Bihar News: बिहार के कटिहार जिले में शनिवार तड़के 3:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया. कोढ़ा थाना इलाके के जुराबगंज के पास NH-31 पर एक स्लीपर बस और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई. भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बस बेकाबू होकर सीधे सड़क पर ही पलट गई. इस हादसे में बस में सवार करीब 50 लोगों में से 35 यात्री घायल हो गए, जिनमें 12 की हालत नाजुक है. वहीं, एक महिला का हाथ बुरी तरह फट गया है.
चीख-पुकार सुनकर दौड़े लोग
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. बस के अंदर फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए. घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना अध्यक्ष पंकज आनंद अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर बस के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला. इसके बाद एंबुलेंस और रास्ते से गुजर रहे अन्य वाहनों की मदद से सभी घायलों को तुरंत कोढ़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
12 यात्रियों समेत कार सवार पूर्णिया रेफर
स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया. जांच में 12 यात्रियों की स्थिति बेहद गंभीर पाई गई, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत पूर्णिया सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. कार में सवार व्यक्ति भी इस हादसे में घायल हुआ है, उसे भी शुरुआती इलाज के बाद पूर्णिया ही भेजा गया है. बाकी 23 घायलों की हालत स्थिर है. इनमें से कुछ को फर्स्ट एड के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि कुछ को अस्पताल की निगरानी में रखा गया है. प्रशासन की ओर से अस्पताल में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
रूट को लेकर उलझन, दो अलग-अलग बयान
बस कहां से कहां जा रही थी, इसे लेकर दो अलग-अलग जानकारी सामने आई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस गेड़ाबाड़ी से पूर्णिया की तरफ जा रही थी. वहीं, बस में सवार यात्रियों ने बताया कि वे नालंदा से चले थे और उन्हें पश्चिम बंगाल जाना था. फिलहाल पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों और इस रूट की जांच पड़ताल कर रही है.
जेसीबी मंगवाकर हाईवे से हटाई गई बस
सड़क के बीचों-बीच बस के पलटने की वजह से एनएच-31 पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया था. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. स्थिति को कंट्रोल करने के लिए थाना अध्यक्ष पंकज आनंद ने तुरंत एक जेसीबी मशीन मंगवाई. जेसीबी की मदद से पलटी हुई बस को खींचकर किनारे करवाया गया, जिसके बाद हाईवे पर ट्रैफिक को धीरे-धीरे सुचारू किया जा सका.
ये भी पढ़ें:- वायुसेना का ट्रांसपोर्ट प्लेन असम के जोरहाट में क्रैश, लगी आग, दो हिस्सों में बंटा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं