- जनसुराज नेता प्रशांत किशोर ने आज बतौर विधायक पद एवं गोपनीयता की शपथ ली
- बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने प्रशांत को शपथ दिलवाई
- प्रशांत बांकीपुर में बीजेपी कैंडिडेट नीरज सिन्हा को हराकर विधायक बने हैं
बांकीपुर में बीजेपी को गढ़ को ध्वस्त करने वाले जनसुराज दल के मुखिया प्रशांत किशोर ने आज बतौर विधायक शपथ ली. बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने प्रशांत को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. प्रशांत जन सुराज नेता मनोज भारती और अन्य नेताओं के साथ विधानसभा पहुंचे. फिर उन्होंने पद की शपथ ली.
बांकीपुर में हासिल की थी बंपर जीत
3 अगस्त को प्रशांत ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों में बंपर जीत दर्ज की थी. उन्होंने बीजेपी कैंडिडेट नीरज कुमार सिन्हा को 19,246 मतों के अंतर से मात दी थी. प्रशांत को कुल 64 हजार 117 वोट मिले थे. वहीं बीजेपी कैंडिडेट नीरज को महज 44 हजार 794 वोट मिले थे. प्रशांत को कुल मतों का 49.23 प्रतिशत हिस्सा मिला. वहीं बीजेपी कैंडिडेट को महज 34.4 फीसदी मत ही मिले.

शपथ लेने के बाद हस्ताक्षर करते प्रशांत किशोर
शपथ के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि उनके एजेंडे में युवाओं को रोजगार ही सबसे प्रमुख है. उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षों में वो क्षेत्र के कम से कम 10 हजार युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रख रहे हैं.
शपथ लेने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि श्रीकृष्ण बाबू, केदार पांडे, नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव, सुशील कुमार मोदी और रामविलास पासवान जैसे दिग्गज नेता इस सदन के सदस्य रहे हैं. इस सदन का सदस्य बनना मेरे लिए गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि जिन महापुरुषों के नाम मैंने लिए हैं, उनके आदर्शों पर चलूंगा और लोगों के लिए काम करूंगा. लखीसराय हादसे पर प्रशांत किशोर ने कहा कि मैं थोड़ी देर में घटनास्थल के लिए निकल रहा हूं. पूरी जानकारी लेने के बाद ही इस मामले पर बोलूंगा कि गलती किसकी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं