बिहार के मधेपुरा में बुधवार देर रात बेकाबू बोलेरो एक घर में जा घुसी, और चौकी पर बैठी महिला को कुचल दिया, जिससे महिला की मौत हो गई. परिजनों ने ड्राइवर और एक युवक को पकड़ लिया, बाकी दो अन्य युवक फरार हो गए. राधा देवी के पति शंकर साह ने सदर थाना में दी शिकायत में बताया कि बोलेरो चालक लापरवाही और स्पीड से वाहन चला रहा था. पकड़े गए दोनों युवक नशे में धुत थे. पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
दरवाजा तोड़ते हुए घुसी बोलेरो
हादसा मधेपुरा जिला मुख्यालय के चिल्ड्रेन पार्क स्थित लक्ष्मीपुर मोहल्ले में हुआ. वार्ड संख्या-16 की रहने वाली राधा देवी हाथ-पैर धोकर घर के बाहर खाना खाने चौकी पर बैठी थी. इसी दौरान तेज रफ्तार आ रही बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई, और सीधे उनके घर के दरवाजे को तोड़ते हुए अंदर घुस गई.
महिला कई फीट दूर जाकर गिरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला कई फीट दूर जा गिरी. परिजन और स्थानीय लोग तत्काल उन्हें सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई.

हादसे के बाद घर में बिखरा सामान. (Photo- NDTV)
पुरी का रहने वाला है ड्राइवर
पुलिस के अनुसार, बोलेरो ड्राइवर की पहचान भर्राही थाना क्षेत्र के गोढ़ेला निवासी कुंदन यादव के रूप में हुई है. उसके साथ मौजूद भीम सेन उड़ीसा के पुरी का रहने वाला है. दोनों सड़क निर्माण कंपनी में कार्यरत हैं. हादसे में चालक भी घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
पुलिस ने बोलेरो जब्त कर लिया
घटना के बाद पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर लिया है, और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतका के परिजन आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों को उजागर कर दिया है.
यह भी पढ़ें: बिहार: शहनाइयों की गूंज के बीच मची चीख-पुकार, बेटे के सगाई कार्यक्रम से लौट रहे पिता की दुर्घटना में दर्दनाक मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं