विज्ञापन

सासाराम में बालू माफियाओं का खौफनाक चेहरा, नो एंट्री में ट्रैफिक सिपाही ने रोका तो बेहरमी से कुचला, मौत

बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में बालू माफियाओं ने ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक सिपाही मुकेश कुमार को ट्रैक्टर से रौंदा दिया. इलाज के दौरान सिपाही की मौत हो गई है.

सासाराम में बालू माफियाओं का खौफनाक चेहरा, नो एंट्री में ट्रैफिक सिपाही ने रोका तो बेहरमी से कुचला, मौत
Sasaram Traffic Constable Killed
NDTV

Sasaram News: बिहार के रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम में शनिवार की सुबह बालू माफियाओं का खौफनाक चेहरा उस समय सामने आया, जब नो एंट्री में बालू लदे ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास कर रहे एक ट्रैफिक सिपाही को चालक ने बेरहमी से कुचल दिया. गंभीर रूप से घायल सिपाही को आनन-फानन में सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई.  घटना सासाराम नगर थाना क्षेत्र के एसपी जैन कॉलेज मोड़ के समीप की बताई जा रही है.

नो एंट्री में वाहन रोकने पर हमला

जानकारी के अनुसार ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात सिपाही मुकेश कुमार सुबह करीब नौ बजे शहर के एंट्री पॉइंट पर नो एंट्री कर रहे वाहनों की जांच कर रहे थे. इसी दौरान एक बालू लदा ट्रैक्टर शहर की ओर प्रवेश कर रहा था. सिपाही ने नियमों का हवाला देते हुए ट्रैक्टर चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार तेज कर दी.

पहले मारी टक्कर फिर ऊपर से गुजारा ट्रैक्टर 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक ने दुस्साहस दिखाते हुए सीधे सिपाही को टक्कर मार दी. इसके बाद ट्रैक्टर का पिछला चक्का मुकेश कुमार के शरीर के ऊपर से गुजर गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल सिपाही सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े.

मौके का फायदा उठाकर ट्रक ड्राइवर हुआ फरार

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने बाहुरी दिखाते  हुए ट्रैक्टर का पीछा किया और कुछ दूरी पर वाहन को पकड़ लिया. हालांकि इस दौरान चालक मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा. बाद में पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया.

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. घायल सिपाही को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया.

पुलिस ने शुरू की छापेमारी

घायल सिपाही से मिलने अस्पताल पहुंचे ट्रैफिक डीएसपी अमरकांत ने बताया कि फिलहाल पुलिस की पहली प्राथमिकता जवान की जान बचाना है. उन्होंने कहा कि फरार ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.

उन्होंने आगे कहा कि इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया गया है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ट्रैफिक डीएसपी ने बताया कि ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और उसके मालिक की पहचान भी की जा रही है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले में रोहतास एसपी रौशन कुमार ने कहा कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही घायल सिपाही के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

बालू माफियाओं के बढ़ते हौसले पर सवाल

इस घटना के बाद एक बार फिर जिले में सक्रिय बालू माफियाओं के बढ़ते हौसलों पर सवाल खड़े होने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध बालू कारोबार में जुड़े लोग अब कानून और पुलिस का भी भय नहीं मान रहे हैं. दिनदहाड़े ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को कुचलने की घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है.फिलहाल घायल सिपाही की स्थिति गंभीर बनी हुई है तथा पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

यह भी पढ़ें; सोनीपत: पेशी पर आए युवक की कोर्ट के बाहर गोलियों से भूनकर दिनदहाड़े कर दी हत्या, ब्रेजा कार से आए थे हमलावर

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Bihar, Sasaram News, Crime News, Bihar Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com