बिहार के नालन्दा जिले के लहेरी थाना क्षेत्र में एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जो सड़क किनारे अपनी मां के साथ भुट्ठा बेचने वाली 14 साल की लड़की को अगवा कर उससे जबरन देह व्यापार कर रहा था. पुलिस ने सीसीटीव फुटेज की जांच करके किशोरी को नालंदा कॉलोनी से बरामद कर गिरोह में शामिल 3 महिला समेत 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया. गिरोह का नेटवर्क दूसरे जिले में भी फैला है. किशोरी को एक घर में बंधक बनाया गया था, जहां से चार पहिया वाहन में बिठाकर उसे अलग-अलग ग्राहकों के पास भेजा जाता था. जिसके एवज में गिरोह के लोग ग्राहक से मोटी रकम की वसूली करते थे. 7 मई से अब तक उसे 10 ग्राहकों के बीच परोसा गया. पुलिस ग्राहकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी है.
नालंदा कालोनी के एक घर में मिला लड़की
किशोरी के परिजन 7 मई को लहेरी थाना पहुंचकर किशोरी के लापता होने का आवेदन दिए. पुलिस अपहरण का केस दर्ज कर जांच में जुट गई. घटनास्थल के समीप के सीसीटीवी फुटेज जांच करने पर कुछ स्थानीय बदमाशों की संलिप्तता उजागर हुई. इसके बाद पुलिस को खबर मिली कि अपहृता को नालंदा कालोनी के एक घर में देखा गया है. इसके बाद पुलिस की टीम गठित कर मकान की घेराबंदी कर छापेमारी हुई, जहां से अपहृत किशोरी को बरामद किया गया.
इस दौरान गिरोह में शामिल पांच लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार लोगों में सोहसराय के हबीबपुरा निवासी किरण उर्फ बॉबी, झारखंड के पलामू निवासी लक्ष्मी देवी वर्तमान पता गढ़पर, पटना जिला के बाढ़ निवासी रेखा देवी, छोटी पहाड़ी निवासी गिरोह का सरगना राजा कुमार और विनय कुमार उर्फ विद्या शामिल हैं. बरामद किशोरी ने खुलासा किया कि उसे बंधक बनाकर रखा गया था. चार पहिया वाहन में बिठाकर उसे ग्राहकों के पास भेजा जाता था. वाहन में महिलाएं भी रहती थी. 7 मई से अब तक 10 ग्राहकों के पास उसे भेजा गया.

गिरोह का सरगना राजा कुमार लड़कियों को जाल में फंसाता
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि गिरोह गरीब लड़कियों और महिलाओं को काम दिलाने का झांसा दे, उन्हें देह व्यापार के दलदल में ढकेल देता था. गिरफ्तार रेखा पूर्व में भी मानव तस्करी व देह व्यापार में जेल जा चुकी है. गिरफ्तार राजा गिरोह का मास्टरमाइंड है. वह गरीब लड़कियों और महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था. बदमाश कई को देह व्यापार के दलदल में ढकेल चुका है. गिरोह की महिलाएं अगवाकर लाई गई लड़कियों से देह व्यापार कराती थीं. आरोपितों के मोबाइल से पुलिस को ग्राहकों की लंबी सूची मिली है. नाबालिग के साथ गलत करने वाले ग्राहकों को पुलिस गिरफ्तार करेगी. इसके लिए अग्रेतर कार्रवाई जारी है.
यह भी पढे़ं-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं