विज्ञापन
This Article is From Feb 01, 2026

जिस पत्नी ने जेल भिजवाया, जमानत पर आते ही पति ने गला घोंटकर ले ली उसकी जान

पति महज एक सप्ताह पहले ही जेल से जमानत पर रिहा होकर आया था. उसे आरती की शिकायत पर ही पुलिस ने गिरफ्तार किया था, और इसी खुन्नस व रंजिश को पालते हुए उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.

जिस पत्नी ने जेल भिजवाया, जमानत पर आते ही पति ने गला घोंटकर ले ली उसकी जान
  • नालंदा जिले के मेहनौर गांव में शराब और जुए की लत में डूबे पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या की है.
  • आरोपी पति मिथलेश यादव एक सप्ताह पहले जेल से जमानत पर रिहा हुआ था और पहले भी गिरफ्तार हो चुका था.
  • मृतका आरती देवी अपने दो बच्चों के भविष्य के लिए मेहनत-मजदूरी करती थी और पुलिस की मदद ले चुकी थी.

बिहार के नालंदा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब और जुए की लत में डूबे एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. दीपनगर थाना क्षेत्र के मेहनौर गांव में शनिवार की रात मिथलेश यादव नामक व्यक्ति ने अपनी 31 वर्षीया पत्नी आरती देवी का गला घोंटकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया.

रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह है कि आरोपी पति महज एक सप्ताह पहले ही जेल से जमानत पर रिहा होकर आया था. उसे आरती की शिकायत पर ही पुलिस ने गिरफ्तार किया था, और इसी खुन्नस व रंजिश को पालते हुए उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.

मृतका के भाई चंदेश्वर प्रसाद ने बताया कि 2012 में हुई इस शादी के कुछ समय बाद ही पति का नशेड़ी और जुआरी चेहरा सामने आ गया था. आरती अपने दो बच्चों के भविष्य के लिए संघर्ष कर रही थी और मेहनत-मजदूरी कर घर चलाती थी. आरोपी पति अक्सर नशे में उसके साथ मारपीट करता था, जिससे तंग आकर आरती ने पुलिस की मदद ली थी. जेल से छूटने के बाद आरोपी ने शनिवार रात नशे की हालत में घर लौटकर पत्नी को कमरे में बंद किया, पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की और फिर दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी जान ले ली.

परिजनों ने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया कि आरती ने दो बच्चों के बाद ऑपरेशन करवा लिया था ताकि वह उन्हें अच्छे से पढ़ा-लिखा सके, लेकिन आरोपी पति इस बात से भी नाराज रहता था. इस हत्याकांड के बाद आरोपी गांव से फरार हो गया है. मृतका की मां ने अपने दामाद समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.

दीपनगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजमिण ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पीछे छूट गए दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठने के बाद अब उनके भविष्य पर सवालिया निशान लग गया है.

ये भी पढ़ें : बिहार में मोबाइल चोरी के शक में महिला की पिटाई, बाल खींचे और जड़े थप्पड़ ही थप्पड़

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Nalanda News, Nalanda Wife Murder, Drunk Husband, Husband Murdered Wife
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com