बिहार के नालंदा जिले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने आत्महत्या कर ली. घटना नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र के बिशुनपुर गांव की है. जहां रिश्तों के विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया. एक ही परिवार के चार लोगों ने कथित तौर पर आत्मघाती कदम उठा लिया. इस दर्दनाक घटना में पिता, पुत्र और बहू की मौत हो गई, जबकि एक अन्य सदस्य का इलाज जारी है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में ससुर और बहू के बीच कथित अवैध संबंध उजागर होने के बाद परिवार में विवाद की बात सामने आई है. हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा.
दो सदस्यों ने लगाई फांसी, दो ने खाया जहर
पुलिस के अनुसार, शनिवार को सबसे पहले पुरुषोत्तम तांती ने फांसी लगाने का प्रयास किया, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया. इसके बाद रंजीत तांती और उनकी पत्नी गोरी देवी ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया. इलाज के दौरान पहले गोरी देवी और बाद में रंजीत तांती की मौत हो गई. इसी बीच परिवार के मुखिया दिलेन्द्र तांती ने भी फांसी लगाकर जान दे दी. इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है.
4 साल के बेटे को भी दी सल्फास की गोली
मामले का सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि दंपत्ति के चार वर्षीय बेटे ने बताया कि उसके माता-पिता उसे भी कथित तौर पर जहरीला पदार्थ देना चाहते थे. बच्चे के अनुसार उसने वह पदार्थ फेंक दिया, जिससे उसकी जान बच गई. परिवार में एक और दो वर्षीय मासूम बच्चा भी है, जो अब परिजनों की देखरेख में है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
हिलसा डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और कथित अवैध संबंध का मामला सामने आया है. पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है. तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायल सदस्य का इलाज जारी है.
परिजन इंदल तांती ने बताया कि घरेलू विवाद था, जिस कारण 2 लोगों ने फांसी लगा ली. वहीं 2 लोगों ने जहर खा लिया. गौरी के मामा राजेश तांती ने बताया कि हमे 3 बजे कॉल गया कि भगनी जहर खा ली है. उसके बाद आए तो जानकारी मिली कि और लोगों ने भी आत्मघाती कदम उठाया है.
यह भी पढ़ें - बिहार के दरभंगा में 'बाल कतरवा' गैंग का खौफ, 8 दिनों में दो घरों में डाका, महिलाओं के काट रहे बाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं