विज्ञापन

बिहार: सीवान में बवाल, पुलिस पर पथराव; RJD विधायक ओसामा शहाब पर हत्या की साजिश का आरोप

पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है. अब तक इस मामले में छह लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है. पुलिस पर पथराव की घटना को लेकर अलग से मामला दर्ज किया गया है.

बिहार: सीवान में बवाल, पुलिस पर पथराव; RJD विधायक ओसामा शहाब पर हत्या की साजिश का आरोप
RJD विधायक ओसामा शहाब पर हत्या की साजिश का आरोप (FIile Photo)
ANI

बिहार के सीवान के एमएच नगर हसनपुरा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव के पास रविवार देर शाम ऑटो और स्कॉर्पियो के बीच साइड लेने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. घटना ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है, जहां एक ओर ऑटो चालक ने फायरिंग का आरोप लगाया है. वहीं कुख्यात चंदन सिंह ने राजद विधायक ओसामा शहाब और उनके करीबी पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है. इस पूरे मामले में अब तक तीन अलग-अलग प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जा चुकी हैं और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है.

चंदन सिंह की स्कॉर्पियों पर हमला

डिब्बी निवासी कुख्यात चंदन सिंह तीन स्कॉर्पियो वाहनों के काफिले के साथ किसी कार्यक्रम से अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान सिमरी गांव के पास बैट्री ऑटो चालक ऐनुल हक से साइड लेने को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और ऑटो चालक के समर्थन में स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. चंदन सिंह के मौके पर मौजूद होने की खबर फैलते ही स्थिति और तनावपूर्ण हो गई. उग्र ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो वाहनों पर हमला कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया. 

घटना की सूचना मिलते ही एमएच नगर थाने की दारोगा मधुरिमा मनीषा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर भी पथराव कर दिया, जिसमें होमगार्ड जवान कमलेश प्रसाद घायल हो गए. स्थिति बिगड़ते देख आसपास के कई थानों की पुलिस को बुलाया गया. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाया और स्कॉर्पियो सवार लोगों को सुरक्षित थाने ले जाया गया.

ऑटो चालक ऐनुल हक ने थाने में दिए आवेदन में चंदन सिंह और उनके साथियों पर मारपीट और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगाया है. उसने बताया कि वह हसनपुरा से जलालपुर जा रहा था, तभी स्कॉर्पियो सवार लोगों ने रास्ता रोककर हमला कर दिया. इस मामले में चंदन सिंह समेत सूरज कुमार, मनीष कुमार, रवि कुमार सिंह, विकास कुमार और तरुण कुमार सिंह को आरोपित किया गया है.

राजद विधायक पर हत्या की साजिश का लगा आरोप

वहीं, चंदन सिंह ने भी इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए शेखपुरा निवासी डब्लू खान और राजद विधायक ओसामा शहाब पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है. अपने आवेदन में उन्होंने कहा कि पूर्व विवाद को लेकर पहले से ही उनकी हत्या की योजना बनाई गई थी और उन्हें घेरकर हमला करने की कोशिश की गई, जिसमें वे बाल-बाल बच गए. उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में उनकी तीनों स्कॉर्पियो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं.
तीसरी एफआईआर पुलिस ने दर्ज की.

 घटना के दौरान पुलिस पर हुए हमले को लेकर दारोगा मधुरिमा मनीषा के बयान पर तीसरी प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है. अब तक इस मामले में छह लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है. एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है. साथ ही पुलिस पर पथराव की घटना को लेकर अलग से मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. 

यह भी पढे़ं- 

पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या, लाश को गड्ढे में दफनाया, फिर खुद थाने पहुंचकर बोला- 'मैंने उसे मार डाला'

पटना में जमीन देखने गए दो लोगों पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने बरसाई गोलियां, 10 राउंड फायरिंग से दहला इलाका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Siwan News, Siwan Clash, Bihar News, Osama Shahab, Osama Shahab News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com