बिहार के बेगूसराय में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े बीच सड़क पर एक नेशनल वॉलीबॉल खिलाड़ी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना नगर थाना क्षेत्र के जीडी कॉलेज रोड के पास की है. घायल की पहचान मंझौल गांव के रहने वाले 20 वर्षीय गोविंद कुमार के रूप में हुई जो अंडर-19 नेशनल वॉलीबॉल खिलाड़ी है. घायल खिलाड़ी को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच सभी पहलुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है. वहीं इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.
दरअसल घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार घायल गोविंद अपनी बाइक की सर्विसिंग कराकर हर-हर महादेव चौक से जीडी कॉलेज की ओर जा रहे थे. इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनका पीछा किया. वहीं जी.डी. कॉलेज के पास पहुंचते ही बदमाशों ने गोविंद की पीठ में पीछे से गोली मार दी. गोली लगते ही गोविंद सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए, जबकि हमलावर बजरंग चौक की तरफ फरार हो गए.
2 साल पहले भी हुआ था हमला
बताया जा रहा है कि 2 साल पहले भी गोविंद पर गोली चलाई गई थी. जिसमें वह बाल-बाल बच गया था. वहीं घटना के संबंध में सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि मंझौल गांव के रहने वाले गोविंद कुमार अपनी बाइक की सर्विसिंग करवा कर हर-हर महादेव चौक से जीडी कॉलेज की ओर आ रहा था. इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों में से एक ने गोविंद को गोली मार दी.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस टीम ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है. डीएसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है. घायल के परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है. बदमाशों के गिरफ्तारी के लिए जांच-पड़ताल चल रही है. गोविंद अंडर-19 वॉलीबॉल खिलाड़ी है. घटनास्थल से मिस फायर गोली और घायल युवक का हीरो बाइक बरामद किया गया है.
गोविंद ने वॉलीबॉल में बनाई अपनी पहचान
गोविंद कुमार साल 2021 में 43वीं सब-जूनियर नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता में अपनी पहचानी बनाई थी. इसके बाद लगातार 2024 तक वह नेशनल गेम्स में बिहार का प्रतिनिधित्व करते रहे. जबकि साल 2025 में खेलो इंडिया गेम्स में गोविंद को बिहार वॉलीबॉल टीम का कप्तान बनाया गया. अपने शानदार प्रदर्शन से टीम को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया था.
पुरानी रंजीश की घटना है केस से जुड़ी
घटना को लेकर कहा जा रहा है कि यह पुरानी रंजीश है जो साल 2024 में दो पक्षों में हुई गोलीबारी थी. इस मामले में गोविंद कुमार समेत 6 लोगों पर आरोप लगे थे और FIR दर्ज कराई गई थी. हालांकि पुलिस जांच में गोविंद समेत 5 लोगों को राहत मिल चुकी है. जबकि गोविंद के भाई को जेल हुई थी. गोलीबारी मामले में गोविंद कुमार के परिवार की ओर से केस दर्ज कराया गया था.
यह भी पढ़ेंः गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्राया मुजफ्फरपुर, 72 घंटे में 4 हत्या...जमीन करोबारी के बाद युवती को गोलियों से भूना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं