बिहार के नवादा जिले के वारिसलीगंज प्रखंड के दोसुत पंचायत अंतर्गत कठोकरी गांव में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां पर शोक के माहौल में परंपरा से हटकर ऐसा आयोजन हुआ, जो पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना है. आमतौर पर किसी के निधन के बाद ब्रह्मभोज या श्राद्ध में भजन-कीर्तन कराए जाते हैं, लेकिन यहां एक महिला की मृत्यु के बाद आयोजित ब्रह्मभोज में भजन मंडली की जगह आर्केस्ट्रा और डांस कार्यक्रम का आयोजन कर दिया गया.
6 हजार में बुलाया तीन डांसर
ग्रामीणों के अनुसार, कठोकरी गांव की पूर्व वार्ड सदस्य रही महिला के निधन के बाद बीते रविवार को ब्रह्मभोज रखा गया था. इस अवसर पर नर्तकियों को बुलाया गया था. बताया जाता है कि लगभग 6 हजार रुपये में तीन डांसर को बुलाया गया था. इसके बाद गांव के सरकारी प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण को ही मंच में तब्दील कर दिया गया. चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस स्थान पर बच्चों की पढ़ाई होती है, वहीं खुलेआम भोजपुरी गानों पर डांस शुरू हो गया. गांव के लड़के और अन्य लोग इस आयोजन में शामिल होकर नर्तकियों (डांसरों) के ठुमकों पर झूमते नजर आए. किसी ने इस डांस कार्यक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
प्रधान शिक्षिका की सफाई- स्कूल में नहीं है चारदीवारी
वीडियो सामने आने के बाद लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग इसे परंपराओं के विपरीत और सामाजिक मूल्यों के खिलाफ बता रहे हैं तो कुछ इसे ग्रामीण मनोरंजन का हिस्सा मानकर हल्के में ले रहे हैं. लेकिन सबसे बड़ा सवाल सरकारी स्कूल परिसर के दुरुपयोग को लेकर उठ रहा है. विद्यालय की प्रधान शिक्षिका शांति देवी ने मामले में सफाई देते हुए कहा कि स्कूल में चारदीवारी नहीं होने के कारण बाहरी लोग अक्सर परिसर का दुरुपयोग कर लेते हैं.
उन्होंने बताया कि घेराबंदी के लिए विभाग को कई बार पत्र लिखा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. दूसरी तरफ, वारिसलीगंज के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी किशोर कुणाल ने बताया कि उन्हें वीडियो की जानकारी मिली है और मामले की जांच की जा रही है. बहरहाल, इस घटना ने न सिर्फ सामाजिक परंपराओं पर बहस छेड़ दी है, बल्कि सरकारी संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें-
बिहार में महिला के साथ बदसलूकी वाले वायरल VIDEO की कहानी, अब तक क्या हुई कार्रवाई?
बिहार: भागवत कथा में आरती करने को लेकर खूनी संघर्ष, उठ गई बंदूक; दिव्यांग उपमुखिया समेत कई घायल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं