पटना में जनसुराज उम्मीदवार अनुज सिंह के नामांकन में अनंत सिंह के साथ नजर आने पर प्रशांत किशोर ने बड़ा बयान दिया है. दरभंगा पहुंचे प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में बदलाव के लिए पूरा बिहार और समाज खड़ा है. ऐसे में अगर अनंत सिंह भी जनसुराज के समर्थन में खड़े हैं तो इसमें कोई बड़ी बात नहीं है.
प्रशांत किशोर दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जनसुराज के उम्मीदवार इम्तेयाज नूरानी के नामांकन में शामिल होने दरभंगा पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने पटना में अनंत सिंह की मौजूदगी को लेकर यह प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, "अरे भैया ऐसा है कि जन सुराज के समर्थन में, बिहार के बदलाव और बेहतरी के समर्थन में सारा समाज खड़ा है. उसमें अनंत सिंह भी खड़े हैं तो कौन सी बड़ी बात है."
अनंत सिंह ने जेडीयू उम्मीदवार के खिलाफ खोला मोर्चा
मोकामा विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के पटना स्नातक सीट से उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जन सुराज प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया है.
अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर पुराने राजनीतिक विवादों और AK-47 मामले को लेकर आरोप लगाए हैं, जबकि नीरज कुमार ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए खुद को पार्टी का अधिकृत उम्मीदवार बताया है.
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में जेडीयू ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है. हालांकि पार्टी के विधायक अनंत सिंह इस फैसले से सहमत नजर नहीं आ रहे हैं. उन्होंने जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह का समर्थन करने की घोषणा की है.
यही नहीं, उनके नामांकन के अवसर पर शक्ति प्रदर्शन की भी तैयारी की गई है. जानकारी के अनुसार, नामांकन के दिन समर्थकों के बीच वितरण के लिए करीब 50 हजार रसगुल्ले बनवाए गए हैं, जिससे चुनावी माहौल और गर्म हो गया है.
यह भी पढ़ें: बिहार MLC चुनावः प्रशांत किशोर के प्रत्याशी के लिए 50 हजार रसगुल्ले बनवा रहे अनंत सिंह, नॉमिनेशन आज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं