Bihar News: बिहार में पटना के फुलवारीशरीफ से एक मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना एक महिला को भारी पड़ गया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है.
बताया जा रहा है कि महिला ने एक वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया था. इस वीडियो में बिहार के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, एक विधायक और देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था. वीडियो सामने आने के बाद यह तेजी से फैल गया और विवाद बढ़ गया.
शिकायत के बाद पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
मामले को लेकर मानवाधिकार परिषद NGO की उपाध्यक्ष रूही सिंह ने फुलवारीशरीफ थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को दानापुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी महिला की पहचान पूजा यादव के रूप में हुई है, जो फुलवारीशरीफ के रानीपुर की रहने वाली बताई जा रही है. महिला खुद को एक राजनीतिक दल से जुड़ा हुआ बताती है और सांसद पप्पू यादव तथा RJD का समर्थक होने का दावा करती है.
थाने में पूछताछ जारी, आगे की जांच जारी
गिरफ्तारी के बाद महिला को फुलवारीशरीफ थाने लाया गया है, जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर वीडियो वायरल करने के मामले में कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है.
थानाध्यक्ष गुलाम शहवाज आलम ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच जारी है. वहीं समाजसेवी रूही सिंह का कहना है कि इस तरह की भाषा समाज में गलत संदेश देती है, इसलिए कार्रवाई जरूरी थी. अब इस मामले में आगे क्या कानूनी कदम उठाए जाएंगे, यह जांच पूरी होने के बाद साफ हो पाएगा.
यह भी पढ़ें- Rajasthan: RGHS हेल्थ स्कीम में तेजी, एक दिन में रिकॉर्ड 43 हजार से ज्यादा ट्रांजेक्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं