Patna Fire News Today: बिहार की राजधानी पटना के प्रतिष्ठित बिस्कोमान भवन में शुक्रवार को अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब इसकी 13वीं मंजिल पर अचानक आग लग गई. सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम हरकत में आई और लगभग 15 दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया. राहत की बात यह है कि समय रहते की गई कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
45 मिनट में पाया गया आग पर काबू
अग्निशमन विभाग के सीनियर कमांडेंट रितेश पांडे ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को शनिवार तड़के 3:45 बजे आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. दमकलकर्मियों की तत्परता का नतीजा रहा कि महज 45 मिनट के भीतर ही आग को पूरी तरह बुझा लिया गया. कमांडेंट के अनुसार, आग एक कमरे के अंदर लगी थी, जिसे फैलने से पहले ही रोक दिया गया.
हाईड्रोलिक मशीनों का लिया सहारा
आग की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने एहतियात के तौर पर 5 हाईड्रोलिक गाड़ियां भी घटनास्थल पर तैनात की थीं. वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और वहां से खतरे को टाल दिया गया है.
ये भी पढ़ें:- सरकार ने बदल दिए पेंशन से जुड़े 3 बड़े नियम, जानिए आपको कैसे मिलेगा इसका सीधा फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं