विज्ञापन
This Article is From May 06, 2017

संपत्ति विवाद के बीच शहाबुद्दीन, लालू की फोन पर कथित बातचीत का ऑडियो जारी, गरमाई राजनीति

राजद के विवादास्पद नेता मोहम्मद शहाबुद्दीन द्वारा सीवान जिला जेल से पुलिस की कार्यशैली के बारे में पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद से फोन पर शिकायत करने का कथित ऑडियो बाहर आने के बाद आज बिहार में राजनीति गरमा गई. विपक्षी दल भाजपा ने इस पूरे घटनाक्रम के दौरान लालू के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने, चारा घोटाला मामले में उन्हें मिली सशर्त जमानत के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में अपील दायर करने की मांग करते हुए इस संबंध में राज्यपाल रामनाथ कोविंद को एक ज्ञापन सौंपा.

संपत्ति विवाद के बीच शहाबुद्दीन, लालू की फोन पर कथित बातचीत का ऑडियो जारी, गरमाई राजनीति
विपक्षी दल भाजपा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लालू पर कार्रवाई की मांग की है...
  • BJP ने मांगा नीतीश का इस्तीफा, राज्यपाल रामनाथ कोविंद को ज्ञापन सौंपा
  • एक निजी टीवी समाचार चैनल ने कथित बातचीत का ऑडियो टेप जारी किया
  • शहाबुद्दीन सीवान के पुलिस अधीक्षक के खिलाफ लालू से शिकायत कर रहे हैं
पटना: राजद के विवादास्पद नेता मोहम्मद शहाबुद्दीन द्वारा सीवान जिला जेल से पुलिस की कार्यशैली के बारे में पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद से फोन पर शिकायत करने का कथित ऑडियो बाहर आने के बाद शनिवार को बिहार में राजनीति गरमा गई. विपक्षी दल भाजपा ने इस पूरे घटनाक्रम के दौरान लालू के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने, चारा घोटाला मामले में उन्हें मिली सशर्त जमानत के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में अपील दायर करने की मांग करते हुए इस संबंध में राज्यपाल रामनाथ कोविंद को एक ज्ञापन सौंपा.

एक निजी टीवी समाचार चैनल ने लालू प्रसाद की मोहम्मद शहाबुद्दीन के साथ फोन पर हुई कथित बातचीत का आज ऑडियो टेप जारी किया, जिसमें शहाबुद्दीन रामनवमी के अवसर पर सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं किए जाने को लेकर सीवान के पुलिस अधीक्षक के खिलाफ लालू से शिकायत कर रहे हैं. शहाबुद्दीन को लालू से कथित रूप से यह कहते हुए सुना गया कि एसपी 'खत्तम' है और सीवान में उक्त अवसर पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण कुछ स्थानों पर हिंसा की घटना हुई. इस कथित ऑडियो टेप में राजद प्रमुख को कहां हिंसा हुई है यह पूछते हुए तथा अपने सहयोगी से सीवान के पुलिस अधीक्षक को फोन लगाने को कहते हुए सुना जा सकता है.

इससे पूर्व राजद के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद जगदानंद सिंह ने पटना शहर के दस सकुर्लर रोड स्थित लालू की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास से निकलने के दौरान पत्रकारों से बातचीत की और कहा, "शहाबुद्दीन पार्टी के सदस्य हैं और उनसे बातचीत करना कोई अपराध नहीं है." जदयू प्रवक्ता उपेन्द्र प्रसाद हालांकि इस मामले में कोई प्रतिक्रिया देने से बचते नजर आए. प्रसाद ने स्वयं अपना उदाहरण देते हुए कहा कि यदि किसी राजनेता को पता नहीं है कि कोई किस मकसद से फोन कर रहा है, तो वह फोन उठा ही लेंगे. शहाबुद्दीन करीब 40 आपराधिक मामलों में नामजद जिसमें हाल में राजदेव रंजन नामक एक पत्रकार की हत्या भी शामिल है. शहाबुद्दीन उच्चतम न्यायालय के निर्देश में वर्तमान में दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद है.

भाजपा ने इस मुद्दे को जोरशोर से उछाला है. भाजपा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कहा कि वह अपनी चुप्पी तोड़कर अपने सहयोगी लालू प्रसाद की जेल में बंद गैंगस्टर मोहम्मद शाहबुद्दीन से कथित टेलीफोन पर बातचीत को लेकर लालू के खिलाफ कार्रवाई करें. केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद पर हत्या के दोषी और 30 से ज्यादा गंभीर मामलों के आरोपी एक शख्स के साथ बेशर्मी से मेलजोल रखकर कानून तोड़ने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि यह घटनाक्रम संवैधानिक अनौचित्य का मामला है.

उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "नीतीश कुमार जी, अपराध हुआ है . क्या आप अपने सहयोगी लालू प्रसाद के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही शुरू करने जा रहे हैं?" बिहार भाजपा के अध्यक्ष नित्यानंद राय ने नीतीश के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि लालू-शाहबुद्दीन की बातचीत वाली खबर ने बिहार में अपराधियों और सरकार की सांठगांठ को उजागर कर दिया है. रविशंकर प्रसाद ने इस मौके पर सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ एकता प्रदर्शित करने की कोशिशों पर विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lalu-Shahabuddin Audio Tape Controversy, Rashtriya Janata Dal (RJD), RJD Chief Lalu Prasad, Journalist Rajdeo Ranjan, Mohammed Shahabuddin
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com