विज्ञापन

'जहां तक मुझसे हो सका मैंने किया, नई सरकार...', CM के रूप में अपने अंतिम संबोधन में भावुक हुए नीतीश कुमार

नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि नई सरकार को आगे भी उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में भी बिहार में विकास की योजनाएं निर्बाध रूप से चलती रहेंगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में बिहार को विकास की नई दिशा देने की कोशिश की गई और आगे भी राज्य की प्रगति का सिलसिला जारी रहना चाहिए.

'जहां तक मुझसे हो सका मैंने किया, नई सरकार...', CM के रूप में अपने अंतिम संबोधन में भावुक हुए नीतीश कुमार
  • CM नीतीश कुमार ने अपनी अंतिम कैबिनेट बैठक में वर्ष 2005 से बिहार के विकास कार्यों का संक्षिप्त उल्लेख किया.
  • उन्होंने नई सरकार को मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया और बिहार की प्रगति की निरंतरता की उम्मीद जताई.
  • कैबिनेट बैठक के दौरान सभी मंत्री भावुक नजर आए और नीतीश कुमार के योगदान को गहराई से सराहा गया.
पटना:

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कैबिनेट की बैठक के दौरान भावुक नजर आए. बैठक में करीब 6 मिनट के अपने संबोधन में उन्होंने वर्ष 2005 से अब तक अपने कार्यकाल का जिक्र किया और कहा कि जब वे सरकार में आए, तब से अब तक जहां तक मुझसे हो सका, मैंने बिहार के लिए किया.

नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि नई सरकार को आगे भी उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में भी बिहार में विकास की योजनाएं निर्बाध रूप से चलती रहेंगी.

अपने काम और योजनाओं का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं और विकास कार्यों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में बिहार को विकास की नई दिशा देने की कोशिश की गई और आगे भी राज्य की प्रगति का सिलसिला जारी रहना चाहिए.

यह भी पढ़ें- नीतीश कुमार ने ली अंतिम कैबिनेट बैठक, मंत्रिपरिषद को भंग करने की सिफारिश, कब इस्तीफा देंगे बिहार CM?

Latest and Breaking News on NDTV

नई सरकार को दी शुभकामनाएं

नीतीश कुमार ने नई सरकार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य की जनता के हित में काम होता रहना चाहिए. उनके शब्दों और भाव से साफ झलक रहा था कि वे इस मौके पर भावुक थे. कैबिनेट बैठक में मौजूद मंत्रियों और अधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री के संबोधन को गंभीरता और सम्मान के साथ सुना.

राज्य कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संबोधन को लेकर सियासी गलियारों में भावनात्मक माहौल देखने को मिला. कैबिनेट बैठक के बाद कई मंत्रियों और विधायकों ने नीतीश कुमार के योगदान को याद करते हुए उन्हें बिहार का मार्गदर्शक बताया. राज्य मंत्री लेशी सिंह ने कहा, 'आज का दिन भावनात्मक भी है और गर्व का भी. हम 1995 से नीतीश कुमार के साथ हैं. उनके साथ काम करना हमारे लिए सौभाग्य रहा है.'

‘सब भावुक थे, कैबिनेट में हर किसी की आंखें नम रहीं'

बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री का संबोधन बेहद भावुक था. उन्होंने कहा, 'मुख्यमंत्री ने कैबिनेट के सदस्यों और राज्य की जनता के प्रति आभार जताया. यह क्षण भावुक था. आज हर कोई भावुक है. नीतीश कुमार जी ने बिहार के लिए जो किया, वह कोई और नहीं कर सका.'

‘नई सरकार को भी देते रहेंगे मार्गदर्शन'

कैबिनेट बैठक के बाद बीजेपी विधायक लाखेंद्र कुमार रौशन ने कहा कि नीतीश कुमार ने स्पष्ट किया है कि वे आगे भी सरकार को मार्गदर्शन देते रहेंगे. उन्होंने कहा, 'नीतीश कुमार जी ने भरोसा दिलाया है कि जो नई सरकार बनेगी, उसे उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा. आज का पल भावुक और खुशी भरा दोनों था. कैबिनेट भंग नहीं हुई है.'

यह भी पढ़ें- भीड़ से घिरे, जनता को देख जोड़े हाथ...इस्तीफे से पहले कुछ ऐसे नजर आए CM नीतीश कुमार,VIDEO

‘बिहार उन्हें हमेशा याद रखेगा'

बिहार सरकार में मंत्री और जदयू विधायक मोहम्मद जमा खान ने कहा, 'बिहार की जनता उन्हें हमेशा याद रखेगी. उन्होंने वादा किया है कि वे आगे भी बिहार की चिंता करते रहेंगे. आज हम सभी भावुक थे. वह हमारे अभिभावक रहे हैं.' कैबिनेट बैठक के बाद नेताओं के बयानों से साफ है कि नीतीश कुमार के राजनीतिक सफर और बिहार के विकास में उनकी भूमिका को लेकर सभी दलों में भावनात्मक सम्मान का माहौल है.

नीतीश कुमार ने ली अंतिम कैबिनेट बैठक 

बता दें कि बिहार में अब नई सरकार के गठन का काउंटडाउन शुरू हो गया है. एनडीए विधायक दल की बैठक से पहले नीतीश कुमार ने अंतिम कैबिनेट बैठक ली जिसके बाद इसे भंग करने की सिफारिश कर दी गई है. एनडीटीवी को पता चला है कि नीतीश कुमार आज दोपहर 3:15 बजे इस्तीफा देंगे. नीतीश कैबिनेट बैठक के बाद अपने पटना स्थित आवास वापस लौट आए हैं. 

यह भी पढ़ें- CM नीतीश के कार्यक्रम में मधुमक्खी का हमला, इधर-उधर भागने लगे लोग, देखें VIDEO

मीटिंग के बाद कैबिनेट भंग करने का आदेश

नीतीश कुमार ने आज 11:30 बजे अपने सरकार के मंत्रियों के साथ बैठक की. नीतीश कुमार मंत्रिमंडल बैठक के बाद अपने आवास लौट गए.यह बैठक मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार की आखिरी कैबिनेट बैठक थी. बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों का आभार व्यक्त किया. इस बैठक में कोई भी एजेंडा पास नहीं किया गया और इसके बाद होने वाली प्रेस ब्रीफिंग भी रद्द कर दी गई. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar CM, Bihar CM Nitish Kumar Again Shifted To Old Banglo, Nitish Kumar Resigns As Chief Minister, Nitish Kumar Resigns, Nitish Kumar Resignation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com