Bihar News: बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के कन्हौली बेला में शुक्रवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. दरभंगा जिले के जाले प्रखंड के BDO मनोज कुमार की 29 वर्षीय पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. इस घटना के बाद मृतका के परिजनों ने मारपीट और जहर देकर मारने का गंभीर आरोप लगाया है.
अवैध संबंधों के विरोध पर प्रताड़ना का आरोप
मृतका की मां ने अपनी बेटी की मौत के लिए सीधे तौर पर उसके पति, सास और ननद को जिम्मेदार ठहराया है. मां का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही अमृता को पता चला कि उसके पति के किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध हैं. जब उसने इसका विरोध किया तो पति और ससुराल वालों ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और कल रात में उसे जहर दे दिया. परिजनों का दावा है कि महिला के साथ आए दिन मारपीट भी की जाती थी.
जहर देकर शव अस्पताल में छोड़ा
परिजनों ने आरोप लगाया कि शुक्रवार की रात आपसी विवाद के बाद पति मनोज कुमार ने अपनी मां और बहन के साथ मिलकर अमृता को जहर दे दिया. इसके बाद वे आनन-फानन में उसके शव को मुजफ्फरपुर के सदर अस्पताल के परिसर में छोड़कर फरार हो गए. मां का यह भी आरोप है कि बीडीओ पति अपनी पहुंच का इस्तेमाल कर स्थानीय पुलिस को प्रभावित कर रहे हैं, जिससे एफआईआर दर्ज करने में देरी हो रही है.
दोनों ने की थी लव मैरिज
वही सूत्रों की माने तो दरभंगा जिले के जाले ब्लॉक के प्रखंड विकास पदाधिकारी के पद पर कार्यरत मनोज कुमार मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिला के पियर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि उनकी पत्नी अमृता कुमारी सीतामढ़ी जिला के बेल की रहने वाली है. दोनों का शादी से पहले प्रेम संबंध था. जिसको परिजनों द्वारा अरेंज मैरिज में तब्दील कर दिया गया और फिर दोनों की शादी हो गई दोनों शादी के बाद साथ रह रहे थे.
इसी बीच उनकी पत्नी अमृता कुमारी को अपने पति का किसी और महिला के साथ अवैध संबंध होने का पता चला. इसके बाद उनकी पत्नी अपने पति के अवैध संबंध का विरोध करती थी और इसी बात को लेकर अक्सर अमृता का अपने पति से विवाद हुआ करता था.
पुलिस की प्रतिक्रिया
घटना की सूचना मिलते ही मिठनपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. टाउन डीएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि फिलहाल सुसाइड का मामला सामने आया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. जैसे ही आवेदन मिलेगा, उसके आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल इस मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है. लोग अब न्याय की मांग कर रहे हैं. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत की असल वजह स्पष्ट हो सके. अब सभी की निगाहें पुलिस की जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं.
यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों को बड़ी सौगात, हुब्बल्ली-ऋषिकेश के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू, जानें रूट, समय और पूरा शेड्यूल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं