विज्ञापन

प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय में पुरातात्विक समानों की चोरी करता पकड़ा गया नाबालिग, पुलिस लगा रही गिरोह का पता

पुलिस पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर निरुद्ध किशोर की निशानदेही पर चोरी किए गए कुछ लोहे के सामानों को बरामद कर लिया गया है.

प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय में पुरातात्विक समानों की चोरी करता पकड़ा गया नाबालिग, पुलिस लगा रही गिरोह का पता
प्राचीन नालांदा विश्वविद्यालय में चोरी (NDTV)
Bihar News:

नालंदा थाना क्षेत्र स्थित विश्व प्रसिद्ध प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के भग्नावशेष परिसर में सोमवार की शाम चोरी की एक घटना सामने आई है. विश्व धरोहर में शामिल इस ऐतिहासिक स्थल से लोहे एवं पीतल के पुरातात्विक महत्व के सामानों की चोरी करते हुए एक नाबालिग को रंगे हाथ पकड़ लिया गया, जबकि उसका एक सहयोगी चोरी किए गए कुछ सामानों के साथ मौके से फरार हो गया. जानकारी के अनुसार, पुरातत्व विभाग के कर्मियों और सुरक्षा गार्डों को परिसर में संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी. जब उन्होंने जांच की तो पाया कि कुछ युवक परिसर में रखे पुरातात्विक महत्व के लोहे और पीतल के सामानों को चोरी करने का प्रयास कर रहे थे. गार्डों और कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया, जिसमें एक नाबालिग को पकड़ लिया गया. हालांकि उसका साथी कुछ सामान लेकर भागने में सफल रहा.

घटना की सूचना मिलते ही नालंदा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए नाबालिग को अपने संरक्षण में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. इस संबंध में पुरातत्व विभाग के संरक्षक सहायक द्वारा नालंदा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

गिरोह द्वारा लगातार हो रही थी चोरी

पुलिस पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर निरुद्ध किशोर की निशानदेही पर चोरी किए गए कुछ लोहे के सामानों को बरामद कर लिया गया है. पुलिस को आशंका है कि विश्व धरोहर परिसर में पिछले कई दिनों से चोरी की घटनाएं हो रही थीं और इस गिरोह द्वारा लगातार पुरातात्विक महत्व की वस्तुओं को निशाना बनाया जा रहा था.

पुलिस कर रही छापेमारी

नालंदा थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पकड़े गए किशोर से पूछताछ की जा रही है तथा उसके फरार सहयोगी की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि चोरी हुए अन्य सामानों की बरामदगी के लिए भी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है.

विश्व धरोहर स्थल से जुड़े इस मामले ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रशासन और पुरातत्व विभाग अब परिसर की सुरक्षा और निगरानी को और सख्त करने की तैयारी में जुट गए हैं, ताकि ऐतिहासिक धरोहरों को नुकसान पहुंचाने वाली घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.

य़ह भी पढ़ेंः बिहार में एक और पुल हुआ ध्वस्त, 35 साल पुराने ब्रिज के टूटने से पूर्वी चंपारण मुख्य मार्ग बाधित

    पूरी स्टोरी पढ़ें

    NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

    फॉलो करे:
    Nalanda University, Nalanda News, Archaeological Crime Gang, Bihar News, Bihar Crime
    Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com