- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में मंदिरी नाले पर बनी नई सड़क का उद्घाटन किया
- इस सड़क का नाम बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के पिता और पूर्व विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के नाम पर रखा गया
- सड़क का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था और यह नितिन नवीन के ड्रीम प्रोजेक्ट में से एक था
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना में एक सड़क का उद्घाटन किया. इसका नाम भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन के पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के नाम पर रखा गया है. नितिन नवीन के पिता बीजेपी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व विधायक थे. आज नवीन सिन्हा की 77वीं जयंती पर पटना में कई कार्यक्रमों का आयोजन हुआ. नितिन नवीन ने आज पटना के नवीन सिन्हा पार्क जाकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि दी और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. लेकिन, आज एक बड़ा आयोजन पटना के मंदिरी इलाके में एक नई सड़क का उद्घाटन रहा जिसके कार्यक्रम में नितिन नवीन ने पुराने दिनों को याद किया और भावुक हो गए.

पिता की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देते नितिन नवीन
Photo Credit: IANS
नितिन नवीन का ड्रीम प्रोजेक्ट
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में मंदिरी नाले पर बनी सड़क का उद्घाटन किया. इस कार्यक्रम में नितिन नवीन, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव के साथ कई नेता और अधिकारी मौजूद रहे.
यह सड़क नितिन नवीन के ड्रीम प्रोजेक्ट में से एक रही है. उन्होंने बतौर बांकीपुर विधायक रहते हुए इस प्रोजेक्ट पर काफी काम किया था. इसका शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था. सड़क का नामकरण उनके पिता के नाम पर किया गया. अब यह रोड नवीन किशोर सिन्हा पथ के नाम से जाना जाएगा.
नितिन नवीन ने उद्घाटन के दौरान कहा, "आज का दिन मेरे लिए विशेष है. मेरे पिता नवीन किशोर सिन्हा का सपना पूरा हो रहा है. मुझे खुशी है कि पूर्व सीएम नीतीश जी ने सहयोग किया और योजना आगे बढ़ी. सीएम सम्राट चौधरी को पता होगा कि 2020 में आपने इसी नाले पर एक सभा की थी, तब हमने कहा था कि बहुत जल्द मंदिरी नाले पर सड़क बनेगी. आज सीएम सम्राट के नेतृत्व में ये बन कर तैयार हुआ."
VIDEO | Bihar CM Samrat Choudhary (@samrat4bjp), BJP National President Nitin Nabin (@NitinNabin) inaugurate Mandiri Nala road in Patna.
— Press Trust of India (@PTI_News) May 11, 2026
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/Fk572ayCtQ
सीएम सम्राट चौधरी ने किया याद
उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी नितिन नवीन के पिता को याद किया. उन्होंने कहा," नवीन किशोर सिन्हा पथ उद्घाटन समारोह में मैं भगवान से कामना करता हूं कि नवीन किशोर जहां भी है हमें आशीर्वाद देते रहें. मैं पिछले 40साल से इस शहर को देख रहा हूं. मेरे पिताजी भी बगल में वीर चंद पटेल पथ में रहते थे. यह नाला पूरे इलाके के लिए अभिशाप था. मैं पूर्व सीएम नीतीश जी को भी धन्यवाद देता हूं कि मंदिरी नाले का जीर्णोद्धार हुआ और आज यह फोर लेन सड़क बन गया.
3 लाख लोगों को होगा लाभ
मंदिरी नाले पर सड़क बनने से पटना के लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी. अब लोग इनकम टैक्स गोलंबर से सीधे गंगा पथ जा सकेंगे. इससे शहर वासियों को PMCH, NMCH, गायघाट, कंगाघाट, गुरुद्वारा और दीदारगंज आने-जाने में सुविधा होगी.
इस नाले पर बनी सड़क का सीधा फायदा 3 लाख से अधिक लोगों को मिलेगा. यह सड़क पटना के नेहरू पथ पर तारामंडल से शुरू होगी और जेपी गंगा पथ से मिलकर समाप्त होगी. इस रोड की कुल लंबाई 1289 मीटर है. इसके अतिरिक्त 3.5 मीटर का सर्विस रोड का भी निर्माण किया गया है.
ये भी पढ़ें-: बिहार में जमीन खरीदने-बेचने के नियम बदल जाएंगे! रजिस्ट्री से पहले खरीददार को मिलेगी जमीन की पूरी कुंडली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं