचने में आसानी होगी और उन्हें अच्छा पैसा मिलेगा. सेब के कारोबार में अपनी मजबूत पहचान बनाने के बाद अब अदाणी ग्रुप चेरी जैसे सॉफ्ट फ्रूट्स के बाजार में भी उतर रहा है. इसका सीधा फायदा हिमाचल के बागवानों को मिलेगा. अब उन्हें अपनी फसल बेचने के लिए बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उनकी मेहनत की सही और अच्छे दाम उन्हें सीधे मिल सकेंगे.
फसलों की बढ़ेगी शेल्फ लाइफ
कंपनी का कहना है कि इस फैसले से किसानों की फसलों की शेल्फ लाइफ बढ़ेगी, उन्हें ज्यादा और बेहतर बाजार मिलेंगे और अपनी उपज का सही दाम मिल सकेगा. अदाणी एग्री फ्रेश (AAFL) ने हिमाचल प्रदेश में अपने छह स्थानों पर मौजूद कोल्ड स्टोरेज (Controlled Atmosphere Storage) को अब चेरी के रिजर्व और सप्लाई के लिए अपग्रेड कर लिया है. अदाणी एग्री फ्रेश पहले से ही हिमाचल प्रदेश में सेब की खरीद, रिजर्व और सेल करने वाली शुरुआती कंपनियों में शामिल रही है.
अदाणी एग्री फ्रेश ने खरीदे 3 लाख टन सेब
अदाणी एग्री फ्रेश ने साल 2006 में Farm‑Pik नाम से काम शुरू किया. तब से कंपनी ने 17 हजार से ज्यादा किसानों से करीब 3 लाख टन सेब खरीदे हैं. इसके बदले किसानों को सीधे करीब 1,500 करोड़ रुपये दिए गए हैं. कंपनी ने हिमाचल प्रदेश में 25,000 टन की कोल्ड स्टोरेज बनाई है, जिससे सेब ज्यादा दिन तक खराब नहीं होते और किसानों को उन्हें दूर के बाजारों में बेचने में आसानी होती है.
अदाणी एग्री फ्रेश (AAFL) फलों को छांटने और ग्रेड करने का एक आसान तरीका अपनाती है. इससे फल की क्वालिटी के हिसाब से ठीक दाम मिल जाता है. इसका फायदा ये होता है कि किसानों को पारंपरिक मंडी पर ज्यादा निर्भर नहीं रहना पड़ता और उन्हें अपनी फसल का अच्छा पैसा मिलता है.
किसान घर बैठे बेच सकेंगे अपनी फसल
कंपनी ने डिजिटल मंडी की सुविधा भी शुरू की है. इसमें किसान घर बैठे ही अपनी फसल बेच सकते हैं. उन्हें दूर‑दराज के सेंटर पर जाने की जरूरत नहीं होती. अब ये सुविधा और इलाकों में भी शुरू की जा रही है. अभी AAFL हिमाचल प्रदेश में पैदा होने वाले सेब का लगभग 4 फीसदी सीधे किसानों से खरीदती है और आगे चलकर और ज्यादा किसानों से फसल खरीदने की तैयारी कर रही है. इसके साथ AAFL, अदाणी फाउंडेशन के जरिए बागवानी वाले इलाकों में इलाज, पढ़ाई और गांवों के विकास से जुड़े कामों में भी मदद करती है, जिससे किसानों और उनके परिवारों की जिंदगी बेहतर हो सके.
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं