- बिहार MLC की पटना स्नातक सीट पर JDU विधायक अनंत सिंह ने अपनी पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध किया है
- अनंत सिंह ने जन सुराज के उम्मीदवार अनुज कुमार सिंह को समर्थन देने का ऐलान करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस की
- उन्होंने कहा कि यह मामला पार्टी का नहीं बल्कि उनका और नीरज कुमार का व्यक्तिगत विवाद है
बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक सीट पर चुनावी मुकाबला दिलचस्प होता नजर आ रहा है. JDU विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जन सुराज के प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह को खुला समर्थन देने का ऐलान किया है. उन्होंने साफ कहा कि यह पार्टी का नहीं बल्कि उनका और नीरज कुमार का व्यक्तिगत मामला है. उनका आरोप है कि पहले नीरज कुमार ने उनका विरोध किया था, इसलिए अब वह उनके खिलाफ चुनाव प्रचार करेंगे.
अनंत सिंह ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
बिहार विधान परिषद पटना स्नातक सीट से JDU उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ चुनाव लड़ रहे जन सुराज के उम्मीदवार अनुज कुमार सिंह के समर्थन में JDU के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. अनंत सिंह ने कहा कि 1 तारीख को अनुज कुमार सिंह का नामांकन है. उनके नामांकन के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं. इसके बाद पूरे इलाके में उनके लिए चुनाव प्रचार करेंगे और वोट मांगेंगे.
यह पार्टी का चुनाव नहीं है. पार्टी ने हमें कुछ नहीं कहा है. यह मेरा और नीरज कुमार का व्यक्तिगत मामला है. नीरज कुमार ने मेरा विरोध किया था, इसलिए हम उनके चुनाव में विरोध करेंगे. हमें इससे कोई मतलब नहीं कि कौन चुनाव लड़ रहा है. हम अनुज कुमार सिंह का पूरी तरह समर्थन करेंगे और उनके लिए पूरे इलाके में वोट मांगेंगे.
'नीरज कुमार ने किया था हमारा विरोध'
पार्टी की ओर से कार्रवाई के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि नीरज कुमार ने हमारा विरोध किया था. क्या नीरज कुमार के खिलाफ कोई कार्रवाई हुई, नीरज कुमार ने ललन सिंह का विरोध किया था, क्या पार्टी ने नीरज कुमार के खिलाफ कोई कार्रवाई की.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जन सुराज के पटना स्नातक सीट से उम्मीदवार अनुज कुमार सिंह भी मौजूद थे. उन्होंने कहा कि 1 तारीख को नामांकन करेंगे. आप लोग हमारे लिए समर्थन करें.
यह भी पढ़ें: बिहार के जमुई, समस्तीपुर और बांका में लड़कियों से बदसलूकी पर जाति क्यों पड़ रही भारी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं